"""8 NEWS CG -"""त्योहारी सीजन में मिलावट पर प्रशासन का शिकंजा: न्यू दिल्ली स्वीट्स और बालाजी स्वीट्स समेत कई प्रतिष्ठानों से खोवा व बेसन लड्डू के नमूने जब्त,,,,
त्योहारी सीजन में मिलावट पर प्रशासन का शिकंजा: न्यू दिल्ली स्वीट्स और बालाजी स्वीट्स समेत कई प्रतिष्ठानों से खोवा व बेसन लड्डू के नमूने जब्त,,,,
सफाई और खाद्य भंडारण में मिली खामियां, सुधार सूचना जारी करने की अनुशंसा; प्रयोगशाला रिपोर्ट के बाद होगी वैधानिक कार्रवाई
बिलासपुर-त्योहारी सीजन के मद्देनजर आम नागरिकों को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरी के विरुद्ध जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने शहर के विभिन्न मिठाई प्रतिष्ठानों में औचक निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान संदेह के आधार पर खोवा और बेसन के लड्डू के नमूने संकलित कर जांच के लिए भेजने की कार्रवाई की गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने सत्यम चौक स्थित न्यू दिल्ली स्वीट्स का निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा मानकों एवं प्रतिष्ठान की व्यवस्थाओं की जांच की। वहीं श्रीकांत वर्मा मार्ग स्थित श्री बालाजी स्वीट्स एंड नमकीन से बेसन लड्डू एवं खोवा के नमूने लिए गए। इसके अलावा फर्म विनायक मावा से खोवा तथा मनोज गुप्ता से भी खोवा का नमूना संकलित किया गया।
निरीक्षण के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों के भंडारण की व्यवस्था में खामियां सामने आईं। खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित नहीं पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार सुधारात्मक कार्रवाई की तैयारी की गई है। इस संबंध में अभिहित अधिकारी को सुधार सूचना (इम्प्रूवमेंट नोटिस) जारी करने के लिए आधिकारिक अनुशंसा भेजी गई है।जिला प्रशासन के निर्देश पर संचालित इस अभियान का उद्देश्य बाजार में बिकने वाली मिठाइयों एवं अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और उपभोक्ताओं को मिलावटी अथवा असुरक्षित खाद्य सामग्री से बचाना है। संकलित नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट, अस्वच्छ परिस्थितियों में निर्माण और भंडारण संबंधी अनियमितताओं के विरुद्ध निरीक्षण अभियान निरंतर जारी रहेगा। नागरिकों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें