"""8 news cg -"""आत्मरक्षा का संकल्प, आत्मविश्वास का संदेश—लीनेस क्लब की पहल से महिलाओं ने सीखे सुरक्षा के गुर,,,
शेख असलम की रिपोर्ट,,,,
आत्मरक्षा का संकल्प, आत्मविश्वास का संदेश—लीनेस क्लब की पहल से महिलाओं ने सीखे सुरक्षा के गुर।
बिलासपुर =ऑल इंडिया लीनेस क्लब्स सी.जी.-1 स्वर्णिम की इकाई लीनेस क्लब बिलासपुर सुप्रीम द्वारा युवतियों और महिलाओं को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक एवं सक्षम बनाने के उद्देश्य से एक विशेष सेल्फ डिफेंस वर्कशॉप का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में छात्राओं, हॉस्टल में रहने वाली युवतियों और महिलाओं ने भाग लेकर आत्मरक्षा के गुर सीखे।
वर्तमान समय में महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा एक बड़ी चिंता का विषय बन चुकी है। स्कूल, कॉलेज, कार्यस्थल और सार्वजनिक स्थानों पर असुरक्षा की भावना को देखते हुए आयोजित इस कार्यशाला में मार्शल आर्ट प्रशिक्षक अभिनव पांडे और श्याम सिंह ने प्रतिभागियों को आत्मरक्षा के व्यावहारिक तरीके सिखाए। उन्होंने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय आत्मविश्वास बनाए रखना और सही समय पर उचित कदम उठाना सबसे महत्वपूर्ण होता है।
प्रशिक्षकों ने कार्यशाला के दौरान विभिन्न परिस्थितियों में स्वयं को सुरक्षित रखने के तरीके, हमलावर से बचाव की तकनीकें तथा मानसिक रूप से मजबूत रहने के उपायों का प्रदर्शन भी किया। प्रतिभागियों ने इस प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उन्हें आत्मविश्वास बढ़ाने और संकट की स्थिति का सामना करने की नई सीख मिली।
कार्यक्रम को सफल बनाने में क्लब की अध्यक्ष लीनेस जॉली छाबड़ा, क्लब जनक लीनेस शशि आहूजा, सचिव राधिका गिदवानी सहित रश्मि छाबड़ा, विमला मित्तल, सोनल सोनी, रश्मि बोले, सरला गिदवानी, प्रीति अग्रवाल, पूजा गिदवानी, अंजलि जायसवाल और श्वेता झुनझुनवाला का विशेष योगदान रहा। क्लब पदाधिकारियों ने भविष्य में भी महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण से जुड़े ऐसे जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित करने की बात कही।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें