Bilaspur news-"""त्रिनेत्र से मिलेगी मज़बूत दिशा""जनसहयोग से सुरक्षित होगा बिलासपुर: ‘त्रिनेत्र’ परियोजना के तहत लगेंगे 1000 अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे, अपराध नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को मिलेगी नई ताकत,,,,,

शेख असलम की रिपोर्ट,,,,
""त्रिनेत्र से मिलेगी मज़बूत दिशा""जनसहयोग से सुरक्षित होगा बिलासपुर: ‘त्रिनेत्र’ परियोजना के तहत लगेंगे 1000 अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे, अपराध नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को मिलेगी नई ताकत,,,
बिलासपुर-शहर को अपराध मुक्त, सुरक्षित और तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल के रूप में "त्रिनेत्र सीसीटीवी परियोजना" का शुभारंभ किया गया है। बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह की पहल पर शुरू की गई यह महत्वाकांक्षी योजना पूरी तरह जनसहभागिता आधारित है, जिसमें शहर के नागरिक, व्यापारी, समाजसेवी, पत्रकार, अधिवक्ता एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों का सहयोग लिया जा रहा है।
यह देश की ऐसी अनूठी परियोजनाओं में शामिल है, जिसमें बिना किसी शासकीय बजट के केवल जनसहयोग और सीएसआर (CSR) मद के माध्यम से लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से शहरभर में अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरों का नेटवर्क स्थापित किया जाएगा।
1000 हाईटेक कैमरों से होगी निगरानी
त्रिनेत्र परियोजना के तहत बिलासपुर शहर में लगभग 1000 नए अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इनमें एएनपीआर (Automatic Number Plate Recognition) कैमरे, वेरीफोकल कैमरे, पीटीजेड (PTZ) कैमरे तथा 50 से 80 मीटर फोकस क्षमता वाले विशेष कैमरे शामिल होंगे। इन कैमरों के माध्यम से शहर के प्रमुख मार्गों, बाजारों, कॉलोनियों, प्रवेश एवं निकास बिंदुओं तथा संवेदनशील क्षेत्रों पर चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाएगी।
एएनपीआर कैमरों से चोरी और संदिग्ध वाहनों पर नजर
परियोजना की विशेषता यह है कि शहर के प्रवेश एवं निकास मार्गों पर लगाए जाने वाले एएनपीआर कैमरे वाहनों की नंबर प्लेट को स्वतः पहचानेंगे। इससे चोरी के वाहनों, संदिग्ध गतिविधियों में प्रयुक्त वाहनों तथा अपराध में शामिल वाहनों को ट्रैक करने में पुलिस को बड़ी सहायता मिलेगी।
आधुनिक कंट्रोल रूम से होगी निगरानी
परियोजना के संचालन के लिए आईसीसीसी (Integrated Command & Control Centre) एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में आधुनिक कंट्रोल रूम विकसित किया जा रहा है। यहां अत्याधुनिक वीडियो वॉल डिस्प्ले और नवीन सर्वर स्थापित किए गए हैं, जिनमें 1000 से अधिक कैमरों को जोड़ने और उनके डेटा को सुरक्षित रखने की क्षमता होगी।
लगभग 200 किलोमीटर लंबे ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क (OFC) के माध्यम से सभी कैमरों को एकीकृत किया जाएगा, जिससे पूरे शहर की निगरानी एक ही स्थान से की जा सकेगी।
अपराध नियंत्रण से लेकर ट्रैफिक मैनेजमेंट तक मिलेगा लाभ
त्रिनेत्र परियोजना के माध्यम से पुलिस को अपराधों की जांच में वीडियो साक्ष्य प्राप्त होंगे, जिससे मामलों के शीघ्र निराकरण में मदद मिलेगी। साथ ही ट्रैफिक जाम, यातायात उल्लंघन, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और दुर्घटना संभावित स्थानों की पहचान कर बेहतर यातायात प्रबंधन किया जा सकेगा।
भविष्य में एआई आधारित विश्लेषण के जरिए अपराध संभावित क्षेत्रों, चोरी प्रभावित स्थानों, भीड़भाड़ वाले बाजारों और ट्रैफिक हॉटस्पॉट की पहचान कर योजनाबद्ध कार्रवाई की जाएगी।
महिलाओं, बच्चों और नागरिकों की सुरक्षा होगी मजबूत
24×7 डिजिटल निगरानी व्यवस्था के कारण महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों, व्यापारियों और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना और अधिक मजबूत होगी। इसके अलावा लापता व्यक्तियों, संदिग्ध गतिविधियों, लावारिस सामान एवं अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में भी यह नेटवर्क महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
स्वच्छता अभियान को भी मिलेगा सहयोग
परियोजना के तहत दूरस्थ एवं संवेदनशील क्षेत्रों में कैमरे लगाए जाएंगे, जिससे अवैध रूप से कचरा फेंकने जैसी गतिविधियों पर निगरानी रखी जा सकेगी और स्वच्छ बिलासपुर अभियान को भी मजबूती मिलेगी।
जनता की परियोजना, जनता के लिए
त्रिनेत्र सेवा समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि यह किसी सरकारी या निजी संस्था की परियोजना नहीं, बल्कि पूरी तरह जनता की परियोजना है। जनभागीदारी के माध्यम से तैयार हो रहे इस सुरक्षा नेटवर्क के निर्माण, संरक्षण और सफलता की जिम्मेदारी भी सामूहिक रूप से नागरिकों की होगी। यही इसकी सबसे बड़ी विशेषता है, जो इसे दीर्घकालिक और टिकाऊ बनाती है।
बड़ी संख्या में गणमान्य लोग रहे उपस्थित
कार्यक्रम में कलेक्टर संजय अग्रवाल, पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, त्रिनेत्र सेवा समिति के अध्यक्ष रामअवतार अग्रवाल, कोषाध्यक्ष प्रवीण झा, सुरेन्द्र गुम्बर, मनीष अग्रवाल, बिलासपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजीत मिश्रा, सचिव संदीप करिहार सहित बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी, समाजसेवी, व्यापारी, प्रेस क्लब के वरिष्ठ पत्रकार एवं शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
"त्रिनेत्र" का संकल्प है— जनसहयोग से सशक्त, सुरक्षित और अपराध मुक्त बिलासपुर का निर्माण।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

Bilaspur news-" खड़ी माल गाड़ी से सवारी ट्रेन टकराई कई लोगों के मारे जाने की आशंका कई घायल,, बचाव कार्य जारी

Bilaspur news-"नेशनल कॉन्वेंट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भारतीय नगर के द्वारा हर साल की तरह इस साल भी व्यंजन मेला का आयोजन,,,

Bilaspur news-"अनोखी शादी 17 मिनट मे"ये बड़ा वैवाहिक कार्यक्रम हुआ सम्पन्न,,,