Bilaspur news-"वैभवी के ‘वैभव’ से गौरवान्वित हुआ छत्तीसगढ़, UPSC में 35वीं रैंक पर पुलिस कमिश्नर ने किया सम्मान,,,,,
शेख असलम की रिपोर्ट,,,,,
वैभवी के ‘वैभव’ से गौरवान्वित हुआ छत्तीसगढ़, UPSC में 35वीं रैंक पर पुलिस कमिश्नर ने किया सम्मान
बिलासपुर /रायपुर-UPSC 2025 के परिणाम में ऑल इंडिया 35वीं रैंक हासिल कर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाली वैभवी अग्रवाल को सम्मानित करने के लिए संजीव शुक्ला , पुलिस कमिश्नर रायपुर , स्वयं उनके निवास स्थान पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने वैभवी अग्रवाल को शॉल, श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने कहा कि वैभवी अग्रवाल की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, लगन और दृढ़ संकल्प से ही इस तरह की सफलता हासिल होती है और वैभवी ने अपनी मेहनत से यह साबित कर दिया है।
डॉ. शुक्ला ने उम्मीद जताई कि वैभवी आने वाले समय में प्रशासनिक सेवा में रहते हुए समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगी। उन्होंने युवाओं को भी वैभवी से प्रेरणा लेने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर मेहनत करने की सलाह दी।
इस सम्मान समारोह के दौरान डीसीपी (नॉर्थ) मयंक गुर्जर तथा एडिशनल डीसीपी (मुख्यालय) अर्चना झा सहित पुलिस कमिश्नरी के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने वैभवी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वैभवी अग्रवाल की इस सफलता से प्रदेश के युवाओं में नई प्रेरणा और उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। उनके इस शानदार प्रदर्शन से छत्तीसगढ़ का गौरव पूरे देश में और बढ़ा है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें