Bilaspur raigad news-"रायगढ़ पुलिस की बड़ी कामयाबी: 24 घंटे में युवक सकुशल बरामद, झारखंड से 3 अपहरणकर्ता गिरफ्तार,,,,,
शेख असलम की रिपोर्ट,,,,
रायगढ़ पुलिस की बड़ी कामयाबी: 24 घंटे में युवक सकुशल बरामद, झारखंड से 3 अपहरणकर्ता गिरफ्तार
बिलासपुर /रायगढ़- पुलिस ने अपहरण के एक सनसनीखेज मामले का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में झारखंड से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से अपहरण में प्रयुक्त दो स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त किए गए हैं।
मामले की जानकारी देते हुए शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और किसी भी व्यक्ति की स्वतंत्रता एवं सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार, थाना लैलूंगा क्षेत्र के मुड़ागांव रामनाथपुर निवासी 55 वर्षीय शिवप्रसाद बंजारा ने 11 मई 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके 26 वर्षीय पुत्र रवि नारायण बंजारा का झारखंड से आए कुछ लोगों ने घर में घुसकर अपहरण कर लिया है। शिकायत में बताया गया कि रवि बंजारा पूर्व में धान खरीदी-बिक्री के कारोबार में झारखंड निवासी पवन साहू के साथ जुड़ा हुआ था।
घटना 10 मई 2026 की दोपहर करीब 3:30 बजे की बताई गई। आरोप है कि पवन साहू अपने साथियों विष्णु साहू और नरेंद्र उर्फ नरेश साहू के साथ दो स्कॉर्पियो वाहनों क्रमांक CG 14 MU 1197 एवं JH 01 DV 6413 में सवार होकर प्रार्थी के घर पहुंचा। उस समय घर में रवि बंजारा और उसकी मां मौजूद थे। आरोपियों ने घर में जबरन प्रवेश किया और 12 लाख रुपये के कथित बकाया लेन-देन को लेकर रवि के साथ मारपीट की। इसके बाद उसे जबरन वाहन में बैठाकर अपने साथ झारखंड की ओर ले गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना लैलूंगा पुलिस ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। अनिल सोनी और सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए झारखंड के रांची में दबिश दी और त्वरित कार्रवाई करते हुए रवि नारायण बंजारा को आरोपियों के कब्जे से सुरक्षित मुक्त करा लिया।
पुलिस ने आरोपी पवन साहू, विष्णु साहू और नरेंद्र साहू को गिरफ्तार कर रायगढ़ लाया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। विवेचना के दौरान दोनों स्कॉर्पियो वाहनों को भी जब्त कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अपहरण के पीछे व्यापारिक लेन-देन का विवाद मुख्य वजह था।
थाना लैलूंगा में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 156/2026 के तहत धारा 140(2) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी,पवन साहू, उम्र 30 वर्ष, निवासी बोकोंदा, थाना लापुंग, जिला रांची,,विष्णु साहू, उम्र 22 वर्ष, निवासी बोकोंदा, थाना लापुंग, जिला रांची,नरेंद्र साहू, उम्र 27 वर्ष, निवासी डिम्बा, थाना लापुंग, जिला रांची,,,इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव, उप निरीक्षक चंद्र कुमार सिंगार, प्रधान आरक्षक एडमोन खेस, आरक्षक संतराम केंवट, राजू तिग्गा और गोविंद बनर्जी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा,“कानून को हाथ में लेकर किसी को डराना, धमकाना, बंधक बनाना या अपहरण जैसी घटना को अंजाम देना गंभीर अपराध है। रायगढ़ पुलिस ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करती रहेगी।”
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें