"8 news cg -""निर्माणाधीन मकान में काम के दौरान युवक की मौत"""हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने की आशंका,,,,
शेख असलम की रिपोर्ट,,,,,
निर्माणाधीन मकान में काम के दौरान युवक की मौत, हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने की आशंका
बिलासपुर-सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान में पुट्टी का कार्य कर रहे एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक के ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान छोटू साहू (24 वर्ष) पिता स्वर्गीय तुलाराम साहू, निवासी वार्ड क्रमांक-12, नयापारा, सिरगिट्टी के रूप में हुई है। वह पेशे से पेंटर था और वार्ड क्रमांक-11 स्थित शनि मंदिर के पास मोहनलाल यादव के निर्माणाधीन मकान की पहली मंजिल पर अपने साथी के साथ पुट्टी का कार्य कर रहा था।
बताया जा रहा है कि काम के दौरान उसका साथी झूले पर चढ़कर दीवार पर पुट्टी कर रहा था, जबकि छोटू ऊपर से झूले को संभाल रहा था। इसी दौरान उसके सिर के ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आने की आशंका है। करंट लगने के बाद वह गंभीर रूप से झुलसकर नीचे गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल करंट लगने की आशंका के आधार पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य जांच के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें