Bilaspur news-"“सार्वजनिक स्थलों के संरक्षण में समाज आगे आए, शासन-प्रशासन हर कदम पर साथ है” – विधायक अमर अग्रवाल

शेख असलम की रिपोर्ट,,,,
“सार्वजनिक स्थलों के संरक्षण में समाज आगे आए, शासन-प्रशासन हर कदम पर साथ है” – विधायक अमर अग्रवाल

बिलासपुर-अग्रवाल सेवा समिति द्वारा संचालित भारतीय नगर मुक्तिधाम के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्य के अवलोकन तथा वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक अमर अग्रवाल उपस्थित रहे। उनके साथ महापौर पूजा विधानी, पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर संजय अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, अग्रवाल समाज के अध्यक्ष शिव अग्रवाल एवं सचिव सुनील सोंथलिया सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं समाजजन शामिल हुए। अतिथियों ने मुक्तिधाम परिसर का निरीक्षण किया तथा नीम के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि यह अवसर केवल एक निर्माण कार्य के पूर्ण होने का नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, सेवा भावना और सामूहिक उत्तरदायित्व का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मुक्तिधाम मानव जीवन की अंतिम यात्रा का पवित्र स्थल है, जो जीवन की नश्वरता के साथ-साथ मानवता, करुणा और सेवा के मूल्यों का भी बोध कराता है। ऐसे स्थलों का स्वच्छ, सुरक्षित, व्यवस्थित एवं गरिमामय होना अत्यंत आवश्यक है ताकि दुख की घड़ी में आने वाले परिवारों को सम्मानजनक वातावरण और आवश्यक सुविधाएं प्राप्त हो सकें।
उन्होंने अग्रवाल सेवा समिति के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समिति ने मुक्तिधाम को केवल एक सुविधा केंद्र के रूप में नहीं, बल्कि जनहित एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़ी स्थायी परियोजना के रूप में विकसित किया है। समाज के लोगों द्वारा प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से दिया जा रहा सहयोग सामाजिक एकजुटता का उत्कृष्ट उदाहरण है।
विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि अग्रवाल समाज सदैव महाराजा अग्रसेन के “एक रुपया और एक ईंट” के सिद्धांत पर चलते हुए सहयोग, सहभागिता, समानता और सामाजिक उत्तरदायित्व की मिसाल पेश करता आया है। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन का मानना था कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का योगदान, चाहे वह छोटा हो या बड़ा, सामूहिक विकास में समान रूप से महत्वपूर्ण होता है। उसी भावना के साथ अग्रवाल सेवा समिति मुक्तिधाम के संचालन, रखरखाव और विकास का कार्य कर रही है।
उन्होंने शहर के विभिन्न समाजों से भी आह्वान किया कि वे सार्वजनिक स्थलों के संरक्षण और संचालन की जिम्मेदारी सामाजिक स्तर पर उठाएं तथा शहर को व्यवस्थित, स्वच्छ और सुंदर बनाने में भागीदारी निभाएं। उन्होंने आश्वस्त किया कि ऐसे सेवा कार्यों में शासन और प्रशासन सदैव समाज के साथ खड़ा रहेगा।
कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने कहा कि अग्रवाल समाज सदैव सामाजिक कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। भारतीय नगर मुक्तिधाम को सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक स्वरूप देकर समाज ने अंतिम संस्कार के लिए आने वाले परिवारों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया है। उन्होंने रामसेतु निर्माण के दौरान गिलहरी के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि सेवा कार्यों में छोटा-बड़ा कोई योगदान नहीं होता, महत्वपूर्ण सेवा भावना और समर्पण है।
कार्यक्रम की शुरुआत अग्रवाल समाज के अध्यक्ष शिव अग्रवाल के स्वागत भाषण से हुई। सेवा समिति के आनंद अग्रवाल ने समिति की गतिविधियों एवं उद्देश्यों की जानकारी दी। इस अवसर पर विधायक अमर अग्रवाल, महापौर पूजा विधानी, आईजी रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह एवं आयुक्त प्रकाश सर्वे सहित सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया तथा स्मृति स्वरूप तुलसी के पौधे भेंट किए गए। अतिथियों ने विभिन्न सामाजिक दानदाताओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया।
अग्रवाल सेवा समिति के पदाधिकारियों अजय जाजोदिया, सीए आनंद अग्रवाल, राजुल जाजोदिया, संजय अग्रवाल, मनीष अग्रवाल एवं अनिल अग्रवाल ने बताया कि अप्रैल 2025 से समिति द्वारा भारतीय नगर मुक्तिधाम के संचालन और कायाकल्प का कार्य किया जा रहा है। लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से मुक्तिधाम का व्यापक नवीनीकरण किया गया है।
मुक्तिधाम में फायर ब्रिक्स से निर्मित नए दाह संस्कार चबूतरे, आगंतुकों के लिए बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, पंखे, लाइट, स्पीकर, दो वाटर कूलर, हरियाली युक्त गार्डन, पार्किंग, पेड़-पौधे, गात्र नहावन व्यवस्था, अस्थि कलश स्टोर लॉकर, स्नान एवं पेयजल हेतु बोरिंग की सुविधा विकसित की गई है। सुरक्षा और निगरानी के लिए परिसर में 35 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिससे रात में भी पूरा परिसर दूधिया रोशनी से जगमगाता रहता है।
समिति ने मुक्तिधाम के नियमित रखरखाव के लिए माली, सुरक्षा गार्ड, सफाईकर्मी तथा दाह संस्कार एवं दफन व्यवस्था से जुड़े कर्मचारियों की नियुक्ति भी की है। पदाधिकारियों ने बताया कि मुक्तिधाम के रखरखाव एवं कर्मचारियों के वेतन आदि पर प्रतिमाह लगभग डेढ़ लाख रुपये व्यय किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में अग्रवाल समाज के सदस्यों के साथ विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिक एवं बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मनीष अग्रवाल ने तथा आभार प्रदर्शन अजय जाजोदिया ने किया।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

Bilaspur news-" खड़ी माल गाड़ी से सवारी ट्रेन टकराई कई लोगों के मारे जाने की आशंका कई घायल,, बचाव कार्य जारी

Bilaspur news-"नेशनल कॉन्वेंट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भारतीय नगर के द्वारा हर साल की तरह इस साल भी व्यंजन मेला का आयोजन,,,

Bilaspur news-"अनोखी शादी 17 मिनट मे"ये बड़ा वैवाहिक कार्यक्रम हुआ सम्पन्न,,,