Bilaspur news-" न्यायधानी में युवक की बेरहमी से पत्थर से कुचलकर""2 सगे भाइयों ने की हत्या एक हिरासत में दूसरे भाई की तलाश ज़ारी,,,,,
शेख असलम की रिपोर्ट,,,,
गाली-गलौज के विवाद में युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या, एक आरोपी हिरासत में, दूसरे की तलाश जारी,,,,
नयापारा गणेश नगर में सनसनी; डॉग स्क्वायड, फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे,,,
बिलासपुर- सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 46 स्थित नयापारा गणेश नगर में एक युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मंगलवार सुबह गली में खून से लथपथ शव मिलने के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान इरफान खान उर्फ बघीरा (26 वर्ष), पिता शेख खलील खान, निवासी नयापारा गणेश नगर के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह जब मोहल्लेवासी घरों से बाहर निकले तो उन्होंने गली के बीच युवक का शव पड़ा देखा। शव के आसपास काफी मात्रा में खून फैला हुआ था। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू की। घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान पुलिस को शव के पास सीमेंट के दो बड़े पोलनुमा पत्थर मिले हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि इन्हीं पत्थरों से हमला कर युवक की हत्या की गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक का परिचय क्षेत्र के दो सगे भाइयों से था। प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि घटना से पहले मृतक और दोनों भाई एक साथ बैठकर नशा कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो बाद में गाली-गलौज और विवाद में बदल गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दोनों भाइयों ने मिलकर इरफान पर हमला कर दिया और भारी पत्थरों से वार कर उसकी हत्या कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एक संदिग्ध आरोपी नईम खान को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं उसके भाई की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के संबंध में सभी तथ्यों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी।
घटना की सूचना मिलते ही एएसपी सिटी पंकज पटेल और सीएसपी निमितेष सिंह भी मौके पर पहुंचे।अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जांच टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके अलावा डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही मृतक के परिजनों, दोस्तों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर उसके संपर्कों और घटना से पहले की गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हत्या के पीछे केवल तत्काल विवाद कारण था या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश अथवा अन्य वजह भी मौजूद है।
दिनदहाड़े गली में शव मिलने की घटना से पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल सिरगिट्टी थाना पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर जांच में जुटी हुई है। एक आरोपी पुलिस हिरासत में है जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और पूछताछ के आधार पर जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें