""8 news cg -""भारी बारिश पर जिला प्रशासन हाई अलर्ट: कलेक्टर संजय अग्रवाल और निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे ने संभाली कमान, राहत-बचाव तेज, क्षतिग्रस्त मकानों को मिलेगी""तत्काल सहायता,,,,,
शेख असलम की रिपोर्ट,,,,,
भारी बारिश पर जिला प्रशासन हाई अलर्ट: कलेक्टर संजय अग्रवाल और निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे ने संभाली कमान, राहत-बचाव तेज, क्षतिग्रस्त मकानों को मिलेगी तत्काल सहायता
बिलासपुर- जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। भारी वर्षा के कारण कई नदी-नाले उफान पर हैं, जबकि निचले इलाकों और बस्तियों में जलभराव की स्थिति बन गई है। हालात को देखते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सभी राजस्व, नगर निगम और संबंधित विभागों के अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के सख्त निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल सर्वे कर स्थिति का आकलन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिन परिवारों के कच्चे मकान बारिश से क्षतिग्रस्त हुए हैं, उनके प्रकरण आरबीसी 6(4) के तहत तत्काल तैयार किए जाएं, ताकि पात्र हितग्राहियों को बिना देरी राहत राशि उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने राहत कार्यों में तेजी लाने और हर प्रभावित परिवार तक प्रशासन की मदद पहुंचाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सभी एसडीएम, तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक, पटवारी और मैदानी अमले को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के लिए कहा है। विशेष रूप से नदी-नालों के जलस्तर, जलभराव वाले इलाकों और निचली बस्तियों पर नजर रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल जिला कंट्रोल रूम और वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने के भी निर्देश दिए गए हैं।
इधर, लगातार हो रही बारिश के बीच कलेक्टर संजय अग्रवाल और नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे स्वयं छाता लेकर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। अधिकारियों को मौके पर आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए उन्होंने जल निकासी, प्रभावित क्षेत्रों में राहत व्यवस्था और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आम जनता से प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी, नाले, रपटों और जलभराव वाले स्थानों के पास जाने से बचें। उफनते नदी-नालों को पार करने का प्रयास न करें और बच्चों को ऐसे स्थानों से दूर रखें। पुल-पुलियों पर पानी बहने की स्थिति में किसी भी प्रकार का जोखिम न लें तथा जर्जर या क्षतिग्रस्त मकानों में रहने से बचें।
यदि किसी क्षेत्र में जलभराव या मकान क्षतिग्रस्त होने की स्थिति हो तो तत्काल स्थानीय प्रशासन या राजस्व अमले को सूचना दें।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि भारी बारिश के दौरान आमजन की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और जरूरत के अनुसार राहत एवं बचाव के सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें