Bilaspur news-"मुक्तिधाम उपकेंद्र में 3.15 एमवीए का अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर स्थापित,,,,करीब 6 हजार उपभोक्ताओं को मिलेगा निर्बाध और उच्च गुणवत्ता वाली बिजली आपूर्ति
शेख असलम की रिपोर्ट,,,,
बिलासपुर-छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड द्वारा विद्युत उपभोक्ताओं की सुविधाओं में निरंतर सुधार और आगामी ग्रीष्म ऋतु में बढ़ने वाली मांग को ध्यान में रखते हुए जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी उपकेंद्रों में ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि का कार्य प्राथमिकता से किया जा रहा है। इसी क्रम में सरकंडा स्थित मुक्तिधाम 33/11 के.व्ही. उपकेंद्र में 69 लाख रुपये की लागत से 3.15 एमवीए क्षमता का अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर स्थापित कर उर्जीकृत किया गया है।
इस नए ट्रांसफार्मर के स्थापित होने से उपकेंद्र की कुल क्षमता 5 एमवीए से बढ़कर 8.15 एमवीए हो गई है। यह उपकेंद्र नगर संभाग-दो (नेहरू नगर) के अंतर्गत संचालित होता है। क्षमता वृद्धि के बाद क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति अधिक स्थिर, संतुलित और बाधारहित होगी।
6 हजार उपभोक्ताओं को सीधा लाभ
नगर संभाग-दो (नेहरू नगर) के कार्यपालन अभियंता बी.बी. नेताम ने जानकारी देते हुए बताया कि अतिरिक्त 3.15 एमवीए ट्रांसफार्मर के उर्जीकरण से सीपत चौक, वीआईपी कॉलोनी, बुधिया कॉम्प्लेक्स, चटर्जी गली, बंगाली पारा, जबड़ापारा, शिव हनुमान मंदिर, जैन मंदिर और महामाया चौक सहित आसपास के क्षेत्रों के लगभग 6 हजार उपभोक्ताओं को उच्च गुणवत्ता वाली एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी। इससे ओवरलोडिंग की समस्या में कमी आएगी और बार-बार होने वाले ट्रिपिंग व लो-वोल्टेज की समस्या से राहत मिलेगी।
अधिकारियों ने किया लोकार्पण
बिलासपुर क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक ए.के. अम्बस्थ ने स्विच दबाकर नए ट्रांसफार्मर के माध्यम से विद्युत आपूर्ति प्रारंभ की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। आगामी गर्मी के मौसम में बढ़ती खपत को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है, जिससे क्षेत्र में सुचारू विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने इस कार्य को सफलतापूर्वक पूर्ण कराने पर नगर वृत्त बिलासपुर के अधीक्षण अभियंता पी. श्रीनिवास राजू, कार्यपालन अभियंता मिलिंद पाण्डेय, सहायक अभियंता संचारी सिंह, छाया जीनस, बी.बी. जायसवाल, कनिष्ठ अभियंता संतोष देवांगन, कु. कल्याणी वर्मा, प्रदीप साहू तथा एस.टी.एम. व एच.टी. (मेंटेनेंस) टीम की सराहना की।
गर्मी में राहत की उम्मीद
विद्युत कंपनी के इस प्रयास से सरकंडा क्षेत्र में गर्मी के दौरान बिजली की बढ़ती मांग को संतुलित करने में मदद मिलेगी। साथ ही उपभोक्ताओं को बेहतर वोल्टेज और कम फॉल्ट की सुविधा मिलेगी, जिससे घरेलू, व्यावसायिक और सामाजिक गतिविधियां प्रभावित नहीं होंगी।
कुल मिलाकर, यह परियोजना क्षेत्रीय विद्युत ढांचे को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें