Bilaspur paali news -"पत्ता गोदाम के पास बड़ा सड़क हादसा,,,,यात्री बस और ट्रेलर की आमने-सामने टक्कर, 7 यात्री घायल; पुलिस ने शुरू की जांच,,,,
शेख असलम की रिपोर्ट,,,
पत्ता गोदाम के पास बड़ा सड़क हादसा,,,,
यात्री बस और ट्रेलर की आमने-सामने टक्कर, 7 यात्री घायल; पुलिस ने शुरू की जांच
बिलासपुर/पाली-कोरबा-बिलासपुर मार्ग पर पाली स्थित पत्ता गोदाम के पास बुधवार दोपहर एक यात्री बस और ट्रेलर के बीच हुई जोरदार भिड़ंत से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में बस में सवार करीब 6 से 7 यात्री घायल हो गए, जिन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाली पहुंचाकर उपचार कराया गया। घटना के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।
जानकारी के अनुसार दोपहर लगभग 2 बजे शिव ट्रैवल्स की यात्री बस क्रमांक CG 10 G 1676 और ट्रेलर क्रमांक CG 15 EE 5165 के बीच पत्ता गोदाम के समीप मोड़ पर आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और कई यात्रियों को चोटें आईं।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पाली थाना प्रभारी नागेश तिवारी अपनी टीम के साथ तत्काल घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया तथा घायलों को एंबुलेंस और अन्य वाहनों के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाली भेजा।
इन यात्रियों को आई चोटें
प्राथमिक जानकारी के अनुसार हादसे में घायल यात्रियों में रत्ना चौहान (40 वर्ष), मनीराम (50 वर्ष), लक्ष्मीन (40 वर्ष), राकेश गुप्ता (34 वर्ष), गणेश राम साहू (55 वर्ष), कन्हैया तथा राजकुमारी (30 वर्ष) शामिल हैं। सभी का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाली में जारी है। चिकित्सकों के अनुसार अधिकांश घायलों को सामान्य चोटें आई हैं, हालांकि कुछ यात्रियों को अधिक चोट लगने के कारण निगरानी में रखा गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय सूत्रों के अनुसार बस की तेज रफ्तार तथा मोड़ पर लापरवाही दुर्घटना का संभावित कारण बताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी दुर्घटना के कारणों को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है। अधिकारियों का कहना है कि वाहन चालकों के बयान, घटनास्थल की स्थिति और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।
पाली पुलिस ने दुर्घटना की पुष्टि करते हुए बताया है कि बस और ट्रेलर की टक्कर में कई यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
यह दुर्घटना एक बार फिर राष्ट्रीय एवं राज्य मार्गों पर भारी वाहनों और यात्री वाहनों की बढ़ती आवाजाही के बीच सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। पत्ता गोदाम क्षेत्र का मोड़ पहले भी दुर्घटना संभावित क्षेत्र माना जाता रहा है। ऐसे स्थानों पर गति नियंत्रण, चेतावनी संकेतों की प्रभावी व्यवस्था तथा वाहन चालकों द्वारा यातायात नियमों का पालन ही इस प्रकार की घटनाओं को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें