Bilaspur news-"ACB की बड़ी ट्रैप कार्रवाई"" फूड इंस्पेक्टर 90 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार,,,,
शेख असलम की रिपोर्ट,,,,,
ACB की बड़ी ट्रैप कार्रवाई"" फूड इंस्पेक्टर 90 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
बिलासपुर /मस्तूरी -आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (एसीबी) बिलासपुर इकाई ने जिले में बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए मस्तूरी क्षेत्र के फूड इंस्पेक्टर श्याम वस्त्रकार को 90 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एक स्व सहायता समूह को शासकीय उचित मूल्य की दुकान आवंटित करवाने के एवज में एक लाख रुपये की मांग की थी।
शिकायत के बाद रची गई ट्रैप की योजना
डीएसपी एसीबी बिलासपुर अजितेश सिंह ने बताया कि ग्राम विद्याडीह, थाना मस्तूरी निवासी महेंद्र पटेल ने 3 फरवरी 2026 को एसीबी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि ग्राम विद्याडीह की शासकीय उचित मूल्य की दुकान वर्तमान में पंचायत द्वारा संचालित की जा रही है। उक्त दुकान को “शैल स्व सहायता समूह, विद्याडीह” को आवंटित करने हेतु लगभग तीन माह पूर्व एसडीएम कार्यालय मस्तूरी में आवेदन दिया गया था।
समूह के पदाधिकारियों ने महेंद्र पटेल को इस संबंध में प्रयास करने को कहा। जब महेंद्र पटेल ने फूड इंस्पेक्टर श्याम वस्त्रकार से संपर्क किया तो आरोपी ने एसडीएम के समक्ष जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने और दुकान का आबंटन आदेश जारी करवाने के एवज में 1 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की।
महेंद्र पटेल रिश्वत देने के पक्ष में नहीं थे और उन्होंने एसीबी से संपर्क कर आरोपी को रंगे हाथ पकड़वाने की इच्छा जताई।
सत्यापन के बाद रंगे हाथ गिरफ्तारी
एसीबी द्वारा शिकायत का सत्यापन कराया गया, जो सही पाई गई। इसके बाद ट्रैप की योजना तैयार की गई। 21 फरवरी 2026 को प्रार्थी को 90 हजार रुपये की व्यवस्था कर आरोपी को देने भेजा गया। आरोपी ने अपने महावीर सिटी, बिलासपुर स्थित आवास पर प्रार्थी से 90 हजार रुपये की रिश्वत राशि लेते ही एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
आरोपी से रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली गई है। उसके विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। आरोपी के आवास पर सर्च कार्रवाई भी जारी है।
इस साल की चौथी ट्रैप कार्रवाई
गौरतलब है कि एसीबी बिलासपुर द्वारा हाल ही में तहसीलदार, पटवारी, एसडीएम के बाबू तथा सीएसपीडीसीएल के अधिकारी-कर्मचारी सहित अन्य चार आरोपियों को भी ट्रैप किया जा चुका है। वर्ष 2026 में यह बिलासपुर इकाई की लगातार चौथी बड़ी ट्रैप कार्रवाई है।
एसीबी ने अपील की है कि किसी भी विभाग के लोकसेवक द्वारा रिश्वत की मांग किए जाने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराएं, ताकि भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें