BILASPUR RAIPUR NEWS-"नदी में युवक की मौत पर बवाल: "बचाने की बजाय वीडियो बनाती रही पुलिस?" परिजनों के गंभीर आरोप, जांच शुरू,,,
शेख असलम की रिपोर्ट,,,,
खारून नदी में युवक की मौत पर बवाल: "बचाने की बजाय वीडियो बनाती रही पुलिस?" परिजनों के गंभीर आरोप, जांच शुरू
बिलासपुर /रायपुर-राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में खारून नदी में डूबकर एक 19 वर्षीय युवक की मौत के बाद बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। मृतक के परिजनों ने पुलिस पेट्रोलिंग टीम पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि युवक के नदी में कूदने के दौरान पुलिसकर्मी उसे बचाने की बजाय वीडियो बनाते रहे और बाद में वहां से लौट गए। घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश है और उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार, रोशन नडार (19 वर्ष) अपने दोस्त यशवंत साहू के साथ खारून नदी किनारे बैठकर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान वहां पुलिस की पेट्रोलिंग टीम पहुंची। आरोप है कि पुलिस वाहन को देखकर रोशन नदी में कूद गया। नदी में उतरने के बाद वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
परिजनों का आरोप है कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने युवक को बचाने के लिए कोई प्रभावी प्रयास नहीं किया। उनका कहना है कि पुलिसकर्मी घटना का वीडियो बनाते रहे, जबकि युवक पानी में जिंदगी के लिए संघर्ष कर रहा था। हालांकि इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और जांच जारी है।मृतक के साथी यशवंत साहू ने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। बताया जा रहा है कि यशवंत ने आसपास मौजूद लोगों की मदद से रोशन को नदी से बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद अस्पताल और मृतक के घर पर शोक और आक्रोश का माहौल है। परिजन लगातार यह सवाल उठा रहे हैं कि यदि समय रहते बचाव के प्रयास किए जाते तो शायद रोशन की जान बचाई जा सकती थी।सूत्रों के अनुसार, यह स्पष्ट करने के लिए जांच की जा रही है कि घटना के समय मौके पर पुरानी बस्ती थाना या डीडी नगर थाना की कौन-सी पेट्रोलिंग टीम मौजूद थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारी पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रहे हैं।
वहीं, घटना को लेकर पुलिस के किसी भी अधिकारी ने आधिकारिक बयान नहीं दिया है। अधिकारियों की चुप्पी और परिजनों के गंभीर आरोपों के कारण मामला और अधिक चर्चाओं में आ गया है।फिलहाल, युवक की मौत के वास्तविक कारणों और पुलिस की भूमिका को लेकर जांच जारी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें