Bilaspur news-"लिंगियाडीह महाधरना स्थल से नेताओं को अमित जोगी ने दी सलाह" उद्योगपतियों का चाहिए पैसा या गरीबों की आह,,,,
शेख असलम की रिपोर्ट,,,,,
बिलासपुर-लिंगियाडीह क्षेत्र के प्रभावित परिवारों के समर्थन में चल रहे महाधरना को लेकर Amit Jogi ने नेताओं और जनप्रतिनिधियों को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें यह तय करना होगा कि वे उन लोगों के लिए नेतृत्व करेंगे जिन्होंने वोट देकर उन्हें चुना है या फिर भू-माफियाओं और उद्योगपतियों के लिए काम करेंगे।
धरना स्थल पर पहुंचे अमित जोगी ने कहा कि जनता ने नेताओं को जिस विश्वास के साथ पद पर बैठाया है, उस विश्वास को तोड़ना ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि नेताओं को यह सोचने की जरूरत है कि उन्हें लोगों की आह चाहिए या उद्योगपतियों का पैसा।
अमित जोगी ने कहा कि जिन लोगों ने वोट देकर जनप्रतिनिधियों को नेतृत्व का अवसर दिया है, उनकी अनदेखी करना और उनके अधिकारों को छीनना लोकतंत्र के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि जनता के भरोसे पर खरा उतरना ही सच्ची राजनीति है।
धरना स्थल पर मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कबीर के दोहे भी सुनाए और कहा कि गरीब की आह और बद्दुआ बहुत भारी होती है। अगर किसी गरीब और बेबस व्यक्ति की बद्दुआ लग जाए तो दुनिया की कोई ताकत उस व्यक्ति को तबाह और बर्बाद होने से नहीं बचा सकती।
अमित जोगी ने कहा कि पिछले करीब 15 दिनों से लिंगियाडीह के परिवार अपने अधिकारों और जमीन के मुद्दे को लेकर महाधरना पर बैठे हुए हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान अब तक नहीं हो पाया है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से मांग की कि प्रभावित परिवारों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और जल्द से जल्द न्याय दिलाया जाए।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि होती है और जनता के साथ अन्याय किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जा सकता। नेताओं को चाहिए कि वे जनता के हित में फैसले लें और गरीब व कमजोर वर्गों की आवाज को दबाने की बजाय उनका साथ दें।
धरना स्थल पर मौजूद लोगों ने भी अपनी समस्याएं रखते हुए प्रशासन से जमीन और अधिकारों के मामले में न्याय की मांग की। अमित जोगी ने आश्वासन दिया कि वे इस मुद्दे को मजबूती से उठाएंगे और प्रभावित परिवारों के साथ खड़े रहेंगे।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें