""""8 news cg -"""जमीन विवाद ने लिया खूनी रूप: परिवार के सदस्यों ने लाठी-डंडों से पीटकर की हत्या""पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार,,,,
शेख असलम की रिपोर्ट,,,,
जमीन विवाद ने लिया खूनी रूप: परिवार के सदस्यों ने लाठी-डंडों से पीटकर की हत्या, जीपीएम पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार
बिलासपुर /गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही-जिले के थाना गौरेला क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नेवसा के लिखनटोला में जमीन संबंधी पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान लाठी-डंडों से की गई मारपीट में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मामले में गौरेला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना का खुलासा कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त चार लकड़ी के लाठी-डंडे भी बरामद कर जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, ग्राम पतेरापारा नेवसा निवासी दुर्गेश यादव ने 27 जुलाई 2026 को थाना गौरेला में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि उसके पिता खूबचंद यादव और परिवार के अन्य सदस्यों के बीच ग्राम नेवसा स्थित जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। 27 जुलाई की सुबह करीब 9 बजे वह अपने पिता के साथ लिखनटोला स्थित जमीन पर खेती का कार्य करने गया था। इसी दौरान परिवार के अन्य सदस्य भी वहां पहुंच गए और जमीन को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद गाली-गलौज और मारपीट में बदल गया।
आरोप है कि इसी दौरान आरोपियों ने खूबचंद यादव के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गौरेला पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की।प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना गौरेला में अपराध क्रमांक 321/2026 के तहत बीएनएस की धारा 190, 191(2) एवं 103(1) में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। पुलिस अधीक्षक श्री मनोज कुमार खिलारी ने मामले में तत्काल कार्रवाई के निर्देश थाना प्रभारी को दिए।
निर्देश के बाद पुलिस टीम ने एफएसएल अधिकारी डॉ. त्रिपाठी के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक के शव का पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई गई। घटनास्थल से खून लगी मिट्टी सहित सादी मिट्टी के नमूने भी जप्त किए गए। पुलिस ने प्रार्थी एवं अन्य गवाहों के बयान दर्ज कर घटना से जुड़े साक्ष्यों को एकत्रित किया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर आरोपियों को हिरासत में लेकर अलग-अलग पूछताछ की। पूछताछ एवं मेमोरण्डम कथन के आधार पर आरोपियों द्वारा घटना में इस्तेमाल किए गए लाठी-डंडों को अपने-अपने घर में छिपाकर रखना बताया गया। पुलिस टीम ने आरोपियों की निशानदेही पर उनके निवास स्थान से वारदात में प्रयुक्त चार लकड़ी के लाठी-डंडे बरामद कर विधिवत जब्त किए।
पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों के कथनों के आधार पर मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में रामलाल यादव (37), बिसाहू यादव (60), बुधईया बाई उर्फ बुधिया यादव (60) और मुकेश यादव (20) शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम नेवसा के लिखनटोला, थाना गौरेला क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चार नग लकड़ी के लाठी-डंडे जप्त किए हैं। मामले में आरोपियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है और प्रकरण की अग्रिम विवेचना जारी है।इस कार्रवाई में निरीक्षक शनिप रात्रे, उप निरीक्षक अरविंद मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक सहस राम रजक, पीएसआई आकाश बघेल, पीएसआई नेहा रावटे, आरक्षक कौशलेन्द्र बघेल, आरक्षक देवेन्द्र सोनवानी एवं महिला आरक्षक सेमकली मार्को की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जीपीएम पुलिस ने आमजन से अपील की है कि जमीन अथवा किसी भी प्रकार के पारिवारिक विवाद में कानून को अपने हाथ में न लें। विवाद की स्थिति में शांतिपूर्ण एवं वैधानिक तरीके से समाधान का प्रयास करें तथा आवश्यकता पड़ने पर पुलिस को तत्काल सूचना दें।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें