Bilaspur news-"मुख्यमंत्री 28 जून को करेंगे""लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान"""आपातकाल विषय पर निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को भी मिलेगा""पुरस्कार,,,,,
शेख असलम की रिपोर्ट,,,,,
मुख्यमंत्री 28 जून को करेंगे लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान, आपातकाल विषय पर निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को भी मिलेगा पुरस्कार
बिलासपुर -आपातकाल की स्मृतियों को जीवित रखने और नई पीढ़ी को लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से लोकतंत्र सेनानी संघ-छत्तीसगढ़ एवं लोकतंत्र प्रहरी के संयुक्त तत्वावधान में 28 जून को रायपुर में भव्य लोकतंत्र सेनानी सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान करने के साथ ही आपातकाल विषय पर आयोजित प्रदेश स्तरीय निबंध प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया जाएगा।
लोकतंत्र प्रहरी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं लोकतंत्र सेनानी संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सच्चिदानंद उपासने ने बिलासपुर प्रेस क़्लब. बिलासपुर पत्रकार वार्ता में बताया कि देश के लोकतांत्रिक इतिहास में 25 जून 1975 को लगाया गया आपातकाल एक काला अध्याय माना जाता है। इसी स्मृति में प्रतिवर्ष 25 जून को संविधान हत्या दिवस तथा 26 जून को आपातकाल स्मृति दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि जून 1975 से मार्च 1977 तक चले 21 माह के आपातकाल के दौरान नागरिक स्वतंत्रताओं का हनन हुआ, हजारों लोकतंत्र समर्थकों को मीसा सहित विभिन्न कठोर कानूनों के तहत जेलों में बंद किया गया तथा प्रेस की स्वतंत्रता पर अभूतपूर्व प्रतिबंध लगाए गए।
उपासने ने बताया कि 28 जून को रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में सुबह 11 बजे आयोजित होने वाले सम्मेलन में मुख्यमंत्री लोकतंत्र सेनानियों को सम्मानित करेंगे। इस दौरान "आपातकाल योद्धा" संदर्भ ग्रंथ-स्मारिका का विमोचन भी किया जाएगा। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार का व्याख्यान होगा, जो सम्मेलन के मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने बताया कि लोकतंत्र सेनानी संघ एवं लोकतंत्र प्रहरी द्वारा प्रदेश स्तर पर विद्यालय और महाविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए "आपातकाल कभी विस्मृत न हो" तथा "25 जून संविधान हत्या दिवस की प्रासंगिकता" विषयों पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को विद्यालय एवं महाविद्यालय दोनों स्तरों पर क्रमशः 31 हजार, 21 हजार और 11 हजार रुपये नगद पुरस्कार तथा स्मृति चिन्ह प्रदान किए जाएंगे।
इसके अलावा प्रतियोगिता में शामिल सभी 520 विद्यार्थियों, संबंधित विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के प्राचार्यों को भी मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित किया जाएगा। प्रदेशभर के लोकतंत्र सेनानी परिवारों को मुख्यमंत्री की ओर से सम्मानपूर्वक निमंत्रण पत्र भेजे जा रहे हैं।
कार्यक्रम में मंत्रियों, विधायकों, निगम-मंडल एवं आयोगों के अध्यक्षों, विभिन्न वैचारिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में प्रबुद्ध नागरिकों को आमंत्रित किया गया है। सम्मेलन में आपातकाल के इतिहास, संविधान हत्या दिवस की प्रासंगिकता और लोकतांत्रिक मूल्यों पर विभिन्न वक्ताओं के व्याख्यान भी होंगे।
लोकतंत्र प्रहरी के प्रदेश अध्यक्ष विशाल राजहंस ने बताया कि निबंध प्रतियोगिता एवं कार्यक्रम संबंधी जानकारी के लिए विद्यार्थी, शिक्षक एवं शिक्षण संस्थान मोबाइल नंबर 9425202652 एवं 9425552092 पर संपर्क कर सकते हैं।पत्रकार वार्ता में राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य दत्ता त्रिपुरवार, जिला अध्यक्ष सुहास देशपांडे तथा सुनील पुराणिक भी उपस्थित रहे।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें