Bilaspur raipur news-"मीडिया सिटी में भूखंड के लिए सदस्यता अनिवार्य, एक परिवार को मिलेगा केवल एक प्लॉट; समिति की बैठक में कई"""अहम फैसले,,
शेख असलम की रिपोर्ट,,,,
मीडिया सिटी में भूखंड के लिए सदस्यता अनिवार्य, एक परिवार को मिलेगा केवल एक प्लॉट; समिति की बैठक में कई अहम फैसले
रायपुर-राजधानी पत्रकार गृह निर्माण सहकारी समिति (मीडिया सिटी) के संचालक मंडल की महत्वपूर्ण बैठक में समिति के संचालन, कानूनी प्रावधानों, सदस्यता प्रक्रिया, भूमि आवंटन और विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए। बैठक में स्पष्ट किया गया कि मीडिया सिटी में भूखंड प्राप्त करने के लिए समिति की सदस्यता अनिवार्य होगी और एक परिवार से केवल एक व्यक्ति ही सदस्य बन सकेगा तथा एक ही भूखंड का अधिकार प्राप्त कर सकेगा।
बैठक में सर्वसम्मति से सहकारिता क्षेत्र के वरिष्ठ अधिवक्ता आनंद मोहन ठाकुर को समिति का विधिक सलाहकार नियुक्त किया गया। उनके मार्गदर्शन में सदस्यों को सहकारिता अधिनियम, नियम एवं उपनियमों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की कानूनी जटिलता न हो।
संचालक मंडल ने बताया कि मीडिया सिटी की भूमि राज्य सरकार द्वारा रियायती दर पर आवंटित की गई है। ऐसे में सहकारिता अधिनियम के सभी प्रावधानों का कड़ाई से पालन करना अनिवार्य होगा। समिति ने स्पष्ट किया कि केवल रजिस्ट्री करा लेने से किसी व्यक्ति को सदस्यता नहीं मिलेगी। इसके लिए निर्धारित आवेदन पत्र और शपथ पत्र जमा करना अनिवार्य होगा। शपथ पत्र में यह घोषित करना होगा कि परिवार के किसी भी सदस्य (पत्नी, पुत्र एवं पुत्री सहित) के नाम पर मीडिया सिटी में अन्य कोई भूखंड नहीं है। नियमों का उल्लंघन होने पर संबंधित रजिस्ट्री सहकारिता अधिनियम के तहत शून्य घोषित की जा सकती है।
बैठक में अप्रैल 2022 के बाद रजिस्ट्री कराने वाले सभी सदस्यों को निर्देश दिया गया कि वे अपनी रजिस्ट्री, एनओसी, सदस्यता आवेदन एवं शपथ पत्र की प्रतियां 15 दिनों के भीतर समिति के गार्ड रूम में जमा कराएं, ताकि अभिलेखों का सत्यापन और सदस्यता प्रक्रिया पूर्ण की जा सके।
संचालक मंडल ने मीडिया सिटी की भूमि की लीज वर्ष 2036 तक होने का उल्लेख करते हुए सभी भूखंडों को फ्री होल्ड कराने के लिए संबंधित मंत्रियों और अधिकारियों से संपर्क कर समाधान निकालने का निर्णय भी लिया।
बैठक में मीडिया सिटी की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से विभिन्न समितियों का गठन किया गया। आंतरिक सुरक्षा की जिम्मेदारी संतोष साहू एवं कृष्णा गोस्वामी, पेयजल एवं स्वच्छता व्यवस्था की जिम्मेदारी संतोष साहू, बिजली व्यवस्था की जिम्मेदारी चंदन साहू एवं संतोष साहू, कम्युनिटी हॉल की जिम्मेदारी संजय शुक्ला एवं संजीव वर्मा, जबकि शिवालय मंदिर की व्यवस्था दानसिंह देवांगन एवं श्रीमती निवेदिता चक्रवर्ती को सौंपी गई।
इसके अलावा संचालक मंडल के विस्तार के तहत वरिष्ठ सदस्यों अशोक साहू, राजेश मिश्रा और भोलाराम सिन्हा को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाए जाने का भी निर्णय लिया गया।बैठक में समिति के अध्यक्ष प्रेम पाठक सहित सुशील अग्रवाल, चंदन साहू, संजीव वर्मा, संजय शुक्ला, कृष्णा गोस्वामी, संतोष साहू, दानसिंह देवांगन एवं श्रीमती निवेदिता चक्रवर्ती सहित संचालक मंडल के सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में लिए गए निर्णयों को मीडिया सिटी के सुव्यवस्थित संचालन और पारदर्शी सदस्यता व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें