Bilaspur news-"पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से जुड़े कथित AI जनरेटेड आपत्तिजनक वीडियो को लेकर प्रदेश मे मचा बवाल """ बड़ी संख्या में कांग्रेसी पहुंचे थाना,,,,
शेख असलम की रिपोर्ट,,,,,
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कथित AI वीडियो पर बवाल, कांग्रेस ने थाने में की शिकायत
बिलासपुर- छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से जुड़े कथित AI जनरेटेड आपत्तिजनक वीडियो को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो के विरोध में बिलासपुर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सिविल लाइन थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और तत्काल एफआईआर की मांग की है।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि “कांग्रेसपोल खोल” नामक सोशल मीडिया आईडी द्वारा इंस्टाग्राम, फेसबुक सहित अन्य इंटरनेट प्लेटफॉर्म पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं एक महिला को लेकर फर्जी और आपत्तिजनक AI एडिटेड वीडियो अपलोड एवं प्रसारित किया गया है। शिकायत में कहा गया है कि यह वीडियो पूरी तरह असत्य, भ्रामक और तकनीक के जरिए एडिट कर तैयार किया गया है, जिसका उद्देश्य एक प्रतिष्ठित राजनीतिक व्यक्ति की छवि को धूमिल करना और महिला सम्मान को ठेस पहुंचाना है।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के फेक वीडियो समाज में भ्रम फैलाने के साथ-साथ राजनीतिक विद्वेष को बढ़ावा देते हैं। उनका आरोप है कि AI तकनीक का दुरुपयोग कर जानबूझकर पूर्व मुख्यमंत्री की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई है।
शिकायत पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि वायरल वीडियो से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भावनाएं आहत हुई हैं। पार्टी नेताओं ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि वीडियो बनाने, अपलोड करने और प्रसारित करने वाले व्यक्तियों एवं संबंधित सोशल मीडिया आईडी के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
सिविल लाइन थाना पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस साइबर एंगल से भी पूरे मामले की पड़ताल कर रही है और संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट्स की जानकारी जुटाई जा रही है।
वहीं इस मामले के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज हो गई है। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी व्यापक आंदोलन कर सकती है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें