Bilaspur raipur news-"सेंट्रल बैंक की शाखा में लगी.. भीषण आग,..धुएं से घिरा पूरा इलाका, मची अफरा-तफरी,,,,
शेख असलम की रिपोर्ट,,,,
राजधानी में हड़कंप: सेंट्रल बैंक की शाखा में लगी भीषण आग, धुएं से घिरा पूरा इलाका, मची अफरा-तफरी
बिलासपुर /रायपुर-राजधानी के व्यस्त बॉम्बे मार्केट इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब सेंट्रल बैंक की शाखा में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते बैंक परिसर से धुएं का गुबार उठने लगा और पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदार और लोग बैंक परिसर से दूर हटने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बैंक के अंदर से अचानक धुआं निकलना शुरू हुआ, जिसके बाद कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया। बैंक में आग लगने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सुरक्षा की दृष्टि से आसपास की दुकानों और प्रतिष्ठानों को भी खाली कराया गया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए तत्काल अभियान शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को फैलने से रोका,
जिससे आसपास की अन्य दुकानों और भवनों को नुकसान होने से बचाया जा सका।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बैंक के एसी सिस्टम में हुआ शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि आग किन परिस्थितियों में भड़की, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है। बैंक परिसर में मौजूद दस्तावेजों और अन्य सामान को हुए नुकसान का आंकलन भी किया जा रहा है।
राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं मिली है। समय रहते दमकल विभाग की टीम के पहुंचने से बड़ा हादसा टल गया।
यह पूरी घटना गोलबाजार थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। पुलिस और फायर विभाग की टीम मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें