Bilaspur news-"भाजपा का 47वां स्थापना दिवस: बिलासपुर में ध्वजारोहण, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव व सुशांत शुक्ला सहित कई नेताओं की मौजूदगी""कार्यकर्ताओं ने लिया जनसेवा का संकल्प,,,,
शेख असलम की रिपोर्ट,,,,,
बिलासपुर- भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर जिला ग्रामीण भाजपा कार्यालय में भव्य एवं गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पूरे आयोजन में उत्साह और संगठनात्मक ऊर्जा देखने को मिली। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों द्वारा विधिवत ध्वजारोहण से हुई, जिसके बाद उपस्थित कार्यकर्ताओं ने पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में बतौर विशिष्ट अतिथि शामिल हुए,प्रदेश मंत्री प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए,पार्टी के संघर्षपूर्ण इतिहास और बलिदानों को याद किया। उन्होंने कहा कि करोड़ों कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और निष्ठा के बल पर भाजपा आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बनी है। उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया।
वहीं, कार्यक्रम के मुख्य वक्ता बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का संकल्प है। उन्होंने बताया कि 1980 में स्थापना के समय से ही पार्टी ने अंत्योदय के सिद्धांत को अपनाया और आज नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह सोच साकार रूप ले रही है। उन्होंने स्थानीय कार्यकर्ताओं के समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें आगामी सांगठनिक गतिविधियों के लिए प्रेरित किया।
जिलाध्यक्ष मोहित जायसवाल ने अपने उद्बोधन में स्थापना दिवस के अवसर पर मंडल से लेकर बूथ स्तर तक आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा की और संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान पार्टी के महान विभूतियों के तैलचित्रों पर माल्यार्पण किया गया तथा भारत माता की जय और भाजपा जिंदाबाद के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। इस अवसर पर जिला ग्रामीण भाजपा के सभी प्रमुख पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चा-प्रकोष्ठों के अध्यक्ष, सक्रिय कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया तथा मिठाई वितरण कर स्थापना दिवस का उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें