""""8 news cg -""""रायपुर में पुलिस का बड़ा एक्शन: पेपर लीक कांड का पर्दाफाश, वॉश-वॉश ठगी गिरोह के 7 आरोपी गिरफ्तार; चोरी का ई-रिक्शा बरामद"गांजा तस्कर दबोचा और ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर 472 से अधिक ई-चालान,,,
रायपुर में पुलिस का बड़ा एक्शन: पेपर लीक कांड का पर्दाफाश, वॉश-वॉश ठगी गिरोह के 7 आरोपी गिरफ्तार; चोरी का ई-रिक्शा बरामद, गांजा तस्कर दबोचा और ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर 472 से अधिक ई-चालान
बिलासपुर/रायपुर-राज़धानी रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में 22 अगस्त को अपराध नियंत्रण, साइबर सुरक्षा, नशे के खिलाफ कार्रवाई, यातायात व्यवस्था और वैज्ञानिक विवेचना को लेकर कई अहम कार्रवाई सामने आईं। पुलिस ने इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय की कीटशास्त्र परीक्षा का पेपर लीक करने वाले मुख्य आरोपी प्रोफेसर समेत छह लोगों को 36 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया। वहीं देशभर में कथित तौर पर बड़े पैमाने पर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय वॉश-वॉश/ब्लैक करेंसी गिरोह के सात आरोपियों को पुणे से गिरफ्तार कर रायपुर लाया गया। इसके अलावा 2.742 किलो गांजा बरामद किया गया, पेट्रोलिंग के दौरान चोरी का ई-रिक्शा पकड़ा गया और प्रतिबंधित समय में मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर 472 से अधिक ई-चालान किए गए। पुलिस ने साइबर जागरूकता अभियान और फिंगरप्रिंट-NAFIS प्रशिक्षण के जरिए अपराध रोकथाम एवं जांच को भी मजबूत करने की दिशा में कदम उठाए।
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय की बीएससी कृषि द्वितीय वर्ष द्वितीय सेमेस्टर की कीटशास्त्र परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने के मामले में रायपुर पुलिस ने 36 घंटे के भीतर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मामले का मुख्य आरोपी दुर्ग स्थित भारती एग्रीकल्चर कॉलेज का प्रोफेसर योगेश सोनकेसरिया है।20 अगस्त को एजीसीएच-221 की परीक्षा निर्धारित थी। परीक्षा शुरू होने से पहले ही प्रश्नपत्र सोशल मीडिया पर वायरल होने की सूचना विश्वविद्यालय को मिली। इसके बाद थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 360/26 के तहत छत्तीसगढ़ सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम की संबंधित धाराओं और बीएनएस की धारा 316 के तहत मामला दर्ज किया गया।मामले की गंभीरता को देखते हुए 100 से अधिक पुलिसकर्मियों की टीम लगाई गई। साइबर टीम ने वायरल प्रश्नपत्र, स्क्रीनशॉट, मोबाइल नंबर, सोशल मीडिया अकाउंट और डिजिटल संपर्कों की तकनीकी जांच की। जांच के दौरान पुलिस दुर्ग निवासी अनुज मिंज तक पहुंची और पूछताछ के बाद मामले की पूरी कड़ी सामने आई।पुलिस के मुताबिक आरोपी प्रोफेसर ने प्रश्नपत्र के लिफाफे से छेड़छाड़ कर मोबाइल कैमरे से प्रश्नपत्र की रिकॉर्डिंग की और उसकी सामग्री छात्रों को बेच दी। इसके बाद प्रश्नपत्र कई छात्रों तक पहुंचा।पुलिस ने मुख्य आरोपी योगेश सोनकेसरिया सहित अजय नायक, त्रिदेव पटेल, नितिन पाण्डेय, अनुज मिंज और आदित्य साहू को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 11 हजार रुपये, छह मोबाइल फोन, वीडियो रिकॉर्डिंग डिवाइस, केबल, मोबाइल कनेक्टर, सुई, सुजा, कॉपी और फेविकोल सहित अन्य सामग्री जब्त की गई है। मामले में दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
रायपुर पुलिस ने कथित Wash & Wash/Black Currency Scam से जुड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सात आरोपियों को पुणे के खंडाला स्थित एक रिसॉर्ट से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार इस गिरोह ने वर्ष 2005 से देश के अलग-अलग राज्यों में 100 से अधिक लोगों को निशाना बनाकर अरबों रुपये की ठगी की है।मामला थाना तेलीबांधा के अपराध क्रमांक 330/26 से जुड़ा है। पुलिस ने इससे पहले दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और उनके मोबाइल फोन की डिजिटल जांच के बाद पुलिस को गिरोह के अन्य सदस्यों के पुणे में होने की जानकारी मिली।
पुलिस टीम ने लगभग एक सप्ताह तक पुणे में कैंप कर आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखी। इसके बाद खंडाला के एक रिसॉर्ट में रेड की गई, जहां आरोपी एक व्यक्ति को रकम दोगुनी करने का झांसा देकर बुलाए हुए थे। पुलिस के अनुसार पीड़ित करोड़ों रुपये लेकर वहां पहुंचा था और रकम आरोपियों को सौंप चुका था। इसी दौरान पुलिस ने कार्रवाई कर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया।आरोपियों के कब्जे से चार करोड़ रुपये से अधिक नगद, 17 मोबाइल फोन, नोट के आकार के काले पेपर, कांच की प्लेटें, दस्तावेज और अन्य सामग्री बरामद की गई है।पुलिस के मुताबिक गिरोह का तरीका लोगों को कम समय में रकम दोगुनी करने का लालच देना था। आरोपी खुद को प्रभावशाली लोगों और विदेशी निवेशकों से जुड़ा बताकर विश्वास कायम करते थे। इसके बाद कथित केमिकल प्रक्रिया के जरिए काले नोटों को असली मुद्रा में बदलने का झांसा दिया जाता था और अलग-अलग बहानों से बड़ी रकम वसूली जाती थी।गिरफ्तार आरोपियों में ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव उर्फ योगी, प्रवीण कुमार श्रीवास्तव उर्फ कैप्टन/शेट्टी/रेड्डी, मनोज कुमार श्रीवास्तव उर्फ बड़े सर, विवेक सिंह, शुभम पांडेय, योगेन्द्र चौहान और बालमुकुंद दीक्षित शामिल हैं। पुलिस के अनुसार गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
पेट्रोलिंग में मिला लावारिस ई-रिक्शा निकला चोरी का,,,,,
यातायात थाना तेलीबांधा की पुलिस टीम को शांति नगर क्षेत्र में पेट्रोलिंग के दौरान एक संदिग्ध ई-रिक्शा लावारिस हालत में मिला। पुलिस ने ई-चालान डिवाइस से वाहन की जानकारी निकाली और दर्ज मोबाइल नंबर पर वाहन मालिक से संपर्क किया।वाहन मालिक मोहम्मद जावेद ने बताया कि ई-रिक्शा चोरी हो चुका है और चोरी के संबंध में थाना गंज में एफआईआर दर्ज है। इसके बाद यातायात पुलिस ने तत्काल गंज थाना पुलिस को सूचना दी और चोरी के ई-रिक्शे को क्रेन की मदद से थाना गंज भेज दिया।पुलिस के अनुसार ई-चालान डिवाइस में उपलब्ध वाहन संबंधी जानकारी के त्वरित उपयोग से चोरी के वाहन की पहचान संभव हुई।
तेलघानी नाका में नो-एंट्री तोड़ने वालों पर सख्ती, 472 से ज्यादा ई-चालान,,,,रायपुर शहर में यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के लिए मालवाहक वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान जारी है। 18 अगस्त से शुरू अभियान में अब तक 472 से अधिक मालवाहक वाहनों पर ई-चालान की कार्रवाई की गई है।
21 अगस्त को शाम 5 से 7 बजे तक तेलघानी नाका चौक और रामनगर अंडरब्रिज क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान प्रतिबंधित समय में प्रवेश करने वाले 150 मालवाहक वाहनों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 179 के तहत ई-चालान किए गए।
यातायात पुलिस ने मालवाहक वाहन चालकों और ट्रांसपोर्टरों से निर्धारित नो-एंट्री समय एवं प्रतिबंधित मार्गों का पालन करने की अपील की है।
थाना मुजगहन पुलिस ने ग्राम धुसेरा तालाब के पास कार्रवाई करते हुए,,, 2.742 किलोग्राम गांजा बरामद किया। जब्त गांजे की कीमत लगभग 50 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि विनय दीवान नामक व्यक्ति गांजा लेकर बिक्री के लिए खड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली। आरोपी के पास मौजूद थैले से तीन पैकेटों में रखा गांजा बरामद किया गया।आरोपी विनय दीवान, उम्र 36 वर्ष, निवासी ब्राह्मणपारा धुसेरा को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ थाना मुजगहन में अपराध क्रमांक 210/26, धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
स्कूल-कॉलेजों में साइबर सुरक्षा का संदेश, करीब 800 विद्यार्थियों को जागरूक किया,,,,रायपुर कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन में साइबर जागृति अभियान और “संवाद से समाधान” के तहत विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। करीब 800 विद्यार्थियों और शिक्षकों को साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी गई।कार्यक्रमों में यूएसएसडी कोड फ्रॉड, अनकंडीशनल कॉल फॉरवर्डिंग, गिफ्ट बॉक्स फ्रॉड, सोशल मीडिया पर फर्जी फ्रेंड रिक्वेस्ट, मॉर्फिंग, एपीके फाइल फ्रॉड और डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों के बारे में समझाया गया।पुलिस ने विद्यार्थियों को “स्टॉप, थिंक एंड एक्ट” की नीति अपनाने तथा अनजान लिंक, ऐप और व्यक्ति से सावधान रहने की सलाह दी। साइबर ठगी होने पर तत्काल कार्रवाई करने और राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 के माध्यम से शिकायत करने की जानकारी भी दी गई।नॉर्थ जोन में 350 से अधिक विद्यार्थियों को साइबर जागरूकता,,,,
थाना गुढ़ियारी और पंडरी क्षेत्र के स्कूलों में भी साइबर जागृति अभियान चलाया गया। शासकीय नवीन स्कूल स्टेशन वार्ड गुढ़ियारी में करीब 200 तथा ओम शांति निकेतन स्कूल पंडरी में करीब 150 विद्यार्थियों और शिक्षक-स्टाफ को साइबर सुरक्षा की जानकारी दी गई।विद्यार्थियों को OTP, PIN, CVV और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने, संदिग्ध कॉल-मैसेज और लिंक से सावधान रहने तथा सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने की समझाइश दी गई।
फिंगरप्रिंट और NAFIS प्रशिक्षण से वैज्ञानिक जांच को मजबूती,,,,,,,रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने अपराध विवेचना को अधिक वैज्ञानिक और सटीक बनाने के लिए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए फिंगरप्रिंट एवं NAFIS पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की।प्रशिक्षण में घटनास्थल से मिले फिंगरप्रिंट की पहचान, वैज्ञानिक तरीके से उसे सुरक्षित रखने, फिंगरप्रिंट किट के उपयोग और NAFIS के माध्यम से डिजिटल मिलान की प्रक्रिया समझाई गई।पुलिस को बताया गया कि दरवाजे, खिड़की, कांच, वाहन, अलमारी और अन्य स्थानों से मिले फिंगरप्रिंट अपराधी की पहचान में महत्वपूर्ण साक्ष्य बन सकते हैं। प्रशिक्षण में डीएनए, सीसीटीवी और डिजिटल साक्ष्यों के प्रभावी उपयोग पर भी जोर दिया गया।
शिव ज्वैलर्स चोरी मामले में आरोपी की सूचना देने वाले को इनाम,,,,,,,,थाना खम्हारडीह क्षेत्र के कचना स्थित शिव ज्वैलर्स में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहे संदिग्ध आरोपी की पहचान के लिए आम लोगों से सहयोग मांगा है।पुलिस ने अपील की है कि आरोपी के संबंध में किसी व्यक्ति को जानकारी हो तो पुलिस को उपलब्ध कराएं। सूचना देने वाले को नगद इनाम से पुरस्कृत किए जाने की बात पुलिस ने कही है।
👉सूचना के लिए संपर्क: 9406118843, 9479191549,,,,रायपुर कमिश्नरेट में 22 अगस्त की पुलिस कार्रवाई में पेपर लीक से लेकर अंतरराज्यीय ठगी गिरोह, गांजा तस्करी, चोरी के वाहन की बरामदगी और यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई तक पुलिस का व्यापक अभियान दिखाई दिया। वहीं स्कूल-कॉलेजों में साइबर जागरूकता और पुलिसकर्मियों को फिंगरप्रिंट-NAFIS प्रशिक्षण देकर पुलिस ने अपराध की रोकथाम के साथ-साथ आधुनिक तकनीक आधारित जांच को भी प्राथमिकता दी है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें