"8 NEWS CG -""बिलासपुर व अन्य जिलों की ख़ास खबरें,,,,,

शेख असलम की रिपोर्ट,,,,,
तितली चौक के पास नाले में अज्ञात महिला का अर्धनग्न शव मिलने से सनसनी, पहचान में जुटी पुलिस,,,,
बिलासपुर-शहर के तोरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत रेलवे परिसर स्थित तितली चौक के पास मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब नाले में एक अज्ञात महिला का अर्धनग्न शव मिला। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर तोरवा थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी तत्काल घटनास्थल पहुंचे तथा शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।प्रारंभिक जांच के अनुसार मृतका की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और महिला की शिनाख्त के लिए जिले सहित आसपास के जिलों के सभी थाना क्षेत्रों में उसकी तस्वीर भेजी गई है।सीएसपी कोतवाली गगन कुमार ने बताया कि महिला की पहचान कराने के लिए गुमशुदगी के मामलों का मिलान किया जा रहा है। पहचान होने के बाद ही मौत के कारणों और घटना की वास्तविक परिस्थितियों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हत्या, दुर्घटना और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।

खेतों से केबल वायर चोरी करने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी का तांबा तार और बाइक बरामद,,,,
रायगढ़-पुसौर पुलिस ने खेतों में सिंचाई के लिए लगाए गए बोरवेल के केबल वायर चोरी करने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के केबल को जलाकर निकाला गया करीब दो किलोग्राम तांबे का तार तथा वारदात में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल (CG-13 AV-0523) बरामद की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस को किसानों से लगातार केबल चोरी की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद मुखबिर तंत्र सक्रिय कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।जांच के दौरान रेंगालपाली निवासी विक्रांत सिदार (22) और दिगम्बर मांझी (26) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें दोनों ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर चोरी का तांबा तार और मोटरसाइकिल बरामद कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

'सजग कोरबा, सतर्क कोरबा' अभियान के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर बड़ी कार्रवाई, एक दिन में 20 चालक पकड़ाए,,,,,
कोरबा-सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे "सजग कोरबा, सतर्क कोरबा" अभियान के तहत जिलेभर में विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए 20 चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई।पुलिस के अनुसार कार्रवाई में 8 चारपहिया एवं 12 दोपहिया वाहन चालक शामिल हैं। सभी मामलों में नियमानुसार वैधानिक एवं न्यायालयीन प्रक्रिया अपनाई जा रही है।कोरबा पुलिस ने बताया कि 1 जनवरी 2026 से अब तक जिले में शराब पीकर वाहन चलाने के 1143 मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है। प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर ब्रेथ एनालाइजर के माध्यम से लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है।पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि शराब या किसी भी नशीले पदार्थ का सेवन करने के बाद वाहन न चलाएं तथा हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें।
हाई स्कूल में चौकीदार ने लगाई फांसी, स्कूल परिसर में मिला शव; जांच में जुटी पुलिस,,,,,
जांजगीर-चांपा। अकलतरा नगर स्थित राजेंद्र कुमार सिंह हाई स्कूल में सोमवार सुबह चौकीदार श्याम कुमार (निवासी कटघरी) का शव स्कूल परिसर में फांसी के फंदे पर लटका मिलने से हड़कंप मच गया।जानकारी के अनुसार सुबह करीब 6:30 बजे स्कूल पहुंचे सफाई कर्मचारी ने शव देखा और तत्काल स्कूल प्रबंधन तथा पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। घटनास्थल से किसी सुसाइड नोट की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस परिजनों, स्कूल स्टाफ एवं परिचितों से पूछताछ कर मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
कोनी क्षेत्र में युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या,कारण अज्ञात,,,,,
बिलासपुर- कोनी थाना क्षेत्र में 32 वर्षीय युवक बबलू तिवारी (पिता केवल दुबे, निवासी कोनी) का शव फांसी के फंदे पर मिलने से क्षेत्र में शोक का माहौल है।घटना की सूचना मिलते ही कोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। मामले में मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी गई है। परिजनों एवं आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

जुए के फड़ पर वैशाली नगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10 आरोपी गिरफ्तार; ₹44,100 नकद और 9 मोबाइल जब्त
दुर्ग- वैशाली नगर थाना पुलिस ने अवैध जुआ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए स्टील नगर कैम्प-1 स्थित एक मकान में संचालित जुए के फड़ पर दबिश देकर 10 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 52 पत्ती ताश, ₹44,100 नगद तथा 9 मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार 6 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि स्टील नगर कैम्प-1 स्थित ए. सरस्वती के मकान में सत्य साई होटल के पास हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खिलाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की।
दबिश के दौरान 10 लोग जुआ खेलते मिले। पुलिस को देखकर आरोपी भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन सभी को मौके पर ही पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान नकदी, ताश की गड्डियां और मोबाइल फोन बरामद किए गए।
सभी आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 282/2026 दर्ज कर छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 4 एवं 5 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आम नागरिकों से जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है तथा स्पष्ट किया है कि ऐसे अपराधों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

Bilaspur news-" खड़ी माल गाड़ी से सवारी ट्रेन टकराई कई लोगों के मारे जाने की आशंका कई घायल,, बचाव कार्य जारी

Bilaspur news-"नेशनल कॉन्वेंट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भारतीय नगर के द्वारा हर साल की तरह इस साल भी व्यंजन मेला का आयोजन,,,

Bilaspur news-"अनोखी शादी 17 मिनट मे"ये बड़ा वैवाहिक कार्यक्रम हुआ सम्पन्न,,,