Bilaspur raipur news-"पोल तोड़कर वायर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 4 आरोपी गिरफ्तार,,
शेख असलम की रिपोर्ट,,,,,
पोल तोड़कर वायर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 4 आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर /रायपुर (ग्रामीण)। तिल्दा नेवरा पुलिस ने बिजली वायर चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का खुलासा करते हुए उसके चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने तिल्दा नेवरा और खरोरा क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में बिजली पोल तोड़कर तार चोरी की पांच वारदातों को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 7 लाख रुपये का चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल वाहन जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम कोनारी में किसानों के कृषि पंप कनेक्शन के लिए लगाए गए बिजली लाइन में 13 अप्रैल 2026 तक सब कुछ सामान्य था। लेकिन अगले दिन सुबह निरीक्षण के दौरान पाया गया कि अज्ञात चोरों ने सीमेंट पोल तोड़कर केबल और तार चोरी कर लिए हैं, जिससे पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इस मामले में थाना तिल्दा नेवरा में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और ग्रामीणों से पूछताछ की। साथ ही मुखबिर तंत्र सक्रिय कर पुराने अपराधियों की जानकारी जुटाई गई। इसी दौरान खरोरा निवासी देव प्रसाद पारधी पर संदेह हुआ, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। शुरुआत में उसने पुलिस को गुमराह किया, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपने साथियों मनमोहन नारंग, हेमलाल धृतलहरे और पंकज कुमार टंडन के साथ मिलकर चोरी करना कबूल कर लिया।
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 5500 मीटर एल्यूमिनियम वायर, 30 मीटर केबल वायर, 4 नग वी क्रॉस एंगल, 2 एल्यूमिनियम कटर मशीन, एक ओमनी कार और एक दोपहिया वाहन जब्त किया है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 7 लाख रुपये आंकी गई है।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने वर्ष 2025 में भी तिल्दा नेवरा और खरोरा क्षेत्र में इसी तरह बिजली पोल तोड़कर तार चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। इन मामलों में भी उनके खिलाफ पहले से अपराध दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपी पूर्व में भी विभिन्न मामलों में जेल जा चुके हैं। इनमें देव प्रसाद पारधी पर आबकारी और मारपीट के मामले, पंकज टंडन और हेमलाल धृतलहरे पर डकैती, जबकि मनमोहन नारंग पर दुष्कर्म का मामला दर्ज रहा है।फिलहाल पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस पूरे मामले के खुलासे में तिल्दा नेवरा पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें