Bilaspur news-"अंतर्राज्यीय चैन स्नैचिंग गिरोह का पर्दाफाश, बिलासपुर पुलिस ने 6 आरोपियों को दबोचा,,,,,

शेख असलम की रिपोर्ट,,,,,
अंतर्राज्यीय चैन स्नैचिंग गिरोह का पर्दाफाश, बिलासपुर पुलिस ने 6 आरोपियों को दबोचा,,,,,

बिलासपुर- महिलाओं को निशाना बनाकर चैन स्नैचिंग और लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले उड़ीसा के अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बिलासपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। थाना तोरवा और सिरगिट्टी क्षेत्र में हुई तीन अलग-अलग घटनाओं का खुलासा करते हुए पुलिस ने गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ संगठित अपराध और आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, 15 मई 2026 को थाना तोरवा क्षेत्र की शिवधाम कॉलोनी में रहने वाली एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि सुबह करीब छह बजे घर के बाहर सफाई करते समय स्कूटी सवार तीन अज्ञात बदमाश उसके गले से सोने की चैन छीनकर फरार हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में बिना नंबर की सफेद स्कूटी पर सवार संदिग्ध युवक दिखाई दिए। इसी बीच थाना सिरगिट्टी क्षेत्र में भी एक महिला के साथ मारपीट कर सोने की चैन लूटने की घटना सामने आई। दोनों मामलों के फुटेज और आरोपियों के हुलिए का मिलान करने पर पुलिस को यह स्पष्ट हो गया कि वारदातों के पीछे एक ही गिरोह सक्रिय है।
तकनीकी विश्लेषण, मुखबिरों से मिली सूचना और लगातार निगरानी के बाद पुलिस ने गणेश नगर, सिरगिट्टी में दबिश देकर नवीन साहू को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि उसने उड़ीसा के अपने साथियों को बिलासपुर बुलाकर अपने घर में ठहराया था और सभी मिलकर महिलाओं को निशाना बनाकर चैन स्नैचिंग और लूट की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे,नवीन साहू से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने थाना तोरवा एवं सिरगिट्टी क्षेत्र में तीन महिलाओं से चैन स्नैचिंग और लूट की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है।
विवेचना में यह तथ्य भी सामने आया कि गिरोह उड़ीसा से निकलकर विभिन्न राज्यों में जाता था और स्थानीय व्यक्तियों की मदद से महिलाओं को अकेला पाकर उन्हें निशाना बनाता था। गिरोह सुनियोजित तरीके से चैन स्नैचिंग, झपटमारी और लूट की घटनाओं को अंजाम देता था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्रकरण में संगठित अपराध और आपराधिक षड्यंत्र से संबंधित धाराएं भी जोड़ी हैं।गिरफ्तार आरोपियों में उड़ीसा के सुंदरगढ़ और संबलपुर जिलों के निवासी शिव सिंह, शक्ति प्रसाद, प्रमोद सिंह, अतुल मुंडा और बसंता खड़िया के अलावा बिलासपुर के सिरगिट्टी निवासी नवीन साहू शामिल हैं। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की सफेद स्कूटी भी जब्त कर ली है।पुलिस ने बताया कि गिरोह के तीन अन्य सदस्यों की तलाश अभी जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
जनता से पुलिस की अपील
बिलासपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि उनके क्षेत्र या मोहल्ले में बाहर से आकर रहने वाले व्यक्तियों की जानकारी निकटतम थाना या पुलिस को अवश्य दें। समय पर सूचना मिलने से संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकती है और इस प्रकार की आपराधिक घटनाओं को रोका जा सकता है।
बिलासपुर पुलिस की इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण और महिलाओं की सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। सीसीटीवी विश्लेषण, तकनीकी जांच और त्वरित कार्रवाई के माध्यम से अंतर्राज्यीय गिरोह तक पहुंचकर पुलिस ने अपनी दक्षता और सतर्कता का परिचय दिया है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

Bilaspur news-" खड़ी माल गाड़ी से सवारी ट्रेन टकराई कई लोगों के मारे जाने की आशंका कई घायल,, बचाव कार्य जारी

Bilaspur news-"नेशनल कॉन्वेंट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भारतीय नगर के द्वारा हर साल की तरह इस साल भी व्यंजन मेला का आयोजन,,,

Bilaspur news-"अनोखी शादी 17 मिनट मे"ये बड़ा वैवाहिक कार्यक्रम हुआ सम्पन्न,,,