Bilaspur news-"महिला कमांडो पर प्राण घातक हमला""गांव में शराब गांजा बंद कराते हो बोलकर आरोपी ने किया"" जानलेवा हमला,,,12 घंटे मे पुलिस ने किया""आरोपी को गिरफ्तार,,,
शेख असलम की रिपोर्ट,,,,,
बिलासपुर /जांजगीर-चांपा-जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में महिला कमांडो दल पर प्राणघातक हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी द्वारा बांस के डंडे से हमला कर महिला कमांडो सदस्य को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा और पहने हुए कपड़े भी बरामद कर लिए हैं।
गांव में शराब-गांजा बंद कराने को लेकर भड़का आरोपी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 16 फरवरी 2026 की सुबह लगभग 8 बजे अष्टमुर्ति स्कूल के सामने मांझापारा खरौद निवासी जयकुमार आदित्य उर्फ बादशाह (22 वर्ष) महिला कमांडो दल के सदस्यों को अश्लील गालियां दे रहा था। महिला कमांडो सदस्यों द्वारा विरोध करने और गाली-गलौज से मना करने पर आरोपी भड़क गया। उसने यह कहते हुए धमकी दी कि “तुम लोग गांव में शराब और गांजा बंद कराते हो, जान से मारकर फेंक दूंगा।”
इसी दौरान आरोपी ने हत्या की नीयत से बांस के डंडे से महिला कमांडो सदस्यों पर हमला कर दिया। इस हमले में प्रार्थिया राजकुमारी आदित्य निवासी मांझापारा खरौद को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना शिवरीनारायण में अपराध क्रमांक 62/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराएं 109(1), 296, 351(3) और 115(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एसपी के निर्देश पर बनी विशेष टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए विजय कुमार पाण्डेय (पुलिस अधीक्षक, जांजगीर-चांपा) ने तत्काल विशेष टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में थाना शिवरीनारायण पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी जयकुमार आदित्य को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा बरामद किया गया। विधिवत कार्रवाई के बाद 16 फरवरी 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक आर.पी. बघेल, आरक्षक नितिन द्विवेदी, विकास शर्मा, दिनेश चौहान, यशवंत पाटले सहित थाना शिवरीनारायण स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और सामाजिक रूप से सक्रिय महिला कमांडो दल की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें