""""8 news cg -""""थाना तखतपुर के आकस्मिक निरीक्षण में एसएसपी रजनेश सिंह का सख्त एक्शन,,,,,अवैध शराब, झगड़ालू ग्रामों और अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश; शिकायतों के चलते कुछ पुलिसकर्मी तत्काल रक्षित केंद्र संबद्ध,,,,,
थाना तखतपुर के आकस्मिक निरीक्षण में एसएसपी रजनेश सिंह का सख्त एक्शन,,,,,
अवैध शराब, झगड़ालू ग्रामों और अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश; शिकायतों के चलते कुछ पुलिसकर्मी तत्काल रक्षित केंद्र संबद्ध,,,,,
बिलासपुर- उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने रविवार 23 अगस्त 2026 को थाना तखतपुर का आकस्मिक निरीक्षण कर थाना क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, बीट व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना प्रभारी एवं पुलिस स्टाफ से क्षेत्र में अपराधों की स्थिति, पुलिस की सक्रियता तथा आमजन से जुड़े मामलों के निराकरण की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।निरीक्षण में सामने आया कि थाना तखतपुर क्षेत्र में कुल 79 ग्राम आते हैं, जिनमें से 14 ग्रामों को झगड़ालू ग्राम के रूप में चिन्हांकित किया गया है। इन क्षेत्रों में विशेष रूप से अवैध शराब, मारपीट और भूमि विवाद से संबंधित शिकायतें अधिक प्राप्त होने की जानकारी पुलिस अधिकारियों द्वारा दी गई। इस पर एसएसपी रजनेश सिंह ने थाना प्रभारी एवं स्टाफ को ऐसे क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखते हुए अवैध गतिविधियों के खिलाफ कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।अवैध शराब पर सख्ती, लगातार कार्रवाई के निर्देश,,एसएसपी ने अवैध शराब के कारोबार को गंभीरता से लेते हुए निर्देश दिया कि ऐसे मामलों में केवल औपचारिक कार्रवाई तक सीमित न रहते हुए अवैध शराब के स्रोत, कारोबार में शामिल व्यक्तियों और उनके नेटवर्क पर लगातार निगरानी रखी जाए। उन्होंने बार-बार अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त पाए जाने वाले आरोपियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई एवं बाउंड ओवर की कार्रवाई करने तथा बांड का उल्लंघन होने पर नियमानुसार राशि जब्त कराने के निर्देश दिए।
ग्राम बराही परसाकांपा क्षेत्र में पूर्व में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कोटा श्रीमती नूपुर उपाध्याय द्वारा की गई छापामार कार्रवाई का भी निरीक्षण के दौरान उल्लेख किया गया। इस कार्रवाई में अवैध शराब जब्त कर आरोपी महिला के विरुद्ध कार्रवाई की गई थी। एसएसपी ने इसी तरह की कार्रवाई को आगे भी प्रभावी और निरंतर बनाए रखने के निर्देश दिए।महिलाओं को वैकल्पिक आजीविका से जोड़ने पर जोर,,,एसएसपी ने अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त महिलाओं के संबंध में केवल दंडात्मक कार्रवाई के साथ-साथ उन्हें महिला स्व-सहायता समूहों एवं शासन की विभिन्न योजनाओं से जोड़कर वैकल्पिक आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने और इसके लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य अवैध गतिविधियों से बाहर निकालकर उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के माध्यम से मुख्यधारा से जोड़ना है।शिकायतों के बाद कुछ पुलिसकर्मी रक्षित केंद्र संबद्ध
आकस्मिक निरीक्षण के दौरान थाना क्षेत्र में पदस्थ कुछ कर्मचारियों के संबंध में लगातार शिकायतें प्राप्त होने तथा अपराध नियंत्रण एवं जनसंपर्क के मामले में उनकी कार्यप्रणाली पर संदेह व्यक्त किए जाने की बात सामने आई। मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से रक्षित केंद्र संबद्ध कर दिया गया है।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और आमजन के प्रति संवेदनशील व्यवहार बेहद जरूरी है। थाना स्तर पर पुलिस की सक्रियता और जनता के साथ बेहतर संवाद को अपराध नियंत्रण की महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में देखा गया।बीट पुलिसिंग को मजबूत करने के निर्देश,,निरीक्षण के दौरान बीट कर्मचारियों को अपने-अपने क्षेत्र के ग्रामों, अपराधियों, विवादित व्यक्तियों और स्थानीय समस्याओं की पूरी जानकारी रखने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से चिन्हांकित 14 झगड़ालू ग्रामों में पूर्व के अपराधों एवं विवादों की विस्तृत जानकारी संकलित कर संभावित विवादों की पहचान करने और समय रहते प्रभावी कार्रवाई करने पर जोर दिया गया,,,,,एसएसपी ने कहा कि बीट कर्मचारी अपने क्षेत्र में केवल नियमित भ्रमण तक सीमित न रहें, बल्कि स्थानीय लोगों से निरंतर संपर्क स्थापित कर क्षेत्र की गतिविधियों और समस्याओं की जानकारी प्राप्त करें, ताकि किसी भी संभावित अपराध या विवाद को प्रारंभिक स्तर पर ही नियंत्रित किया जा सके।संगठित अपराध पर भी होगी कड़ी कार्रवाई,,,निरीक्षण के दौरान संगठित अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 112 के तहत आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस अधिकारियों को ऐसे लोगों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने तथा अपराध में उनकी भूमिका सामने आने पर कानून के अनुरूप सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।सीएम हेल्पलाइन और चरित्र सत्यापन की समीक्षा,,,,एसएसपी रजनेश सिंह ने थाना स्तर पर लंबित सीएम हेल्पलाइन की 19 शिकायतों तथा चरित्र सत्यापन से संबंधित प्रकरणों की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी मामलों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस अधिकारियों को शिकायतों के निराकरण में अनावश्यक देरी से बचने और आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने के निर्देश दिए।आकस्मिक निरीक्षण के दौरान पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कोटा श्रीमती नूपुर उपाध्याय भी उपस्थित रहीं। निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों का उद्देश्य तखतपुर थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को मजबूत करना, अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना, बीट व्यवस्था को सक्रिय बनाना और आमजन के साथ पुलिस का बेहतर संवाद स्थापित करना है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें