""""8 news cg -"""बांसाझाल का जर्जर पुल दो हिस्सों में ढहा, यात्री बस बीच पुल पर फंसी; बड़ा हादसा टला, बिलासपुर-पेंड्रा मार्ग पूरी तरह बंद,,,,
शेख असलम की रिपोर्ट,,,,
बांसाझाल का जर्जर पुल दो हिस्सों में ढहा, यात्री बस बीच पुल पर फंसी; बड़ा हादसा टला, बिलासपुर-पेंड्रा मार्ग पूरी तरह बंद
बिलासपुर- बिलासपुर-रतनपुर-पेंड्रा मुख्य मार्ग पर स्थित बांसाझाल का जर्जर पुल रविवार को अचानक दो हिस्सों में टूटकर ढह गया। हादसे के समय पुल से गुजर रही एक यात्री बस पुल के टूटे हुए हिस्से के बीच फंस गई। गनीमत रही कि बस नदी में नहीं गिरी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं और उन्हें समय रहते बाहर निकाल लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों और बस के सहचालक (कंडक्टर) के अनुसार, यात्री बस जैसे ही पुल के मध्य हिस्से में पहुंची, अचानक तेज धमाके जैसी आवाज के साथ पुल का स्लैब नीचे धंस गया। देखते ही देखते पुल दो हिस्सों में बंट गया और बस का अगला हिस्सा टूटे हुए हिस्से के किनारे पर अटक गया। घटना के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बस को संतुलित रखा, जिससे बस नदी में गिरने से बच गई। इसके बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
पुल के ध्वस्त होने से बिलासपुर-रतनपुर-पेंड्रा मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। इस घटना के कारण बिलासपुर का पेंड्रा, गौरेला और अमरकंटक से सीधा सड़क संपर्क टूट गया है। वहीं मध्य प्रदेश के जबलपुर, शहडोल तथा छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ जाने वाले वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई है। सड़क के दोनों ओर यात्री बसों, ट्रकों और अन्य वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। प्रशासन द्वारा फंसे हुए यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने तथा वैकल्पिक मार्गों से यातायात बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि स्थिति सामान्य होने तक इस मार्ग पर यात्रा करने से बचें और प्रशासन द्वारा निर्धारित डायवर्जन मार्ग का ही उपयोग करें।प्राथमिक जानकारी के अनुसार, बांसाझाल पुल लंबे समय से जर्जर स्थिति में था। पुल के अचानक ढहने की घटना ने इसकी सुरक्षा व्यवस्था और रखरखाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें