""""8 news cg -"""30 साल पुरानी जमीन पर बड़ा फर्जीवाड़ा: राजस्व रिकॉर्ड की त्रुटि का उठाया फायदा, दो वारिसों का नाम छुपाकर दोबारा कराई रजिस्ट्री; जमीन दलाल गिरफ्तार,,,,

शेख असलम की रिपोर्ट,,,,
बिलासपुर में 30 साल पुरानी जमीन पर बड़ा फर्जीवाड़ा: राजस्व रिकॉर्ड की त्रुटि का उठाया फायदा, दो वारिसों का नाम छुपाकर दोबारा कराई रजिस्ट्री; जमीन दलाल गिरफ्तार


बिलासपुर। देवरीखुर्द क्षेत्र में करीब 30 वर्ष पुरानी जमीन को लेकर सामने आए बहुचर्चित फर्जीवाड़े में सिविल लाइन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जमीन दलाल रमेश खत्री को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि राजस्व रिकॉर्ड में मौजूद कथित त्रुटि, फर्जी दस्तावेजों और झूठे शपथ पत्र का सहारा लेकर पहले से बिक चुकी जमीन की दोबारा रजिस्ट्री कराई गई। मामले में पुलिस ने आरोपी रमेश खत्री, संजय गढ़वाली एवं अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और फर्जी दस्तावेजों के उपयोग सहित विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, जूना बिलासपुर निवासी शशि बाई रजक (50 वर्ष), पति उत्तमलाल रजक ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने 23 नवंबर 1992 को देवरीखुर्द स्थित खसरा नंबर 98/14, रकबा 1308 वर्गफीट (करीब 3 डिसमिल) भूमि स्वर्गीय सरस्वती बाई गढ़वाली के तीनों पुत्रों विजय गढ़वाली, अजय गढ़वाली और संजय गढ़वाली से विधिवत पंजीकृत विक्रय पत्र के माध्यम से खरीदी थी। सरस्वती बाई का निधन मार्च 1992 में हो चुका था और उत्तराधिकार दर्ज होने के बाद तीनों वारिसों ने संयुक्त रूप से भूमि का विक्रय किया था। शिकायतकर्ता का कहना है कि तब से उनका उक्त भूमि पर लगातार कब्जा है।
राजस्व रिकॉर्ड की दोहरी प्रविष्टि का उठाया फायदा,,,,
जांच में सामने आया कि वर्ष 2021 में जमीन दलाल रमेश खत्री ने राजस्व रिकॉर्ड में एक ही भूमि के दो अलग-अलग खसरा नंबर 98/14 और 98/3 दर्ज होने की कथित त्रुटि का लाभ उठाया। आरोप है कि उसने संजय गढ़वाली के साथ मिलकर पहले से बिक चुकी भूमि को फिर से बेचने की साजिश रची।
दो वारिसों का नाम छुपाकर दिया झूठा शपथ पत्र
शिकायत के अनुसार, वर्ष 1992 की मूल रजिस्ट्री में सरस्वती बाई के तीनों पुत्रों का स्पष्ट उल्लेख होने के बावजूद नामांतरण की प्रक्रिया के दौरान तहसील न्यायालय में बाकी दो वारिस विजय गढ़वाली और अजय गढ़वाली का नाम जानबूझकर छुपा दिया गया। आरोपियों ने संजय गढ़वाली को सरस्वती बाई का एकमात्र पुत्र बताते हुए झूठा शपथ पत्र प्रस्तुत किया और उसी आधार पर नामांतरण करा लिया।
फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र और दस्तावेज तैयार करने का आरोप
मामले में यह भी आरोप है कि पूरी प्रक्रिया को अंजाम देने के लिए वर्ष 1992 में दिवंगत हो चुकी सरस्वती बाई का वर्ष 2021 में फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार कराया गया। इसके साथ ही आधार कार्ड सहित अन्य कूटरचित दस्तावेज तैयार कर 9 दिसंबर 2021 को नई चौहद्दी दर्शाते हुए उसी भूमि की रजिस्ट्री उर्मिला गुलहरे के नाम करा दी गई।
सीमांकन रिपोर्ट और पुराने दस्तावेजों से खुली पोल
जांच के दौरान वर्ष 1993 की रजिस्ट्री में खरीदार उर्मिला गुलहरे के पति सुशील गुलहरे की भूमि की चौहद्दी में शशि बाई रजक की भूमि का उल्लेख मिलने की बात सामने आई। वहीं 19 सितंबर 2022 को राजस्व विभाग द्वारा कराए गए सीमांकन में भी शशि बाई रजक के कब्जे को सही पाया गया और विवादित दावे को स्वीकार नहीं किया गया। इन दस्तावेजों ने कथित फर्जीवाड़े की परतें खोल दीं।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
सिविल लाइन थाना पुलिस ने शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर रमेश खत्री, संजय गढ़वाली एवं अन्य सहयोगियों के खिलाफ धारा 420, 467, 468, 471 एवं 34 के तहत अपराध दर्ज किया। इसके बाद मुख्य आरोपी और जमीन दलाल रमेश खत्री को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
दस्तावेजों और राजस्व प्रक्रिया की होगी गहन जांच
पुलिस का कहना है कि मामले में उपयोग किए गए सभी दस्तावेज, नामांतरण की प्रक्रिया, राजस्व रिकॉर्ड में की गई प्रविष्टियां और रजिस्ट्री से जुड़े अभिलेखों की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच के दौरान यदि किसी अन्य व्यक्ति या अधिकारी की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। यह मामला राजस्व अभिलेखों में कथित गड़बड़ी का लाभ उठाकर जमीन की दोबारा बिक्री करने के गंभीर आरोपों के कारण शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

Bilaspur news-" खड़ी माल गाड़ी से सवारी ट्रेन टकराई कई लोगों के मारे जाने की आशंका कई घायल,, बचाव कार्य जारी

Bilaspur news-"नेशनल कॉन्वेंट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भारतीय नगर के द्वारा हर साल की तरह इस साल भी व्यंजन मेला का आयोजन,,,

Bilaspur news-"अनोखी शादी 17 मिनट मे"ये बड़ा वैवाहिक कार्यक्रम हुआ सम्पन्न,,,