""""8 news cg-"""चरित्र पर संदेह में प्रेमिका की हत्या, 24 घंटे के भीतर आरोपी प्रेमी गिरफ्तार,,,,
शेख असलम की रिपोर्ट,,,,,
चरित्र पर संदेह में प्रेमिका की हत्या, 24 घंटे के भीतर आरोपी प्रेमी गिरफ्तार,,,,
बिलासपुर /रायपुर- रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने खमतराई थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय युवती की हत्या के सनसनीखेज मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने युवती के चरित्र पर संदेह के चलते उसकी हत्या की। वारदात को अंजाम देने के लिए पहले उसने युवती के मुंह में उसका दुपट्टा ठूंसा, फिर उसी दुपट्टे से गला कस दिया और मौत सुनिश्चित करने के लिए पानी से भरे खेत में उसका सिर डुबो दिया।
घटना 4 अगस्त 2026 को सामने आई, जब खमतराई थाना क्षेत्र के डब्ल्यूआरएस स्थित सोलापुरी माता मंदिर के पीछे पानी से भरे खेत में एक अज्ञात युवती का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही थाना खमतराई पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल के निरीक्षण में युवती के गले पर चोट और दबाव के निशान मिलने से मामला हत्या का प्रतीत हुआ। इसके बाद मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान मृतका की पहचान नंदिनी जाल उर्फ नंदिनी जैन (19 वर्ष) निवासी सिया रेसिडेंसी, एमएमआई अस्पताल के पीछे, रायपुर के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों ने स्पष्ट किया कि युवती की हत्या गला घोंटने और बाद में पानी में सिर डुबोने से हुई थी। इसके आधार पर थाना खमतराई में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना खमतराई पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। मृतका के परिजनों और परिचितों से पूछताछ के दौरान उसके प्रेमी करण तांडी (23 वर्ष) निवासी त्रिमूर्ति नगर, देवेंद्र नगर, रायपुर पर संदेह जताया गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन वैज्ञानिक साक्ष्यों और लगातार पूछताछ के बाद उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि लगभग चार वर्ष पहले उसकी पहचान नंदिनी से इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध विकसित हुआ और कुछ समय तक वे साथ भी रहे। बाद में युवती अलग रहने लगी, जिसके बाद आरोपी उसके चरित्र पर संदेह करने लगा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लगातार विवाद होता था।
आरोपी के अनुसार, 3 अगस्त की शाम नंदिनी उससे मिलने की उम्मीद में डब्ल्यूआरएस कॉलोनी स्थित सोलापुरी माता मंदिर क्षेत्र पहुंची थी। आरोपी भी वहां पहुंचा और उसे पास के खेत की ओर ले गया। बातचीत के दौरान जब उसने युवती से अन्य युवकों से संबंध होने की बात पूछी और युवती ने इससे इनकार किया, तो आरोपी गुस्से में आ गया। उसने दुपट्टे से पहले युवती का मुंह बंद किया, फिर उसी से गला कसकर उसकी हत्या कर दी और शव को पानी से भरे खेत में छोड़कर फरार हो गया।पुलिस ने आरोपी करण तांडी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की आगे की विवेचना जारी है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें