Bilaspur news-"फायर सीजन से पहले ही जंगल में भड़की आग, सीतानदी रेंज में हड़कंप,,,,
शेख असलम की रिपोर्ट,,,,
फायर सीजन से पहले ही जंगल में भड़की आग, सीतानदी रेंज में हड़कंप
बिलासपुर /धमतरी -जिले के उदन्ती सीतानदी टाइगर रिजर्व अंतर्गत सीतानदी रेंज के जंगलों में फायर सीजन शुरू होने से ठीक पहले भीषण आग लगने की घटना सामने आई है। आग घठुला से बोरई मुख्य मार्ग किनारे स्थित अंगिरा ऋषि पहाड़ी के नीचे जंगल क्षेत्र में लगी, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
आग की ऊंची लपटें और घना धुआं दूर से ही नजर आ रहा था। जंगल में सूखी घास और पत्तियों के कारण आग तेजी से फैलने लगी। सूचना मिलते ही टाइगर रिजर्व के फॉरेस्ट गार्ड शिवा शुक्ला वन चौकीदारों के साथ मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने के लिए मशक्कत शुरू की। वन अमला फायर लाइन बनाकर और पारंपरिक साधनों की मदद से आग बुझाने में जुटा रहा।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आशंका जताई जा रही है कि पास के खेतों में पराली या झाड़ियों में आग लगाने के कारण आग पहाड़ी के नीचे जंगल क्षेत्र तक पहुंच गई। हालांकि वन विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि हर वर्ष 15 फरवरी से 15 जून तक चार माह का फायर सीजन घोषित रहता है। इस दौरान जंगलों को आग से बचाने के लिए विशेष सतर्कता बरती जाती है और फायर वॉचरों की नियुक्ति भी 15 फरवरी से की जाती है। लेकिन फायर सीजन शुरू होने से पहले ही आग की इस घटना ने वन विभाग की चिंताएं बढ़ा दी हैं।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि खेतों या जंगल के आसपास आग न लगाएं और किसी भी प्रकार की आगजनी की सूचना तत्काल वन अमले को दें, ताकि समय रहते नुकसान को रोका जा सके।
फिलहाल आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें