""""8 news cg -"""रिलायंस ज्वेलर्स में ₹17.50 लाख के सोने की हेराफेरी का खुलासा"""पूर्व कर्मचारी गिरफ्तार; 80 ग्राम सोना बरामद,,,,,

शेख असलम की रिपोर्ट,,,,,
रिलायंस ज्वेलर्स में ₹17.50 लाख के सोने की हेराफेरी का खुलासा, पूर्व कर्मचारी गिरफ्तार; 80 ग्राम सोना बरामद

बिलासपुर /रायपुर- राजधानी रायपुर के गोलबाजार स्थित रिलायंस ज्वेलर्स में लाखों रुपये के सोने के आभूषणों की सुनियोजित हेराफेरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में कंपनी के पूर्व कर्मचारी मनोज यादव को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर करीब 80 ग्राम सोने के आभूषण, जिनकी अनुमानित कीमत ₹14.50 लाख है, तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। मामले में आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार गोलबाजार थाना क्षेत्र स्थित रिलायंस ज्वेलर्स के स्टोर मैनेजर की लिखित शिकायत पर अपराध क्रमांक 116/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(4) में मामला दर्ज किया गया। शिकायत में बताया गया कि स्टोर में रखे करीब 103.832 ग्राम वजन के तीन सेट (पांच नग) 22 कैरेट सोने के कंगनों की जगह समान वजन और डिजाइन के नकली कंगन रख दिए गए थे। इस हेराफेरी से कंपनी को लगभग ₹17.50 लाख का नुकसान हुआ।मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल के निर्देश पर परिवीक्षाधीन उप पुलिस अधीक्षक अमित कोसमा और थाना प्रभारी स्वराज त्रिपाठी के नेतृत्व में विशेष जांच शुरू की गई। स्टॉक ऑडिट, दस्तावेजों की जांच, तकनीकी विश्लेषण और गहन पूछताछ के दौरान संदेह कंपनी के पूर्व कर्मचारी मनोज यादव पर गया। शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन ठोस साक्ष्यों के सामने उसने अपराध स्वीकार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वर्ष 2017 से रिलायंस ज्वेलर्स में कार्यरत था और स्टोर की कार्यप्रणाली से पूरी तरह परिचित था। आर्थिक तंगी, कर्ज और वित्तीय दबाव के चलते उसने पहले ग्राहकों द्वारा मासिक जमा योजना (Monthly Deposit Scheme) के तहत जमा कराई गई राशि का निजी उपयोग किया। बाद में जब ग्राहकों ने आभूषणों की मांग की, तो उसने स्टोर से असली सोने के कंगन निकालकर उनकी जगह समान वजन और डिजाइन के नकली कंगन रख दिए।जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी कंपनी की अधिकृत मेल्टिंग प्रक्रिया का फायदा उठाकर आधिकारिक यूनिफॉर्म में स्वर्ण शोधन केंद्र पहुंचता था, जिससे किसी को उस पर संदेह नहीं होता था। वहां असली सोना गलवाकर वह विभिन्न ग्राहकों के लेन-देन में उसका उपयोग करता रहा और कुछ मामलों में ग्राहकों को यह कहकर आभूषण देता था कि वे उन्हें स्टोर में एक्सचेंज करा सकते हैं।
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी ने किश्तों के माध्यम से आभूषण खरीदने वाली दो महिला ग्राहकों के साथ भी धोखाधड़ी की। उनके पैसों और आभूषणों में हेराफेरी करने के बाद उन्हें फर्जी बिल देकर वास्तविक स्थिति छिपाने की कोशिश की गई। रिलायंस ज्वेलर्स से सत्यापन कराने पर ये बिल फर्जी पाए गए। इसके बाद मामले में धारा 336(3), 318(4), 338 और 340(2) बीएनएस भी जोड़ी गईं।
विवेचना के दौरान आरोपी के मोबाइल फोन की जांच में यह भी सामने आया कि वह पुलिस जांच, गिरफ्तारी, जमानत और पूछताछ से संबंधित जानकारियां इंटरनेट और AI आधारित प्लेटफॉर्म के माध्यम से खोज रहा था। पुलिस अब आरोपी के आर्थिक लेन-देन, संभावित अन्य पीड़ितों और इस पूरे नेटवर्क में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता की भी जांच कर रही है।पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर लगभग 80 ग्राम सोने के आभूषण, जिनकी कीमत करीब ₹14.50 लाख है, एक रेडमी मोबाइल फोन तथा फर्जी बिलों से जुड़े दस्तावेज जब्त किए हैं। मामले में आगे की विस्तृत विवेचना जारी है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

Bilaspur news-" खड़ी माल गाड़ी से सवारी ट्रेन टकराई कई लोगों के मारे जाने की आशंका कई घायल,, बचाव कार्य जारी

Bilaspur news-"नेशनल कॉन्वेंट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भारतीय नगर के द्वारा हर साल की तरह इस साल भी व्यंजन मेला का आयोजन,,,

Bilaspur news-"अनोखी शादी 17 मिनट मे"ये बड़ा वैवाहिक कार्यक्रम हुआ सम्पन्न,,,