"8 news cg -""पुरानी रंजिश में दो पड़ोसी परिवारों के बीच खूनी संघर्ष, लाठी-डंडों से हमला; दोनों पक्षों की एफआईआर, जांच शुरू,,,,,,
शेख असलम की रिपोर्ट,,,,
पुरानी रंजिश में दो पड़ोसी परिवारों के बीच खूनी संघर्ष, लाठी-डंडों से हमला; दोनों पक्षों की एफआईआर, जांच शुरू
बिलासपुर-कोनी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सेमरताल अंतर्गत भदोरिया खार बरपाली में मंगलवार रात पुरानी रंजिश को लेकर दो पड़ोसी परिवारों के बीच हिंसक झड़प हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों से जमकर मारपीट हुई। घटना में महिला-पुरुष सहित एक दर्जन से अधिक लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए कोनी थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर अपराध पंजीबद्ध कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पहले पक्ष के हरवंश उर्फ राजू लोनिया ने शिकायत में बताया कि उनके घर के सामने रहने वाले हरीशानंद लोनिया, परमानंद, संतोषानंद तथा उनके बेटों से लंबे समय से जमीन और पानी निकासी को लेकर विवाद चला आ रहा है। आरोप है कि आरोपी सड़क पर मिट्टी डाल देते हैं, जिससे पानी की निकासी बाधित होती है। इस बात का विरोध करने पर मंगलवार रात करीब 8:45 बजे सभी आरोपी उनके घर पहुंचे, गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। शोर सुनकर उनके पिता बैसाखूराम तथा ग्रामीण विक्की और सुमित मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया।
वहीं दूसरे पक्ष के हरीशानंद लोनिया ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि वह अपने घर के आंगन में मौजूद थे, तभी सामने रहने वाले राजेश लोनिया ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर राजेश, उसका भाई राजू और भानू लाठी-डंडे लेकर पहुंचे, जबकि उनके पिता बैसाखू भी मारपीट में शामिल हो गए। शिकायत के अनुसार चारों ने मिलकर हमला किया, जिससे उन्हें चोटें आईं। हरीशानंद का यह भी आरोप है कि थाना में शिकायत करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई।घटना के बाद दोनों पक्षों के घायल लोगों का उपचार कराया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है। फिलहाल विवाद की वास्तविक वजह, मारपीट की परिस्थितियों, घायलों की संख्या तथा दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप की जांच की जा रही है।
कोनी थाना पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें