Bilaspur news-"कथित प्रेम प्रसंग में ख़ूनी वारदात: आंखों में मिर्च झोंककर पत्थर से कुचला, बाउंसर निखिल गोस्वामी की मौत से कोटा क्षेत्र में सनसनी,,,,,
शेख असलम की रिपोर्ट,,,,
कथित प्रेम प्रसंग में ख़ूनी वारदात: आंखों में मिर्च झोंककर पत्थर से कुचला, बाउंसर निखिल गोस्वामी की मौत से कोटा क्षेत्र में सनसनी,,,,,
बिलासपुर/कोटा- कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम पथर्रा में गुरुवार रात हुई एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। पुरानी रंजिश और कथित प्रेम प्रसंग के विवाद में एक युवक पर पहले मिर्च पाउडर से हमला किया गया, फिर भारी पत्थर से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। अस्पताल पहुंचने के बाद उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान निखिल गोस्वामी के रूप में हुई है, जो बिलासपुर के एक बार में बाउंसर के रूप में कार्यरत था और जिम संचालन से भी जुड़ा हुआ था।रात के अंधेरे में हुई खूनी वारदात,,,,,
जानकारी के अनुसार निखिल गोस्वामी मूल रूप से कोनी क्षेत्र का रहने वाला था और कोटा में किराए के मकान में रहता था। गुरुवार को वह किसी निजी काम से अपने कोटा स्थित निवास पहुंचा था। इसी दौरान ग्राम पथर्रा में उसका एक युवक से पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हो गया।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार विवाद अचानक हिंसक रूप ले बैठा। आरोप है कि हमलावर ने पहले निखिल की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया, जिससे वह कुछ समझ पाता उससे पहले ही उस पर भारी पत्थर से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। सिर और शरीर पर गंभीर चोटें लगने से वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़ा।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही बुझ गई जिंदगी,,,,,
घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग गंभीर रूप से घायल निखिल को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे बिलासपुर के सिम्स अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद डॉक्टर उसे नहीं बचा सके और सिम्स में उसे मृत घोषित कर दिया गया।
निखिल की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
प्रेम प्रसंग और चरित्र शंका का एंगल आया सामने
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला केवल पुरानी रंजिश तक सीमित नहीं दिख रहा है। सूत्रों के अनुसार मृतक का कोटा क्षेत्र की एक महिला से परिचय और संपर्क था। आशंका जताई जा रही है कि महिला के पति को इस संबंध पर संदेह था। इसी चरित्र शंका और आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसके बाद यह खूनी घटना सामने आई।
हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आधिकारिक रूप से किसी एक कारण की पुष्टि नहीं की गई है।
मौके पर पहुंचे पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी,,,,,
घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह, डीएसपी नुपूर उपाध्याय और कोटा थाना प्रभारी आकाश चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों सहित अन्य लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस अब हत्या के पीछे की वास्तविक वजह, आरोपियों की भूमिका और घटना के क्रम की विस्तृत जांच में जुटी हुई है। जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें