""""8 news cg -""""रायपुर/बिलासपुर/दुर्ग सहित प्रदेश के कई जिलों में पुलिस का शिकंजा,,,,,"""डकैती, बैंक धोखाधड़ी, नाबालिग से दुष्कर्म, हत्या, लूट और चोरी के मामलों में कई आरोपी गिरफ्तार,,,,,,

शेख असलम की रिपोर्ट,,,,,
रायपुर से बिलासपुर और दुर्ग तक पुलिस का बड़ा एक्शन: डकैती की वारदात का चंद घंटों में खुलासा,बैंक फ्रॉड, नाबालिग से दुष्कर्म, हत्या और लूट-चोरी के मामलों में ताबड़तोड़ कार्रवाई; कई आरोपी गिरफ्तार,,,,,
रायपुर/बिलासपुर/दुर्ग/राजनांदगांव/कांकेर/सक्ती/जांजगीर-चांपा/रायगढ़/गौरेला-पेंड्रा-मरवाही/मुंगेली- अलग-अलग जिलों में पुलिस ने अपराधों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए धोखाधड़ी, गंभीर अपराध, हत्या, चोरी, हिंसा और प्रतिबंधात्मक मामलों में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं कांकेर में महिला सुरक्षा और साइबर अपराध को लेकर छात्राओं को जागरूक किया गया तथा गौरेला में डायल-112 की तत्परता से एक महिला को समय पर उपचार मिल सका।


 बैंक खाते का मोबाइल नंबर बदलकर 14.97 लाख की ठगी, एक्सिस बैंक का डिप्टी मैनेजर गिरफ्तार,,,,,
रायपुर में बैंकिंग सिस्टम का दुरुपयोग कर वरिष्ठ नागरिक के खाते से रकम निकालने का मामला सामने आया है। गंज थाना पुलिस ने एक्सिस बैंक की देवेंद्र नगर शाखा, फाफाडीह के डिप्टी मैनेजर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने बैंक खाते से जुड़े मोबाइल नंबर में बदलाव कर खाते की रकम को दूसरे खाते में ट्रांसफर कराने में भूमिका निभाई।थाना गंज में दर्ज अपराध क्रमांक 246/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(5) में कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुलदीप सिंह बिसेन, उम्र 26 वर्ष, मूल निवासी सतना के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार बैंक ग्राहक सुषमा कुमार, निवासी बिलासपुर, के खाते से उनकी जानकारी और अनुमति के बिना कुल 14,97,451.32 रुपये ट्रांसफर एवं विड्रॉल किए गए। बैंक की आंतरिक जांच के बाद शाखा प्रबंधक की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।जांच में सामने आया कि आरोपियों ने ऐसा खाता चुना, जिसमें नियमित रूप से अधिक लेन-देन नहीं होता था। ग्राहक के वरिष्ठ नागरिक होने और बिलासपुर निवासी होने की जानकारी का कथित रूप से फायदा उठाया गया।पुलिस के मुताबिक डिप्टी मैनेजर कुलदीप ने खाते से संबंधित जानकारी अपने एक पूर्व बैंक कर्मचारी साथी के साथ साझा की। उक्त पूर्व कर्मचारी ने ग्राहक के नाम से कथित फर्जी कस्टमर एप्लीकेशन फॉर्म तैयार कर बैंक की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर भेजा। इसके बाद कुलदीप ने बैंकिंग प्रक्रिया के माध्यम से ग्राहक का रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर बदल दिया।मोबाइल नंबर बदलने के बाद खाते से संबंधित मोबाइल ऐप में ट्रांजेक्शन लिमिट बढ़ाई गई और योगेश येडे के खाते को बेनिफिशियरी के रूप में जोड़ा गया। इसके बाद खाते में मौजूद एफडी को बंद कर रकम सेविंग अकाउंट में लाई गई और पूरी राशि योगेश येडे के ‘इंडियन सेल्स’ नामक खाते में ट्रांसफर कर दी गई।
बाद में पंडरी स्थित एक्सिस बैंक शाखा से सेल्फ चेक के माध्यम से दो बार में रकम निकाले जाने की जानकारी सामने आई है।पुलिस ने डिप्टी मैनेजर कुलदीप सिंह बिसेन को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में एक अन्य पूर्व बैंक कर्मचारी की भूमिका सामने आने की बात कही गई है। पुलिस बैंकिंग रिकॉर्ड, ई-मेल, मोबाइल ऐप की गतिविधियों, ट्रांजेक्शन और कैश विड्रॉल से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

नाबालिग बेटी से दुष्कर्म के आरोप में पिता गिरफ्तार, फर्जी दस्तावेजों से प्रसव कराने और नवजात को दूसरे व्यक्ति को देने के मामले में 6 आरोपी पकड़े गए,,,,,
रायपुर में गंभीर मामला, न्यू राजेंद्र नगर पुलिस की कार्रवाई
रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म और उसकी कम उम्र छिपाकर फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से प्रसव कराने के गंभीर मामले का खुलासा हुआ है। पुलिस ने मामले में पीड़िता के पिता समेत कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पीड़िता ने 17 अगस्त 2026 को थाना न्यू राजेंद्र नगर में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार वर्ष 2023 में उसके पिता ने कथित तौर पर उसे धमकी देकर दुष्कर्म किया। इसके बाद भी वह लंबे समय तक उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। इस दौरान पीड़िता गर्भवती हो गई।
पुलिस के अनुसार पीड़िता की कम उम्र छिपाने के लिए आरोपियों ने उसकी उम्र अधिक दर्शाने वाले दस्तावेजों का इस्तेमाल किया और उसे विवाहित बताकर अस्पताल में भर्ती कराया। डंगनिया स्थित एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के माध्यम से उसने बच्चे को जन्म दिया।पुलिस का आरोप है कि प्रसव के बाद नवजात बच्चे को अन्य व्यक्ति को सौंप दिया गया। इस पूरे घटनाक्रम में पीड़िता से कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर भी कराए गए।मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। न्यू राजेंद्र नगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पीड़िता के पिता और बुआ सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया तथा दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
पुलिस ने मामले में बीएनएस, पॉक्सो एक्ट और किशोर न्याय अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। प्रकरण की जांच जारी है और पुलिस दस्तावेजों, अस्पताल रिकॉर्ड तथा मामले से जुड़े अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।गिरफ्तार आरोपी:पीड़िता का पिता।पीड़िता की बुआ।रोहित कुमार राय, उम्र 35 वर्ष।साहेब मंडल, उम्र 42 वर्ष।योगिता राय उर्फ गीता राय, उम्र 32 वर्ष।बरखा वर्मा उर्फ वर्षा मंडल, उम्र 34 वर्ष।


पांच हजार रुपये के विवाद में युवक की हत्या, शव रेलवे ट्रैक पर छोड़ा; तीन आरोपी और दो विधि से संघर्षरत बालक गिरफ्तार,,,,,,
गुढ़ियारी पुलिस ने सुलझाया हत्या का मामला, चाकू बरामद
रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में पांच हजार रुपये के लेन-देन को लेकर युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों और दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ा है।
17 अगस्त की सुबह गोगांव अंडरब्रिज पुरानी रेलवे लाइन के पास एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत की सूचना पुलिस को मिली थी। मृतक की पहचान प्रीतम साहू, उम्र 19 वर्ष, निवासी छोटा अशोक नगर, गुढ़ियारी के रूप में हुई।
शव के पंचनामा और प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस को शरीर पर धारदार वस्तु से चोट के संकेत मिले। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल की परिस्थितियों और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की।जांच में सामने आया कि मृतक ने आरोपी निखिल ध्रुव को पांच हजार रुपये उधार दिए थे। पैसे वापस मांगने को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार 16 अगस्त की रात निखिल ने प्रीतम को पैसे देने के बहाने रेलवे पटरी की ओर बुलाया।पुलिस का आरोप है कि वहां निखिल ने अपने साथियों दीपक साहू, नितिन प्रधान और दो विधि से संघर्षरत बालकों के साथ मिलकर प्रीतम पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को रेलवे ट्रैक के पास छोड़कर आरोपी फरार हो गए।पुलिस ने आरोपियों की तलाश करते हुए उन्हें टीटलागढ़, ओडिशा की ओर से पकड़ा। मामले में घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया है।आरोपियों के खिलाफ थाना गुढ़ियारी में अपराध क्रमांक 339/2026 के तहत बीएनएस और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है।गिरफ्तार आरोपी: निखिल ध्रुव, दीपक साहू, नितिन प्रधान तथा दो विधि से संघर्षरत बालक।


रतनपुर में आधी रात डकैती की वारदात का चंद घंटों में खुलासा, 3 नाबालिग समेत 5 आरोपी गिरफ्तार,,,,,
महामाया चौक में युवक से डंडे के बल पर 1200 रुपये की लूट, पुलिस ने आरोपियों से 1000 रुपये नगद और वारदात में प्रयुक्त ऑटो किया जब्त,,,,

बिलासपुर/रतनपुर। रतनपुर के महामाया चौक में देर रात युवक को रोककर डंडे के बल पर रुपये लूटने के मामले का पुलिस ने घटना के चंद घंटों के भीतर खुलासा कर दिया। रतनपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो बालिग आरोपियों राहुल दुबे और पवन कुमार गौहर सहित तीन विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1000 रुपये नगद तथा वारदात में प्रयुक्त ऑटो क्रमांक CG-10-CD-7944 जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार 17 अगस्त 2026 को ग्राम कर्रा निवासी युवराज सिंह प्रधान उपचार कराने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुर आया था। उपचार के बाद वह वापस अपने घर लौट रहा था। रात करीब 12 बजे जब वह महामाया चौक स्थित कृष्णा ट्रेडर्स के पास पहुंचा, तभी ऑटो में सवार कुछ युवक वहां पहुंचे और उसे रोक लिया।आरोप है कि ऑटो सवार युवकों ने युवक के साथ गाली-गलौज करते हुए पैसों की मांग की। जब युवराज सिंह ने रुपये नहीं होने की बात कही तो आरोपियों ने हाथ में रखे डंडे दिखाकर उसे जान से मारने की धमकी दी और उसकी पेंट की जेब से 1200 रुपये लूटकर मौके से फरार हो गए।घटना की सूचना मिलने के बाद रतनपुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल अपराध दर्ज किया। थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय ने वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम गठित कर प्रार्थी द्वारा बताए गए हुलिए, संदिग्धों और घटना में प्रयुक्त ऑटो के संबंध में तत्काल पतासाजी शुरू की गई।जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वारदात में शामिल संदिग्ध युवक सरकंडा क्षेत्र के इमलीभाठा के रहने वाले हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने रात में ही संदिग्धों के ठिकानों पर दबिश देकर राहुल दुबे (25), पिता रामजी दुबे, निवासी इमलीभाठा सरकंडा तथा पवन कुमार गौहर (19), पिता कगरधारी गौहर, निवासी इमलीभाठा सरकंडा, सहित तीन विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया।पुलिस पूछताछ में आरोपियों द्वारा वारदात में शामिल होना स्वीकार किए जाने की बात सामने आई। आरोपियों के कब्जे से 1000 रुपये नगद तथा घटना में प्रयुक्त ऑटो को जब्त किया गया। कार्रवाई के बाद दोनों बालिग आरोपियों और तीनों विधि से संघर्षरत बालकों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।गिरफ्तार आरोपी,राहुल दुबे, उम्र 25 वर्ष, निवासी इमलीभाठा, सरकंडा, बिलासपुर।
पवन कुमार गौहर, उम्र 19 वर्ष, निवासी इमलीभाठा,सरकंडा, बिलासपुर।तीन विधि से संघर्षरत बालक।पुलिस टीम का विशेष योगदान""पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, सहायक उपनिरीक्षक नीलाकर सेठ, आरक्षक आकाश डोंगरे, धीरज कश्यप, देवानंद चन्द्राकर, बसंत मानिकपुरी, हरनारायण नेटी, मोरदध्वज चन्द्रा एवं धनराज कुम्भकार का विशेष योगदान रहा।रतनपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से देर रात हुई लूट की वारदात का कुछ ही घंटों में खुलासा हो गया और आरोपियों को पकड़कर उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त वाहन सहित नगदी भी बरामद कर ली गई।
महिला पर बैटरी में इस्तेमाल होने वाले केमिकल का छिड़काव, आरोपी गिरफ्तार; मोटरसाइकिल और डिब्बा जब्त
दुर्ग के अरसनारा में वारदात, बातचीत बंद करने से नाराज था आरोपी,,,,,
दुर्ग जिले के नंदिनी नगर थाना क्षेत्र में महिला पर केमिकल से हमला करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और केमिकल रखा डिब्बा भी जब्त किया है।17 अगस्त को कारंजा भिलाई निवासी पीड़िता अपने परिचित के साथ कांवड़ यात्रा के लिए ग्राम कोडिया गई थी। इसी दौरान आरोपी महेश दास, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम कारंजा भिलाई, वहां पहुंचा।पुलिस के मुताबिक आरोपी पीड़िता द्वारा बातचीत बंद किए जाने से नाराज था। वह मोटरसाइकिल से ग्राम अरसनारा के पास पहुंचा और टिन के डिब्बे में रखे बैटरी में इस्तेमाल होने वाले केमिकल का पीड़िता पर छिड़काव कर वहां से फरार हो गया। घटना में महिला घायल हो गई।सूचना मिलते ही पुलिस ने अपराध क्रमांक 271/2026, धारा 124(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस टीम ने रातभर घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा संदिग्धों की तलाश की।
मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने ग्राम कारंजा भिलाई में घेराबंदी कर आरोपी महेश दास को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और केमिकल युक्त डिब्बा जब्त किया गया।आरोपी को 18 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है!

लक्ष्मी मार्केट के गोदाम से एसी कॉपर वायर चोरी का खुलासा, आरोपी और विधि से संघर्षरत बालक पकड़े गए
सुपेला पुलिस ने झाड़ियों से बरामद किया चोरी का कॉपर वायर,,,,,
दुर्ग के सुपेला थाना क्षेत्र स्थित लक्ष्मी मार्केट के गोदाम से एसी का कॉपर वायर चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा है।
24 जुलाई को प्रार्थी गजानंद नौखरे ने थाना सुपेला में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके गोदाम के पीछे का शटर टूटा हुआ है और वहां रखा एसी का कॉपर वायर गायब है। पुलिस ने अपराध क्रमांक 1047/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।18 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली कि दक्षिण गंगोत्री, आकाशगंगा मार्केट क्षेत्र में दो युवक एसी कॉपर वायर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों को पकड़ लिया।पूछताछ में एक की पहचान आकाश पाल, उम्र 19 वर्ष 4 माह, निवासी गौतम नगर, सुपेला के रूप में हुई, जबकि दूसरा विधि से संघर्षरत बालक निकला।पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने 22 जुलाई की रात करीब 12:30 बजे गोदाम के पीछे से शटर उठाकर अंदर प्रवेश किया और एसी कॉपर वायर चोरी किया। चोरी के माल को बिक्री के लिए अलग-अलग टुकड़ों में कर छिपाया गया था।आरोपियों की निशानदेही पर लाल मैदान, फरीद नगर के पास झाड़ियों के पीछे से चोरी का कॉपर वायर बरामद किया गया।आकाश पाल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया, जबकि विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।


शांति भंग करने वाले निगरानी बदमाश पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, न्यायालय में पेश,,,,,
लालबाग पुलिस ने संज्ञेय अपराध रोकने के लिए की कार्रवाई
राजनांदगांव के थाना लालबाग क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने निगरानी बदमाश के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।पुलिस के अनुसार सुनील मरकाम उर्फ टीर्रू, उम्र 28 वर्ष, निवासी अटल आवास पेंड्री के खिलाफ पूर्व में प्रार्थिया गायत्री विश्वकर्मा और उसके परिवार के साथ गाली-गलौज, मारपीट और धमकी देने की शिकायत पर अपराध दर्ज किया गया था।पुलिस के मुताबिक 18 अगस्त को भी आरोपी द्वारा विवाद कर शांति भंग करने का प्रयास किया गया। भविष्य में पुनः संज्ञेय अपराध घटित होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने उसे धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया।इसके बाद धारा 126 और 135(3) बीएनएसएस के तहत पृथक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए इस्तगासा तैयार किया गया और आरोपी को जिला राजनांदगांव न्यायालय में पेश किया गया।पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे तत्वों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
कांकेर में 150 छात्राओं को महिला सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव की जानकारी,,,,,
महिला रक्षा टीम ने गुड टच-बैड टच से लेकर ऑनलाइन फ्रॉड तक किया जागरूक,,,,,उत्तर बस्तर कांकेर में महिला रक्षा टीम ने महिला आईटीआई कांकेर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर करीब 150 छात्राओं को महिला संबंधी अपराधों और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन और उप पुलिस अधीक्षक प्रतिभा लहरें के पर्यवेक्षण में कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम में छात्राओं को महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, महिला संबंधी अपराध, गुड टच-बैड टच और साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताए गए।साइबर सुरक्षा के तहत छात्राओं को समझाइश दी गई कि OTP, PIN, CVV, पासवर्ड और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। फर्जी कॉल, मैसेज, संदिग्ध लिंक और सोशल मीडिया फ्रॉड से सावधान रहने की जानकारी भी दी गई।महिला सुरक्षा से संबंधित ‘अभिव्यक्ति ऐप’ के बारे में भी छात्राओं को जानकारी दी गई तथा कार्यक्रम के दौरान उनके मोबाइल फोन में ऐप डाउनलोड कराया गया।पुलिस ने छात्राओं से कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी या अपराध की स्थिति में चुप न रहें और तत्काल पुलिस की सहायता लें।

साईं मंदिर से चोरी हुआ 500 ग्राम चांदी का मुकुट बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार,,,,
सक्ती पुलिस ने किया चोरी का खुलासा, आरोपी निकला मध्यप्रदेश का निगरानी हिस्ट्रीशीटर,,,,,
सक्ती जिले के थाना सक्ती क्षेत्र में साईं मंदिर से चोरी हुए भगवान साईं के चांदी के मुकुट की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 500 ग्राम वजनी चांदी का मुकुट, जिसकी कीमत करीब 95 हजार रुपये बताई गई है, बरामद किया है।
प्रार्थी विजय बहादुर ने पुलिस को सूचना दी थी कि महामाया मंदिर के पास स्थित साईं मंदिर से भगवान साईं का मुकुट चोरी हो गया है और चोरी करने वाला व्यक्ति भागने का प्रयास कर रहा है।पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में मामले की जांच शुरू की। पूछताछ में आरोपी सतीश दुबे, उम्र 37 वर्ष, निवासी बिछुआ, थाना गाडरवारा, जिला नरसिंहपुर, मध्यप्रदेश ने अपने सहयोगी ननकी राम चौहान, उम्र 44 वर्ष, निवासी खम्हार, जिला रायगढ़ के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर 500 ग्राम वजनी चांदी का मुकुट बरामद किया गया।जांच में यह भी सामने आया कि सतीश दुबे मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले में निगरानी हिस्ट्रीशीटर है तथा उसके खिलाफ पूर्व में चोरी के कई मामले दर्ज होने के साथ स्थायी वारंट लंबित होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


शराब के लिए पैसे नहीं देने पर बकरी चराने वाले से मारपीट, आरोपी गिरफ्तार,,,,,
नवागढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को भेजा न्यायिक रिमांड पर,,,,,,जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बरभांठा में शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर बकरी चराने वाले व्यक्ति से मारपीट करने का मामला सामने आया है।पुलिस के अनुसार 12 अगस्त की शाम करीब 4:30 बजे प्रार्थी बकरी चराकर घर लौट रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला तेरस राम बर्मन, उम्र 55 वर्ष, कथित रूप से शराब के नशे में वहां पहुंचा और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा।पैसे देने से मना करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और प्रार्थी के बकरी चराने वाले बांस के डंडे को कथित रूप से छीनकर उसके साथ मारपीट की।शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। थाना नवागढ़ पुलिस ने आरोपी को पकड़कर पूछताछ की और उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
गेरवानी शराब दुकान में पिस्टलनुमा हथियार से फायरिंग, प्राइवेट गार्ड घायल; आरोपी की तलाश जारी,,,,,,
रायगढ़ पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर शुरू की जांच,,,,रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के गेरवानी मेंशासकीय देशी कम्पोजिट मदिरा दुकान के बाहर पिस्टलनुमा हथियार से फायरिंग कर प्राइवेट गार्ड को घायल करने का मामला सामने आया है।घटना 17 अगस्त की रात की बताई गई है। घायल गार्ड की पहचान चंद्रशेखर पटेल, उम्र 43 वर्ष, निवासी कलगामुड़ा, उर्दना के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार चंद्रशेखर शराब दुकान पर सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत है। उसकी ड्यूटी रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक थी। करीब 10:30 बजे एक युवक वहां पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि युवक ने जान से मारने की धमकी देते हुए पिस्टलनुमा हथियार से फायरिंग कर दी, जिसमें गार्ड घायल हो गया।घायल गार्ड ने अपने साथियों को सूचना देने के बाद डायल-112 को जानकारी दी। सूचना मिलते ही पूंजीपथरा पुलिस, साइबर टीम, आबकारी विभाग और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 206/2026 में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
डायल-112 की तत्परता से जहरीला पदार्थ सेवन करने वाली महिला को समय पर उपचार मिला,,,,
गौरेला में पुलिस की त्वरित मदद से महिला की हालत खतरे से बाहर,,,,,गौरेला क्षेत्र में डायल-112 की त्वरित कार्रवाई से जहरीला पदार्थ सेवन करने वाली महिला को समय पर अस्पताल पहुंचाया गया, जिससे उसे तत्काल चिकित्सा उपचार मिल सका।17 अगस्त को शाम करीब 6:30 बजे डायल-112 गौरेला को सारबहरा क्षेत्र में एक महिला द्वारा जहरीला पदार्थ सेवन किए जाने की सूचना मिली।सूचना मिलते ही डायल-112 फाल्कन-1 में तैनात आरक्षक वीरेंद्र गर्ग और चालक गोपाल पुरी तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए।टीम सारबहरा बहेलिया टोला पहुंची, जहां 28 वर्षीय महिला अस्वस्थ हालत में मिली। पुलिस के अनुसार महिला की स्थिति गंभीर थी और वह सामान्य रूप से बातचीत नहीं कर पा रही थी।डायल-112 टीम ने बिना समय गंवाए परिजनों के साथ महिला को जिला चिकित्सालय गौरेला पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया।पुलिस के मुताबिक समय पर अस्पताल पहुंचने और तत्काल उपचार मिलने के बाद महिला की स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।गौरेला पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में तत्काल डायल-112 को सूचना दें, ताकि जरूरतमंद तक समय पर सहायता पहुंचाई जा सके।

छह लाख के शासकीय पाइप चोरी का मुख्य सरगना रायपुर से गिरफ्तार, लोरमी पुलिस ने भेजा जेल,,,,,नल-जल योजना के 24 डीआई पाइप चोरी मामले में फरार आरोपी पर शिकंजा,,,,,,मुंगेली जिले के लोरमी थाना क्षेत्र में शासकीय नल-जल योजना के लिए रखे लोहे के पाइप चोरी करने के मामले में फरार मुख्य आरोपी को पुलिस ने रायपुर से गिरफ्तार किया है।मामले में ग्राम गोड़खाम्ही नहर रोड गाड़ाटोला मोड़ के पास निर्माण स्थल से 24 डीआई पाइप चोरी हुए थे। इनकी अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई गई है।प्रार्थी बालगा भास्कर राव ने 26 जून को थाना लोरमी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार निर्माण स्थल पर रखे 30 पाइपों में से 24 पाइप चोरी कर लिए गए थे। पुलिस ने अपराध क्रमांक 272/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चोरी के पाइप अनूपपुर-शहडोल मार्ग पर कुदौली स्थित एक कबाड़ी की दुकान में बेचे गए हैं। पुलिस ने कार्रवाई कर कबाड़ी दुकान संचालक अनुज कुमार नामदेव को पकड़ा। पूछताछ के बाद चोरी के पाइप बरामद किए गए।इसके अलावा मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक के खिलाफ भी कार्रवाई की गई थी। वहीं मुख्य आरोपी अमित सिंह ठाकुर, उम्र 29 वर्ष, घटना के बाद से फरार था।लोरमी पुलिस ने लगातार आरोपी की तलाश की। मुखबिर सूचना और तकनीकी सहायता के आधार पर आरोपी का रायपुर में ठिकाना पता चला। पुलिस टीम ने 16 अगस्त को उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने पाइप चोरी की घटना में अपनी भूमिका स्वीकार की तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया। 17 अगस्त को आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में पूर्व में एक आरोपी और एक विधि से संघर्षरत बालक के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

Bilaspur news-" खड़ी माल गाड़ी से सवारी ट्रेन टकराई कई लोगों के मारे जाने की आशंका कई घायल,, बचाव कार्य जारी

Bilaspur news-"नेशनल कॉन्वेंट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भारतीय नगर के द्वारा हर साल की तरह इस साल भी व्यंजन मेला का आयोजन,,,

Bilaspur news-"अनोखी शादी 17 मिनट मे"ये बड़ा वैवाहिक कार्यक्रम हुआ सम्पन्न,,,