Bilaspur news -"मानवता की मिसाल—घायल वृद्ध महिला को पहुंचाया अस्पताल"""47 हजार रुपए सुरक्षित पुलिस को सौंपे,,,,
शेख असलम की रिपोर्ट,,,,
मानवता की मिसाल—घायल वृद्ध महिला को पहुंचाया अस्पताल, 47 हजार रुपए सुरक्षित पुलिस को सौंपे
बिलासपुर -शहर में एक बार फिर इंसानियत की मिसाल देखने को मिली, जहां सड़क हादसे में घायल हुई एक वृद्ध महिला की मदद के लिए राहगीरों और पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाई। घटना सुबह करीब 7:00 से 7:30 बजे के बीच सिम्स चौक के पास की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, एक अज्ञात वाहन ने सड़क पार कर रही वृद्ध महिला को जोरदार ठोकर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत मदद का हाथ बढ़ाया और मानवता का परिचय दिया।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक रमजान खान ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। उनके साथ मौजूद दो सगी बहनों ने भी घायल महिला की सहायता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी ने मिलकर घायल वृद्धा को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
घायल महिला को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
हादसे के दौरान महिला के पास से एक बड़ी रकम भी बरामद हुई। जांच में पता चला कि महिला के सलवार से करीब 47 हजार रुपये नगद मिले। ईमानदारी का परिचय देते हुए मददगारों ने यह पूरी रकम सिम्स चौकी पुलिस को सुरक्षित रूप से सुपुर्द कर दी।
इस मानवीय कार्य में जिन लोगों ने सहयोग किया, उनमें मोहम्मद रमजान, प्रकाश वर्मा, ज्ञानू वस्त्रकर, आर.पी. बंजारे और लियाकत खान शामिल हैं। सभी की सराहना शहरभर में की जा रही है।वहीं, पुलिस ने घायल महिला की पहचान और परिजनों की तलाश के लिए सोशल मीडिया के माध्यम से अपील जारी की है, ताकि जल्द से जल्द उनके परिजनों को सूचित किया जा सके।इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि मुश्किल वक्त में इंसानियत आज भी जिंदा है और समाज में मदद करने वाले लोगों की कमी नहीं है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें