""""8 news cg -""""रायपुर पुलिस का एक्शन मोड: नाबालिग से दुष्कर्म व नवजात बिक्री मामले में 9वीं गिरफ्तारी, अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश; सूने मकान की चोरी नाकाम, 12 वारंट तामील और ट्रैफिक जवानों को मिले 400 रेनकोट,,

शेख असलम की रिपोर्ट,,,,,
रायपुर पुलिस का एक्शन मोड: नाबालिग से दुष्कर्म व नवजात बिक्री मामले में 9वीं गिरफ्तारी, अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश; सूने मकान की चोरी नाकाम, 12 वारंट तामील और ट्रैफिक जवानों को मिले 400 रेनकोट,,

नाबालिग़ से दुष्कर्म, फर्जी दस्तावेज और नवजात बिक्री मामले में 9वीं गिरफ्तारी,,,, रायपुर -न्यू राजेन्द्र नगर थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म कर गर्भवती करने, फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से प्रसव कराने तथा नवजात शिशु की बिक्री से जुड़े मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के साथ प्रकरण में अब तक कुल 9 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।पुलिस के अनुसार, मामले की विवेचना और पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान सामने आया कि महिला आरोपी पूनम सागरिया ने पीड़िता की वास्तविक आयु अधिक दर्शाने और उसका नाम बदलने के उद्देश्य से फर्जी आधार कार्ड तैयार कराने के लिए पीड़िता का आधार कार्ड दलदल सिवनी, मोवा-पंडरी निवासी पिंटू सिंह को दिया था।
पुलिस टीम ने पिंटू सिंह की पतासाजी कर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने पूनम सागरिया के कहने पर मोबाइल एप के माध्यम से पीड़िता के आधार कार्ड में नाम में परिवर्तन करने तथा उसकी उम्र बढ़ाकर फर्जी आधार कार्ड तैयार करने की बात स्वीकार की। इसके बाद तैयार दस्तावेज उसने पूनम सागरिया को सौंप दिया था।
पुलिस ने आरोपी पिंटू सिंह को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक मोबाइल फोन जब्त किया है। पुलिस का कहना है कि जब्त मोबाइल फोन और विवेचना के दौरान सामने आए अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे जारी है। मामले में संलिप्त अन्य लोगों की भूमिका की भी विस्तृत जांच की जा रही है।गिरफ्तार आरोपी: पिंटू सिंह, उम्र 30 वर्ष, निवासी द्वारिका विहार, शिव मंदिर के पास, दलदल सिवनी, थाना मोवा-पंडरी, रायपुर।
रायपुर में अंतर्राज्यीय दोपहिया वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 9 वाहन बरामद,,,,,रायपुर- एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा थाना कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने घूम-घूमकर दोपहिया वाहन चोरी कर उन्हें दूसरे राज्य में बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। मामले में दो अंतर्राज्यीय आरोपियों सहित कुल तीन को पकड़ा गया है, जिनमें एक विधि के साथ संघर्षरत बालक भी शामिल है।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 9 दोपहिया वाहन, जिनकी कुल कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई गई है, बरामद की हैं। इनमें से 6 वाहनों के संबंध में रायपुर के अलग-अलग थानों में अपराध दर्ज हैं।मामले की शुरुआत उस समय हुई जब 20 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली कि मोतीबाग स्थित एक ऑटो डील दुकान में एक व्यक्ति बिना दस्तावेज के एक्टिवा बेचने पहुंचा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर टोपेश्वर साहू उर्फ संजू साहू को पकड़ा। दस्तावेज मांगने पर वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। पूछताछ में उसने वाहन चोरी करना स्वीकार किया।आगे पूछताछ में उसने रायपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 9 दोपहिया वाहन चोरी करने और उन्हें ओडिशा में अपने दो साथियों के माध्यम से बेचने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम ओडिशा रवाना हुई और भालूमुण्डा क्षेत्र से सूजल मेहेर उर्फ करण तथा विधि के साथ संघर्षरत एक बालक को पकड़ा गया।
तीनों की निशानदेही पर 9 चोरी के वाहन बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, चोरी किए गए कुछ वाहनों की पहचान छिपाने के लिए ओडिशा पासिंग की फर्जी नंबर प्लेट भी लगाई गई थी।पुलिस ने बताया कि आरोपी टोपेश्वर साहू पूर्व में भी रायपुर के विभिन्न स्थानों से 10 दोपहिया वाहन चोरी के मामले में जेल जा चुका है। तीनों आरोपियों की पहचान रायपुर में होटल में काम करने के दौरान हुई थी। बाद में उन्होंने वाहन चोरी कर उन्हें बेचने का काम शुरू कर दिया।बरामद वाहनों में 7 एक्टिवा तथा स्प्लेण्डर और एसएस बजाज सहित कुल 9 दोपहिया वाहन शामिल हैं। इनसे जुड़े मामले कोतवाली, आजाद चौक, न्यू राजेन्द्र नगर और खम्हारडीह थानों में दर्ज हैं।

पड़ोसी की सजगता से सूने मकान में चोरी की बड़ी वारदात टली, तीन मौके से पकड़े गए,,,,,रायपुर,- न्यू राजेन्द्र नगर थाना क्षेत्र की शिव विला कॉलोनी, अमलीडीह में पुलिस की त्वरित कार्रवाई से सूने मकान में होने वाली चोरी की वारदात को पुलिस ने समय रहते विफल कर दिया। मौके से एक आरोपी और विधि के साथ संघर्षरत दो बालकों सहित कुलतीन लोगों को रंगे हाथ पकड़ा गया।
जानकारी के अनुसार, 22 और 23 अगस्त की दरम्यानी रात पड़ोसी ने सूने मकान के आसपास कुछ संदिग्ध गतिविधियां देखीं। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही न्यू राजेन्द्र नगर थाना पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची तथा मकान की घेराबंदी कर अंदर प्रवेश किया।
पुलिस टीम ने मकान के भीतर तीन लोगों को चोरी की वारदात को अंजाम देने की कोशिश करते हुए पकड़ लिया। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने मकान के मुख्य दरवाजे पर लगे ताले को तोड़कर अंदर प्रवेश किया था। इसके बाद चोरी के उद्देश्य से आलमारी का ताला भी तोड़ दिया गया था।मकान की प्रार्थिया घर में ताला लगाकर महासमुंद गई हुई थीं। पड़ोसी की सतर्कता और तत्काल पुलिस को दी गई सूचना के कारण पुलिस समय पर मौके पर पहुंच गई और चोरी की वारदात होने से पहले ही आरोपियों को पकड़ लिया।पुलिस ने आरोपी दीपक देवार, उम्र 18 वर्ष, निवासी अमलीडीह चौक, रायपुर तथा विधि के साथ संघर्षरत दो बालकों को पकड़ा है। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर न्यू राजेन्द्र नगर थाने में अपराध क्रमांक 296/2026 के तहत धारा 331(3), 305, 62 बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की गई है।

खमतराई पुलिस का वारंटियों पर शिकंजा, एक दिन में 12 वारंट तामील,,,,रायपुर-अपराध नियंत्रण और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत खमतराई पुलिस ने एक ही दिन में 12 लंबित वारंटों की तामिली की है। इनमें 11 गिरफ्तारी वारंट और एक स्थाई वारंट शामिल है।
पुलिस उपायुक्त नार्थ जोन श्रीमती दीपमाला कश्यप के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नार्थ जोन आदित्य पाण्डेय तथा सहायक पुलिस आयुक्त उरला पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में थाना क्षेत्रों में लंबित गिरफ्तारी और स्थाई वारंटों की तामिली के लिए अभियान चलाया जा रहा है।इसी क्रम में 23 अगस्त को थाना प्रभारी खमतराई के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने वारंटियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी और लगातार पतासाजी की। इस दौरान कुल 12 वारंट तामील किए गए।पुलिस के अनुसार, संबंधित वारंटियों को विधिवत गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।खमतराई पुलिस द्वारा फरार एवं लंबे समय से न्यायालय में उपस्थित नहीं होने वाले वारंटियों की धरपकड़ के लिए आगे भी अभियान जारी रखने की बात कही गई है।

बारिश में ड्यूटी कर रहे ट्रैफिक जवानों को 400 रेनकोट, दो अस्पतालों का पुलिस ने जताया आभार,,,,रायपुर-बारिश के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए सड़कों पर तैनात रहने वाले यातायात पुलिस के जवानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दो निजी अस्पतालों ने पुलिस को कुल 400 रेनकोट उपलब्ध कराए हैं।उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल, भांठागांव और NH MMI हॉस्पिटल, पचपेड़ी नाका, लालपुर की ओर से यातायात पुलिस के जवानों के लिए 200-200 रेनकोट उपलब्ध कराए गए।इस सहयोग के लिए दोनों संस्थानों के प्रतिनिधियों और चिकित्सकों के सम्मान एवं आभार के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले और डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा ने अस्पताल प्रतिनिधियों का सम्मान किया तथा उनके सामाजिक सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पुलिस आयुक्त रायपुर डॉ. संजीव शुक्ला द्वारा हस्ताक्षरित प्रशस्ति पत्र भी दोनों अस्पतालों के प्रतिनिधियों को प्रदान किया गया। इसके बाद अस्पतालों की ओर से उपलब्ध कराए गए रेनकोट यातायात पुलिस के जवानों को वितरित किए गए।कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात राम कुमार बर्मन, सहायक पुलिस आयुक्त यातायात रमेश येरेवार, सहायक पुलिस आयुक्त कमलजीत पाटले, सतीश ठाकुर, सीमा अहिरवार सहित यातायात पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यातायात जवान बारिश, धूप और प्रतिकूल मौसम के बावजूद लगातार सड़क पर अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। ऐसे में रेनकोट उपलब्ध कराना जवानों की सुविधा के साथ-साथ उनके कर्तव्य और समर्पण के प्रति सम्मान का भी प्रतीक है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

Bilaspur news-" खड़ी माल गाड़ी से सवारी ट्रेन टकराई कई लोगों के मारे जाने की आशंका कई घायल,, बचाव कार्य जारी

Bilaspur news-"नेशनल कॉन्वेंट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भारतीय नगर के द्वारा हर साल की तरह इस साल भी व्यंजन मेला का आयोजन,,,

Bilaspur news-"अनोखी शादी 17 मिनट मे"ये बड़ा वैवाहिक कार्यक्रम हुआ सम्पन्न,,,