Bilaspur news-"“सरकार की आर्थिक नीतियां पूरी तरह विफल”, ईंधन और सोने की कीमतों पर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन,,,,
शेख असलम की रिपोर्ट,,,
पेट्रोल-डीजल और महंगाई पर कांग्रेस का हमला, बिलासपुर में उमेश पटेल ने केंद्र सरकार को घेरा
“सरकार की आर्थिक नीतियां पूरी तरह विफल”, ईंधन और सोने की कीमतों पर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन
बिलासपुर- पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, महंगाई और सोने के दामों में लगातार हो रही वृद्धि को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को बिलासपुर जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व मंत्री उमेश पटेल ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार की आर्थिक और ऊर्जा नीतियां पूरी तरह असफल साबित हुई हैं, जिसका सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ रहा है।उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने वर्ष 2004 से 2014 के दौरान देश में पेट्रोल-डीजल भंडारण की मजबूत व्यवस्था तैयार की थी। उस समय भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए ऊर्जा सुरक्षा पर विशेष फोकस किया गया था, लेकिन पिछले 12 वर्षों में मौजूदा केंद्र सरकार ने इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
उमेश पटेल ने आरोप लगाया कि गलत आर्थिक नीतियों और कमजोर प्रबंधन के कारण आज देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि इसका सीधा असर परिवहन, खाद्य सामग्री और रोजमर्रा की जरूरतों पर पड़ रहा है, जिससे महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है।
सोने की कीमतों को लेकर भी उन्होंने केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा कि आज सोना डेढ़ लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के पार पहुंच चुका है। मध्यम वर्गीय परिवार पहले ही महंगाई से जूझ रहे हैं और अब सोना खरीदना भी उनकी पहुंच से बाहर हो गया है। ऐसे में प्रधानमंत्री द्वारा एक साल तक सोना नहीं खरीदने की अपील पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर ऐसी अपील की जरूरत क्यों पड़ रही है।
कांग्रेस नेता ने खाद-उर्वरक और पेट्रोल-डीजल के सीमित उपयोग को लेकर प्रधानमंत्री की अपील पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब आम आदमी पहले से ही महंगाई की मार झेल रहा है, तब इस तरह की अपीलें जनता की परेशानियों को और बढ़ाने वाली हैं।उन्होंने कहा कि देश की जनता महंगाई, बेरोजगारी और बढ़ती कीमतों से परेशान है। आने वाले समय में हालात और गंभीर हो सकते हैं। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस देशभर में आंदोलन कर रही है और जनता की आवाज को सड़क से सदन तक उठाया जाएगा।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें