"""8 news cg -"""अवैध शिकार बना मौत की वजह: सीने में तीन गोलियां लगने से युवक की मौत, 20 दिन बाद पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा, 12 गिरफ्तार,,,,,

शेख असलम की रिपोर्ट,,,,,
अवैध शिकार बना मौत की वजह: सीने में तीन गोलियां लगने से युवक की मौत, 20 दिन बाद पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा, 12 गिरफ्तार

बिलासपुर /GPM -गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में अवैध शिकार के दौरान हुई एक युवक की मौत का पुलिस ने करीब 20 दिन बाद सनसनीखेज खुलासा किया है। शिकार के दौरान चली गोली युवक के सीने में लगी थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने के लिए परिजनों को जान से मारने की धमकी देकर शव का जल्दबाजी में अंतिम संस्कार करा दिया। मामले में पुलिस ने 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर हथियार और अन्य सामान जब्त किया है।
गौरेला थाना क्षेत्र के ग्राम दरमोहली में 27 जून 2026 की रात अवैध शिकार के दौरान हुई युवक सरवन सिंह कुशराम की मौत के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। इस मामले में 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक भरमार बंदूक, एक एयर गन और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 28 जून को ग्राम कोटवार ने सूचना दी थी कि सरवन सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है और बिना पुलिस को सूचना दिए उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी के निर्देशन में एफएसएल टीम के साथ जांच शुरू की गई।
शुरुआत में मृतक के परिजनों ने पेट दर्द और खून की उल्टी से मौत होने की बात कही थी, लेकिन घर में मिले खून के धब्बों और परिस्थितियों ने पुलिस का शक बढ़ा दिया। पोस्टमार्टम संभव नहीं हो सका क्योंकि शव का पहले ही दाह संस्कार किया जा चुका था। इसके बाद पुलिस ने गहन जांच, मुखबिरों की सूचना और लगातार पूछताछ शुरू की।
करीब 20 दिन बाद मृतक के बड़े भाई पवन सिंह ने पुलिस को बताया कि सरवन की मौत बीमारी से नहीं बल्कि अवैध शिकार के दौरान चली गोली से हुई थी। उसने बताया कि जंगल में शिकार के दौरान आरोपी रामायण कुशराम ने भरमार बंदूक से फायर किया, जिसकी तीन गोलियां सरवन के सीने में लगीं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद सभी आरोपियों ने मृतक के भाई और पिता को जंगल बुलाकर हाथ जोड़कर मामला दबाने की कोशिश की। जब उन्होंने पुलिस को सूचना देने की बात कही तो आरोपियों ने दोनों को गोली मारने की धमकी दी। डर के कारण परिवार ने पुलिस से सच्चाई छिपा ली और अगले ही दिन शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
बाद में जब परिजनों ने पूरी घटना पुलिस को बताई तो जांच में आरोप सही पाए गए। पुलिस ने हत्या, साक्ष्य छिपाने, आपराधिक धमकी और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।आरोपियों में दरमोहली, पड़खुरी (गौरेला) और मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के पंडरीपानी गांव के निवासी शामिल हैं। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त भरमार बंदूक, एयर गन और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
इस पूरे मामले की जांच में उप पुलिस अधीक्षक सत्यकला रामटेके, थाना प्रभारी निरीक्षक शनिप रात्रे, एफएसएल टीम, साइबर सेल और थाना गौरेला के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।पुलिस का कहना है कि अवैध शिकार के दौरान हुई इस मौत को छिपाने के लिए आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से सबूत मिटाने और गवाहों को डराने का प्रयास किया, लेकिन वैज्ञानिक जांच और लगातार पूछताछ के चलते पूरे मामले का खुलासा करने में सफलता मिली।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

Bilaspur news-" खड़ी माल गाड़ी से सवारी ट्रेन टकराई कई लोगों के मारे जाने की आशंका कई घायल,, बचाव कार्य जारी

Bilaspur news-"नेशनल कॉन्वेंट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भारतीय नगर के द्वारा हर साल की तरह इस साल भी व्यंजन मेला का आयोजन,,,

Bilaspur news-"अनोखी शादी 17 मिनट मे"ये बड़ा वैवाहिक कार्यक्रम हुआ सम्पन्न,,,