Bilaspur gpm news-"GPM"ज्वेलरी व्यापारी हत्याकांड का खुलासा: तीन आरोपी गिरफ्तार, हथियार और लूटे गए आभूषण बरामद,,,,
शेख असलम की रिपोर्ट,,,,
कोटमीकला ज्वेलरी व्यापारी हत्याकांड का खुलासा: तीन आरोपी गिरफ्तार, हथियार और लूटे गए आभूषण बरामद
बिलासपुर /पेण्ड्रा-गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के कोटमीकला साप्ताहिक बाजार में ज्वेलरी व्यवसायी प्रदीप सोनी की हत्या और लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। तकनीकी और मानव खुफिया तंत्र (TechINT एवं HumINT) की मदद से पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, लूटे गए आभूषण तथा तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। वहीं, मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार 26 मई 2026 को कोटमीकला साप्ताहिक हाट बाजार में ज्वेलरी व्यवसायी प्रदीप सोनी से लूटपाट के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
इस मामले में थाना पेण्ड्रा में हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने स्वयं घटनास्थल पहुंचकर जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
जांच के दौरान मिले तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर की सूचना और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी खुशीराम साहू, उसके भतीजे राजाराम साहू और गया प्रसाद रजक को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी खुशीराम साहू ने अपने भतीजे राजाराम साहू तथा बिहार-झारखंड के परिचित राहुल और उसके साथियों के साथ मिलकर साप्ताहिक बाजारों में सोना-चांदी के व्यापारियों की रेकी की थी। 23 मई को आरोपी बिटकुला में इकट्ठा हुए और वारदात की योजना बनाई। 26 मई को कोटमीकला बाजार में प्रदीप सोनी के पास मौजूद सोना-चांदी से भरे बैग को लूटने का प्रयास किया गया। विरोध करने पर आरोपियों ने झूमाझटकी के दौरान अवैध हथियार से गोली चला दी, जिससे प्रदीप सोनी गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वारदात के बाद आरोपी सोना-चांदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए। बाद में देवरीखुर्द स्थित एक घर में लूटे गए आभूषणों का बंटवारा किया गया तथा साक्ष्य मिटाने के लिए पैकिंग सामग्री को जलाकर नष्ट कर दिया गया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर टेकरी में छिपाकर रखे गए देशी कट्टे, दो जिंदा कारतूस और लूट के आभूषणों का हिस्सा बरामद कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी
खुशीराम साहू, निवासी बिटकुला, थाना सीपत, जिला बिलासपुर
राजाराम साहू, निवासी बिटकुला, थाना सीपत, जिला बिलासपुर
गया प्रसाद रजक, निवासी करौंदानार, देवरीखुर्द, चौकी कोटमीकला, जिला जीपीएम
बरामदगी
01 देशी कट्टा
02 जिंदा कारतूस
लूटे गए आभूषण
03 मोबाइल फोन
पुलिस ने बताया कि वारदात में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों को अन्य राज्यों में भेजा गया है और उनकी तलाश जारी है। इस कार्रवाई में जीपीएम, बिलासपुर और मुंगेली की साइबर एवं विशेष पुलिस टीमों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें