Bilaspur news-"सड़क दुर्घटना पीड़ितों को मिलेगा 1.50 लाख तक कैशलेस इलाज""PM-RAHAT योजना लागू,,,,,
शेख असलम की रिपोर्ट,,,,
सड़क दुर्घटना पीड़ितों को मिलेगा 1.50 लाख तक कैशलेस इलाज, PM-RAHAT योजना लागू
बिलासपुर- सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को समय पर इलाज उपलब्ध कराने के लिए भारत सरकार की महत्वपूर्ण योजना PM-RAHAT (Road Accident Victim Hospitalization and Assured Treatment) को बिलासपुर जिले में प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय बिलासपुर द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी गई है।
जारी जानकारी के अनुसार, सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर के दौरान तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह योजना संचालित की जा रही है। योजना के तहत दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अधिकतम 7 दिनों तक या 1.50 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा प्रदान की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, योजना के सुचारू संचालन के लिए जिले के अस्पतालों को आवश्यक प्रशिक्षण दिया जा चुका है। साथ ही राज्य स्तर पर पुनः प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किया जा रहा है, ताकि दुर्घटना पीड़ितों को तुरंत चिकित्सा सुविधा मिल सके और गंभीर स्थिति में उनकी जान बचाई जा सके।
CMHO कार्यालय ने बताया कि इस योजना के तहत सरकारी और निजी अस्पतालों को पंजीकृत किया गया है, जहां दुर्घटना में घायल मरीजों का उपचार किया जाएगा। इनमें प्रमुख रूप से जिला अस्पताल बिलासपुर, सिम्स बिलासपुर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तखतपुर, बिल्हा, मस्तूरी और कोटा सहित कई सरकारी अस्पताल शामिल हैं।
इसके अलावा कई निजी अस्पतालों को भी योजना से जोड़ा गया है, जिनमें आरबी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, अंकुर ट्रॉमा केयर नर्सिंग होम, आरोग्य हॉस्पिटल, अर्पा मेडसिटी हॉस्पिटल, बर्न ट्रॉमा रिसर्च सेंटर, केयर एन क्योर मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, गजानन स्मृति चिकित्सालय, लालचंदानी हॉस्पिटल, लाइफ केयर हॉस्पिटल, मेडिबोन हॉस्पिटल, मुंद्रा हॉस्पिटल, न्यू जनता हॉस्पिटल, न्यू वंदना हॉस्पिटल, नोबल हॉस्पिटल, प्रभा हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर, रामकृष्ण हॉस्पिटल, संजीवनी हॉस्पिटल रिसर्च सेंटर, शिवांगी हॉस्पिटल, श्री श्याम मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, श्रीराम केयर हॉस्पिटल, श्री शाह न्यूरो हॉस्पिटल, यूनिटी हॉस्पिटल और यूनिटी स्माइल ट्रॉमा केयर हॉस्पिटल सहित कुल 37 अस्पताल शामिल हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने जनसंपर्क विभाग के माध्यम से सभी समाचार पत्रों से अपील की है कि इस योजना की जानकारी व्यापक रूप से प्रकाशित की जाए, ताकि सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को समय पर उपचार मिल सके और अधिक से अधिक लोग इस योजना का लाभ उठा सकें।
CMHO बिलासपुर ने कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को तत्काल और निशुल्क उपचार उपलब्ध कराकर उनकी जान बचाना है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें