""""8 NEWS CG -""""जन्मदिन के जश्न में विवाद और मारपीट का आरोप, न्यायाधीश के परिजनों और अभय बरुआ ने एक-दूसरे पर लगाए आरोप,,, पुलिस जुटी जाँच व कार्रवाई मे,,,,
जन्मदिन के जश्न में विवाद और मारपीट का आरोप, न्यायाधीश के परिजनों और अभय बरुआ ने एक-दूसरे पर लगाए आरोप,,, पुलिस जुटी जाँच व कार्रवाई मे,,,,
,,,,न्यायाधीश के परिजनों ने पत्नी और साले से मारपीट का लगाया आरोप, अभय बरुआ बोले– जन्मदिन की बधाई देने पहुंचे थे मित्र, युवती ने लाठी से किया हमला; दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस जांच में जुटी
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही सरकंडा पुलिस, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी लिए जा रहे; अभय बरुआ का दावा– घटना के वक्त वे घर के अंदर थे
बिलासपुर- न्यायधानी के सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत राजकिशोर नगर में जन्मदिन के जश्न के दौरान देर रात विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। नगाड़े बजाने और आतिशबाजी को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप तक पहुंच गया। मामले में महासमुंद में पदस्थ एक न्यायाधीश और उनके परिजनों ने मारपीट का आरोप लगाया है। शिकायत के अनुसार, विवाद के दौरान न्यायाधीश की पत्नी और उनके साले को चोटें आई हैं। वहीं, दूसरे पक्ष के अभय बरुआ ने भी मारपीट का आरोप लगाते हुए सरकंडा थाने में लिखित शिकायत दी है।घटना को लेकर दोनों पक्षों के बयान अलग-अलग हैं। न्यायाधीश के परिजनों का आरोप है कि जन्मदिन के जश्न में तेज आवाज में नगाड़े बजाने और पटाखे फोड़ने का विरोध करने पर उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। दूसरी ओर, अभय बरुआ का कहना है कि उनके जन्मदिन पर बधाई देने पहुंचे मित्र आतिशबाजी के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान विवाद हुआ और एक युवती ने लाठी से हमला कर दिया। अभय का दावा है कि घटना के समय वे घर के अंदर थे और उनके हाथ में भी चोट आई है।
आतिशबाजी के विरोध पर विवाद बढ़ने का आरोप,,,न्यायाधीश के परिजनों की ओर से की गई शिकायत के मुताबिक, देर रात राजकिशोर नगर में जन्मदिन का जश्न मनाया जा रहा था। इस दौरान आतिशबाजी की जा रही थी। शोर-शराबे से परेशानी होने पर जब इसे बंद करने की बात कही गई तो विवाद शुरू हो गया।प्रार्थी का आरोप है कि अभय बरुआ और उसके साथियों ने उनके साथ अश्लील गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद विवाद बढ़ने पर छीना-झपटी और मारपीट की गई। घटनाक्रम के दौरान उनकी पत्नी आकांक्षा प्रफुल्ल, साला अभिषेक भारद्वाज, सास नीरा भारद्वाज और साले की पत्नी गुरप्रीत कौर भारद्वाज भी मौके पर पहुंचीं।शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अभय बरुआ और उसके साथियों ने सभी को घेर लिया और हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इस दौरान प्रार्थी की शर्ट का सामने वाला बटन टूट गया, जबकि उनकी पत्नी और साले का चश्मा भी निकाल लिया गया।
पत्नी के हाथ और साले के सिर-सीने में चोट आने की शिकायत,,,,मारपीट की शिकायत में न्यायाधीश की पत्नी आकांक्षा प्रफुल्ल के दाहिने हाथ की भुजा के पास चोट आने का उल्लेख किया गया है। वहीं, साले अभिषेक भारद्वाज के सिर, सीने और गले में चोट लगने की बात कही गई है।
इस शिकायत के आधार पर सरकंडा पुलिस ने अभय बरुआ और उसके अन्य साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296, 3(5) एवं 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया है। हालांकि, घटना को लेकर दूसरे पक्ष की ओर से भी अलग शिकायत प्रस्तुत की गई है।
दूसरी ओर, अभय बरुआ ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए अलग घटनाक्रम बताया है। उनका कहना है कि जन्मदिन के अवसर पर उन्हें बधाई देने के लिए करीब 10 से 12 मित्र उनके घर पहुंचे थे। मित्रों ने घर पहुंचने से पहले आतिशबाजी कर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद जब सभी मित्र वापस लौट रहे थे, तब कुछ लोग घर के बाहर खड़े होकर आपस में बातचीत कर रहे थे।
अभय बरुआ के मुताबिक, इसी दौरान एक महिला वहां पहुंची और विवाद करने लगी। बात बढ़ने पर ब्लैक कलर का सलवार-सूट पहने एक युवती लाठी लेकर बाहर आई और लाठी चलाने लगी। इस दौरान उनके हाथ में भी चोट आई।
अभय ने बताया कि घटना के संबंध में उन्होंने भी सरकंडा थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि उनके ऊपर लगाए जा रहे मारपीट के आरोप सही नहीं हैं।
अभय का दावा– घटना के वक्त घर के अंदर था, सीसीटीवी जांच से सामने आएगी सच्चाई,,,अभय बरुआ ने अपने पक्ष में यह भी दावा किया है कि जिस समय मारपीट की घटना हुई, उस वक्त वे घर के अंदर थे और मौके पर मौजूद नहीं थे। उन्होंने मोहल्ले में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कराने तथा आसपास के स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने की मांग की है।अभय का कहना है कि उन्हें न्यायपालिका, शासन और प्रशासन पर पूरा भरोसा है। निष्पक्ष जांच होने पर घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति सामने आ जाएगी। उन्होंने अपनी शिकायत पर भी पुलिस से उचित कार्रवाई की मांग की है।पुलिस बोली– बयान लिए जा रहे, सीसीटीवी फुटेज का हो रहा अवलोकन,,,,इस पूरे मामले में सरकंडा थाना पुलिस का कहना है कि जांच और वैधानिक कार्रवाई जारी है। घटनाक्रम से जुड़े लोगों के बयान लिए जा रहे हैं। इसके साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का अवलोकन किया जा रहा है, ताकि विवाद के दौरान वास्तव में क्या हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा सके।पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान जो भी तथ्य और साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल राजकिशोर नगर में जन्मदिन के जश्न के दौरान हुए इस विवाद में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट के आरोप लगाए हैं। एक ओर न्यायाधीश के परिजनों ने पत्नी और साले को चोट पहुंचाने की शिकायत की है, तो दूसरी ओर अभय बरुआ ने भी अपने और साथियो के साथ लाठी से हमला किए जाने का दावा किया है। ऐसे में अब सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्य पुलिस जांच की दिशा तय करेंगे। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि विवाद की शुरुआत कैसे हुई और मारपीट की घटना में किसकी क्या भूमिका रही।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें