"8news cg -""SSP भोजराम पटेल ने मुंगेली पुलिस को सौंपे 68 मोबाइल डाटा टर्मिनल, अब घटनास्थल से ही होगी डिजिटल विवेचना,,,
शेख असलम की रिपोर्ट,,,,
SSP भोजराम पटेल ने मुंगेली पुलिस को सौंपे 68 मोबाइल डाटा टर्मिनल, अब घटनास्थल से ही होगी डिजिटल विवेचना
मुंगेली- जिले में नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन और विवेचना प्रक्रिया को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) भोजराम पटेल (भा.पु.से.) ने महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिले के थाना एवं चौकी प्रभारियों तथा विवेचकों को 68 मोबाइल डाटा टर्मिनल (MDT) वितरित किए हैं। इन उपकरणों के माध्यम से अब पुलिस विवेचक घटनास्थल से ही डिजिटल साक्ष्य, गवाहों के बयान, फोटो और वीडियो ऑनलाइन अपलोड कर सकेंगे, जिससे जांच प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, त्वरित और प्रभावी होगी।
SSP भोजराम पटेल ने बताया कि नई आपराधिक न्याय व्यवस्था के अनुरूप पुलिस विवेचना को आधुनिक तकनीक से जोड़ना समय की आवश्यकता है। MDT डिवाइस उपलब्ध होने से विवेचक मौके पर ही आवश्यक दस्तावेज, डिजिटल साक्ष्य और अन्य जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। इससे विवेचना में होने वाली अनावश्यक देरी कम होगी और वरिष्ठ अधिकारी भी मामलों की रियल टाइम मॉनिटरिंग कर सकेंगे।
कार्यक्रम में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी तथा विवेचक उपस्थित रहे। इस दौरान विभिन्न थाना और चौकियों को आवश्यकता के अनुसार MDT डिवाइस वितरित किए गए। इनमें सिटी कोतवाली मुंगेली और थाना लोरमी को 10-10, थाना पथरिया, लालपुर, जरहागांव और बिल्हा (विल्फी) को 6-6, थाना सरगांव को 7, थाना फास्टरपुर को 5, चौकी डिंडौरी को 4, चौकी खुड़िया को 3, चौकी साकेत और अजाक थाना को 2-2 तथा साइबर सेल को 1 डिवाइस प्रदान किया गया। कुल 68 मोबाइल डाटा टर्मिनल जिले में वितरित किए गए।
पुलिस विभाग के अनुसार MDT के उपयोग से घटनास्थल से ही फोटो, वीडियो, गवाहों के बयान और अन्य डिजिटल साक्ष्य तत्काल ऑनलाइन अपलोड किए जा सकेंगे। इससे विवेचना की गुणवत्ता में सुधार होगा, जवाबदेही बढ़ेगी और जांच अधिक सटीक एवं समयबद्ध तरीके से पूरी की जा सकेगी।
SSP भोजराम पटेल ने कहा कि डिजिटल पुलिसिंग को मजबूत करने की यह पहल आम नागरिकों को बेहतर, पारदर्शी और त्वरित पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। नई तकनीक के उपयोग से जांच प्रणाली और अधिक आधुनिक, प्रभावी तथा विश्वसनीय बनेगी।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें