Bilaspur news-"दर्दनाक सड़क हादसा, माजदा ट्रक से टकराई बाइक, 3 की मौत, 2 बच्चे घायल,,,
शेख असलम की रिपोर्ट,,,,
दुर्ग जिले में दर्दनाक सड़क हादसा, माजदा ट्रक से टकराई बाइक, 3 की मौत, 2 बच्चे घायल
बिलासपुर /दुर्ग-आज दिनांक 07 फरवरी 2026, समय करीब शाम 4:00 बजे, दुर्ग जिले के ग्राम फुलझर स्थित बोल बम धानांस इंजीनियरिंग स्टील कंपनी के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे से करीब 02 किलोमीटर अंदर माजदा ट्रक के पीछे जा रही एक मोटरसाइकिल टकरा गई, जिससे मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 BV 6467 में कुल 05 लोग सवार थे, जो ग्राम थनौद (दुर्ग) से मड़ई होते हुए ग्राम जराही जा रहे थे। जैसे ही वे ग्राम फुलझर के पास बोल बम धानांस इंजीनियरिंग स्टील कंपनी के सामने पहुंचे, तभी उनकी मोटरसाइकिल माजदा ट्रक क्रमांक CG 07 BM 6153 के पिछले हिस्से से जा टकराई।
हादसा इतना भयावह था कि मोटरसाइकिल चालक सूरज यादव (24 वर्ष), पिता नंदकुमार यादव, निवासी ग्राम थनौद, दुर्ग, तथा उनके साथ सवार दो नाबालिग बच्चों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं हादसे में घायल हुए दो बच्चों को तत्काल उपचार हेतु दुर्ग के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घायलों की पहचान इस प्रकार है—
राहुल यादव, पिता मनोज यादव, उम्र 11 वर्ष, निवासी ग्राम थनौद, दुर्ग
ईशान यादव, पिता सुरेश यादव, उम्र 8 वर्ष, निवासी ग्राम थनौद, दुर्ग
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। दुर्घटनाग्रस्त माजदा ट्रक को थाने में जब्त कर लिया गया है। वहीं घटनास्थल से मोटरसाइकिल के पास शराब की बोतल भी बरामद होने की बात सामने आई है, जिसे पुलिस जांच का हिस्सा बना रही है।
पुलिस ने बताया कि ट्रक चालक के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और हादसे के कारणों की गहन जांच की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें, क्षमता से अधिक सवारी न करें और नशे की हालत में वाहन चलाने से बचें, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें