"""8 NEWS CG -"""संविधान दिवस पर जनसेवा, लोकतांत्रिक मूल्यों और जागरूकता का संदेश; विद्यार्थियों का सम्मान,,,,,

शेख असलम की रिपोर्ट,,,,,

"""संविधान दिवस पर जनसेवा, लोकतांत्रिक मूल्यों और जागरूकता का संदेश; विद्यार्थियों का सम्मान, राष्ट्रीय स्तर पर चयन और युवाओं को नशामुक्त भारत का संकल्प किसानों के लिए दुग्ध सुविधा, विकास कार्यों को गति, धान मिलों पर कार्रवाई, भर्ती-परीक्षा व रोजगार के अवसर और फरार आरोपी पर इनाम घोषित,,,

संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर जनसेवा का संकल्प

जिला कार्यालय सहित शासकीय कार्यालयों में मनाया गया संविधान दिवस

बिलासपुर -संविधान दिवस के अवसर पर  जिला कार्यालय में अधिकारी-कर्मचारियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। अपर कलेक्टर श्री वीरेंद्र बहादुर पंचभाई ने संविधान में निहित आदर्शों और मूल्यों के अनुरूप शासकीय दायित्वों का निर्वहन करने तथा जनता के काम संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ पूर्ण करने का संकल्प दिलाया।इस अवसर पर संविधान शिल्पी भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान का स्मरण किया गया। संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल्यों को कार्य व्यवहार में अपनाने पर बल दिया गया।अधिकारी-कर्मचारियों ने नागरिकों के प्रति सम्मानपूर्ण व्यवहार रखते हुए निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ जनसेवा करने का संकल्प लिया।इसी प्रकार संभागायुक्त,,कार्यालय,एसएसपी कार्यालय, जिला पंचायत, नगर निगम सहित जिले के सभी शासकीय कार्यालयों में संविधान दिवस मनाया गया। अधिकारी-कर्मचारियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

निर्वाचन साक्षरता प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थी सम्मानित,,

संविधान दिवस पर निबंध और प्रश्नोत्तरी के 20 फाइनलिस्ट को मिले प्रमाण पत्र

बिलासपुर- संविधान दिवस के अवसर पर जिला कार्यालय में निर्वाचन साक्षरता क्लबों के अंतर्गत आयोजित निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। अपर कलेक्टर श्री वीरेंद्र बहादुर पंचभाई एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री शिवकुमार बनर्जी ने विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में 10-10 विद्यार्थियों ने फाइनलिस्ट के रूप में स्थान प्राप्त किया।भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार स्कूलों एवं महाविद्यालयों में गठित निर्वाचन साक्षरता क्लबों के माध्यम से 2 नवंबर से 20 नवंबर 2026 तक तीन स्तरों पर प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनका उद्देश्य विद्यार्थियों में निर्वाचन प्रक्रिया की समझ विकसित करना तथा लोकतांत्रिक सहभागिता के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।उल्लेखनीय है कि जिला स्तरीय निबंध प्रतियोगिता में श्वेता अनंत, दीप्ति अनंत एवं प्रियांशी कोरी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उर्वशी पाण्डेय द्वितीय रहीं। आयान निगम, चिरंजीवी, गौरव राठौर एवं आयुषी यादव ने तृतीय तथा निशा सारथी एवं अवधेश प्रताप साहू ने चतुर्थ स्थान हासिल किया। जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता में अंजली कश्यप, आरव राव, आंचल राव, गीता यादव, पिंकी साहू एवं खुशबू पात्रे ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बलराम साहू द्वितीय रहे, जबकि स्वांती यादव, आफरीन खातून एवं करण ध्रुव ने तृतीय स्थान हासिल किया!

आंगनबाड़ी सहायिका भर्ती : आवेदन 14 दिसंबर तक

बिलासपुर-एकीकृत बाल विकास परियोजना सीपत अंतर्गत ग्राम पंचायत खाड़ा के आंगनबाड़ी केंद्र खाड़ा 01 में आंगनबाड़ी सहायिका के एक रिक्त पद पर 30 नवंबर से 14 दिसंबर 2026 तक आवेदन किये जा सकते है। इच्छुक आवेदिका ई-भर्ती ऑनलाईन लिंक http://aww.e-bharti.in में जाकर अनिवार्य दस्तावेजों की फाइल अपलोड करते हुए आवेदन कर सकती है। 


एनएचएम के तहत संविदा पदों के लिए कौशल परीक्षा 3 दिसंबर को

बिलासपुर-राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत द्वितीय एएनएम, स्टाफ नर्स एसएनसीयू एवं एनआरसी, काउंसलर एवं नर्सिंग ऑफिसर-एनयूएचएम के संविदा पदों के लिए कौशल एवं लिखित परीक्षा का आयोजन 3 दिसम्बर को क्षेत्रीय पंचायत एवं ग्रामीण विकास प्रशिक्षण केंद्र, नूतन चौक, बिलासपुर में किया जाएगा। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को सुबह 10 बजे तक परीक्षा स्थल पर अपने मूल दस्तावेज एवं एक सेट छायाप्रति के साथ उपस्थित होना अनिवार्य है। दावा-आपत्ति निराकरण सूची, सामान्य मेरिट सूची एवं कौशल परीक्षा के लिए पात्र मेरिट अभ्यर्थियों की सूची बिलासपुर जिले की आधिकारिक वेबसाइट www.bilaspur.gov.in पर देखी जा सकती है। 

 
संविधान दिवस पर प्रस्तावना का सामूहिक वाचन, संवैधानिक मूल्यों के पालन की ली शपथ

कलेक्टर ने छात्र-छात्राओं को लक्ष्य निर्धारित कर करियर निर्माण के लिए किया प्रेरित

बिलासपुर-संविधान दिवस के अवसर पर आज लखीराम ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में छात्रावासी छात्र-छात्राओं एवं नागरिकों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर संवैधानिक मूल्यों के पालन की शपथ ली। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल थे। नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संदीप अग्रवाल भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने छात्र-छात्राओं को लक्ष्य निर्धारित कर करियर निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए अपने भविष्य के प्रति सजग रहने और लक्ष्य प्राप्ति के लिए प्रयास करने का संदेश दिया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने भाषण एवं देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्री संजय चंदेल ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर नगर निगम के उपायुक्त श्री प्रवेश कश्यप, आदिवासी विकास की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती शुभ्रा मिश्रा सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, छात्रावास अधीक्षक एवं अधीक्षिकाएं उपस्थित थीं।


बांसाझाल तेन्दूवा जलाशय स्पील चैनल एवं पहुंच मार्ग निर्माण के लिए भू-अर्जन हेतु समाघात दल ने की अनुशंसा

बिलासपुर-जिले के कोटा तहसील के ग्राम बांसाझाल में बांसाझाल तेन्दूवा जलाशय स्पील चैनल एवं पहुंच मार्ग निर्माण के लिए भूमि का अर्जन किया जाना है। सामाजिक समाघात दल ने ग्राम बांसाझाल में भू-अर्जन से पड़ने वाले प्रभाव का आंकलन किया।मूल्यांकन में पाया गया कि बांसाझाल गांव में भू-अर्जन से 3.38 एकड़ भूमि प्रभावित हो रही है जिसका समाघात दल ने किसानों से भी सहमति लिया और पाया कि अर्जित भूमि से कोई मकान आदि प्रभावित नहीं हो रहा है और न ही किसी भी परिवार के विस्थापन की संभावना है। सामाजिक समाघात दल द्वारा यह पाया गया है कि अधोसंरचना पर कोई बाधा नहीं है तथा अधोसंरचना का कार्य प्रभावित नहीं हुआ है। समाघात दल इस बात से संतुष्ट है कि जल संसाधन विभाग को जितनी भूमि की आवश्यकता है उतनी ही भूमि का अधिग्रहण किया जा रहा है। समाघात दल ने ग्राम बांसाझाल में रकबा 3.38 एकड़ भूमि का अर्जन लोकहित में किए जाने की अनुशंसा की है। ग्राम बांसाझाल में प्रस्तावित बांसाझाल तेन्दूवा जलाशय के पूर्ण होने से लगभग 155 हेक्टेयर कृषि भूमि खरीफ सिंचाई हेतु तीन ग्रामों के किसानों को सिंचाई सुविधा का लाभ मिलेगा। 


राज्य स्तरीय रोल प्ले प्रतियोगिता में पीएम श्री सेजेस कन्या शाला सरकंडा की छात्राओं ने मारी बाजी, राष्ट्रीय स्तर के लिए हुआ चयन

बिलासपुर-एनसीईआरटी, नई दिल्ली के जनसंख्या शिक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत एससीईआरटी, रायपुर द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय रोल प्ले प्रतियोगिता में पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला सरकंडा की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस शानदार उपलब्धि के साथ विद्यालय की छात्राओं ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुनिश्चित कर लिया है।
  प्रतियोगिता में विद्यालय की प्रतिभाशाली छात्राएं पावनी महंत, कृतिका सोनी, दीपांजलि जायसवाल, काजल साहू एवं अनुष्का यादव ने प्रभावशाली अभिनय, सशक्त संवाद प्रस्तुति एवं उत्कृष्ट सामूहिक प्रदर्शन के माध्यम से निर्णायकों को प्रभावित किया और प्रथम स्थान हासिल कर विद्यालय सहित बिलासपुर जिले को गौरवान्वित किया। इस उपलब्धि के पीछे डॉ. प्रवीण मिश्रा का लेखन एवं निर्देशन तथा मार्गदर्शक शिक्षिका श्रीमती वंदना तांबे का विशेष योगदान रहा। उनके कुशल मार्गदर्शन, सतत अभ्यास एवं प्रभावी प्रशिक्षण ने छात्राओं की प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विद्यालय की प्राचार्य डॉ. गायत्री तिवारी के कुशल नेतृत्व एवं प्रेरणादायी मार्गदर्शन में छात्राओं ने विकासखंड, जिला, जोन एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में लगातार प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए अपनी सफलता का परचम लहराया।इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर शिक्षा विभाग के संयुक्त संचालक श्री अश्वनी भारद्वाज, जिला शिक्षा अधिकारी श्री संदीप पांडेय एवं सहायक जिला परियोजना अधिकारी श्री आनंद पांडेय ने छात्राओं, प्राचार्य एवं पूरी टीम को बधाई देते हुए राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने छात्राओं की इस सफलता को विद्यालय एवं जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। छात्राओं की इस शानदार सफलता पर विद्यालय परिवार, शिक्षकों एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। साथ ही राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, बिलासपुर जिले एवं छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने की उम्मीद जताई है। यह सफलता छात्राओं की प्रतिभा, शिक्षकों के समर्पण, शिक्षा विभाग के प्रोत्साहन और प्राचार्य के कुशल नेतृत्व का प्रेरणादायी उदाहरण है।

फरार आरोपी की सूचना देने पर मिलेगा ईनाम,,, SSP ने की घोषणा,,,
 
बिलासपुर-पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस चौकी बेलगहना जिला बिलासपुर में दर्ज अपराध के फरार आरोपी की सूचना देने वालों के लिए 5 हजार रूपये के ईनाम की घोषणा की गई है। पुलिस चौकी बेलगहना में दर्ज अपराध के आरोपी अभिषेक निषाद, पिता विनोद निषाद, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम परसदा आवासपारा, थाना सकरी, जिला बिलासपुर के संबंध में सूचना देने वाले व्यक्ति को 5 हजार रूपये का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा एवं पुरस्कार वितरण के संबंध में पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जिला बिलासपुर का निर्णय अंतिम होगा,इस संबंध में उमानि एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, बिलासपुर 07752-223330, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण बिलासपुर मो.नं. 9479193003, पुलिस अनुविभागीय अधि. कोटा मो.नं. 9479193009, पुलिस नियंत्रण कक्ष, बिलासपुर 07758-228504, चौकी प्रभारी बेलगहना मो.नं. 9479193045 पर संपर्क किया जा सकता है।   आईटीआई कोनी में प्लेसमेंट कैंप 30 नवम्बर को

बिलासपुर-आदर्श औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था कोनी के नये भवन में 30 नवम्बर 2026 को सवेरे 10 बजे से प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया जाएगा। कैंप में महिंद्रा यूनिक पावर सॉल्यूशन की ओर से मैकेनिक डीजल एवं कम्प्यूटर ऑपरेटर तथा फिल ग्रुप घुटकू की ओर से विभिन्न व्यवसायों में एवं सोलर एनर्जी के लिए विद्युतकार व्यवसाय से पद भरे जायेंगे। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं से उत्तीर्ण प्रशिक्षणार्थी अपने समस्त दस्तावेजों के साथ सम्मिलित हो सकते है। इस संबंध में अधिक जानकारी हेतु संस्था कार्यालय में संपर्क कर सकते है। 

दुग्ध उत्पादन से किसानों की समृद्धि को मिलेगी नई दिशा, कलेक्टर ने किया दुग्ध शीतलीकरण संयंत्र का उद्घाटन

पंडरा पथरा में स्थापित 2 हजार लीटर क्षमता के संयंत्र से 20 गांवों के किसानों को मिलेगा लाभ

राष्ट्रीय दुग्ध दिवस पर किसान संगोष्ठी, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए समन्वित कार्ययोजना बनाने पर कलेक्टर ने दिया जोर
बिलासपुर-दुग्ध उत्पादन को किसानों की नियमित आमदनी का मजबूत जरिया बनाने की दिशा में जिले में महत्वपूर्ण पहल की गई है। राष्ट्रीय दुग्ध दिवस के अवसर पर आज कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने बेलगहना क्षेत्र के ग्राम पंडरा पथरा में 2 हजार लीटर क्षमता के दुग्ध शीतलीकरण संयंत्र (बल्क मिल्क कूलर) का फीता काटकर उद्घाटन किया। राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) एवं छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी दुग्ध महासंघ द्वारा डेयरी समग्र विकास योजना के तहत यह संयंत्र स्थापित किया गया है। इस अवसर पर देश में श्वेत क्रांति के जनक डॉ. वर्गीज कुरियन के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
  इस अवसर पर आयोजित किसान संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने कहा कि किसानों की समृद्धि से ही देश की समृद्धि संभव है। किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए शासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। जिले के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्र में दुग्ध शीतलीकरण संयंत्र की स्थापना किसानों की आर्थिक उन्नति की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सही दिशा में मेहनत और बेहतर कार्ययोजना से इस क्षेत्र में दुग्ध उत्पादन की व्यापक संभावनाओं को साकार किया जा सकता है।
  कलेक्टर ने कहा कि दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए पशुओं के स्वास्थ्य, पोषण, गुणवत्तापूर्ण एवं किफायती चारे की उपलब्धता से लेकर दूध के सुरक्षित संग्रहण और समय पर प्रसंस्करण तक की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने किसानों, विभागीय अधिकारियों एवं दुग्ध महासंघ के प्रतिनिधियों को मिलकर समन्वित कार्ययोजना बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विभागीय योजनाओं के माध्यम से भी किसानों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। कलेक्टर ने दुग्ध महासंघ के अधिकारियों से किसानों को निरंतर तकनीकी मार्गदर्शन देने और दुग्ध व्यवसाय से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित करने की अपेक्षा की।
           कलेक्टर ने संविधान दिवस का उल्लेख करते हुए कहा कि हमारे संविधान ने प्रत्येक नागरिक को आगे बढ़ने के समान अवसर प्रदान किए हैं। साधारण ग्रामीण परिवेश से आने वाला व्यक्ति भी अपनी मेहनत और लगन से देश के सर्वाेच्च पद तक पहुंच सकता है। उन्होंने किसानों को उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाकर अपनी आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति मजबूत बनाने के लिए प्रेरित किया। पंडरा पथरा दुग्ध संग्रहण केंद्र से वर्तमान में 20 गांवों के लगभग 100 किसान जुड़े हुए हैं। केंद्र में सुबह एवं शाम 200-200 लीटर सहित प्रतिदिन लगभग 400 लीटर दूध का संग्रहण किया जा रहा है। आगामी चार से पांच महीनों में प्रतिदिन 2 हजार लीटर तक दूध संग्रहण होने की संभावना है। किसानों को प्रत्येक 10 दिन में दूध की राशि का भुगतान किया जा रहा है। शीतलीकरण संयंत्र की सुविधा मिलने से दूध की गुणवत्ता बनाए रखने, सुरक्षित संग्रहण एवं बेहतर विपणन में मदद मिलेगी। साथ ही क्षेत्र के अधिक से अधिक किसानों को दुग्ध व्यवसाय से जोड़ने का मार्ग प्रशस्त होगा,राज्य शासन के सहयोग से दुग्ध महासंघ द्वारा किसानों को पशु चारा उपलब्ध कराने के साथ ही दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए निरंतर तकनीकी मार्गदर्शन भी दिया जा रहा है। संगोष्ठी में विशेषज्ञों ने किसानों एवं पशुपालकों को गुणवत्तापूर्ण दुग्ध उत्पादन, पशु पोषण एवं बेहतर पशुपालन प्रबंधन के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर किसान श्री जुगल यादव एवं श्री मोहम्मद वाहिद अंसारी को लगभग 40 हजार रुपए मूल्य की चारा काटने की मशीन (चाफ कटर) अनुदान पर मात्र 6 हजार रुपए में उपलब्ध कराई गई। इससे किसानों को पशुओं के लिए चारा तैयार करने में सहूलियत होगी तथा समय और श्रम की बचत भी होगी। कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संदीप अग्रवाल, संयुक्त संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ. जीएसएस तंवर, एनडीडीबी के श्री के.सी. बेहरा,  ग्राम पंचायत की सरपंच, जनप्रतिनिधिगण सहित बड़ी संख्या में किसान एवं पशुपालक उपस्थित थे।  


कस्टम मिलिंग में लापरवाही पर सख्ती : दो राइस मिल सील, 20 मिलर्स को नोटिस

भौतिक सत्यापन में दोनों मिलों में 66 हजार क्विंटल से अधिक धान कम मिला, आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज

बिलासपुर- कस्टम मिलिंग के तहत उठाए गए धान के एवज में चावल जमा करने में लापरवाही और भौतिक सत्यापन में धान की कमी पाए जाने पर जिले की दो राइस मिलों को सील किया गया है। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीमों ने कोटा स्थित राजमुनि एग्रो राइस मिल और बिलासपुर के बहतराई स्थित पार्वती राइस मिल में जांच की। दोनों मिलों में कुल 66 हजार 66.4 क्विंटल धान कम पाए जाने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। चावल जमा करने में अपेक्षित प्रगति नहीं लाने वाले 20 अन्य राइस मिलर्स को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समितियों एवं संग्रहण केंद्रों से उठाए गए धान के विरुद्ध मिलर्स द्वारा नागरिक आपूर्ति निगम और भारतीय खाद्य निगम में चावल जमा किया जाना है। इस कार्य की समीक्षा के क्रम में खाद्य विभाग की टीम ने 26 नवंबर को कोटा विकासखंड में संचालित राजमुनि एग्रो राइस मिल का निरीक्षण किया। सहायक खाद्य अधिकारी  अजय कुमार मौर्य तथा खाद्य निरीक्षक आशीष दीवान, सुश्री ललिता शर्मा एवं वसुधा राजपूत ने मिल परिसर में उपलब्ध धान का भौतिक सत्यापन किया। जांच में 36 हजार 916.4 क्विंटल धान कम पाया गया।इसी प्रकार नगर निगम बिलासपुर क्षेत्र के बहतराई स्थित पार्वती राइस मिल की जांच खाद्य अधिकारी श्री राजीव लोचन तिवारी तथा खाद्य निरीक्षक श्री मंगेश कांत एवं सुश्री वर्षा सिंह ने की। भौतिक सत्यापन में इस मिल में 29 हजार 150 क्विंटल धान कम मिला। अनियमितता पाए जाने पर दोनों राइस मिलों को सील कर प्रकरण दर्ज किया गया है। खाद्य नियंत्रक श्री अमृत कुजूर ने बताया कि नागरिक आपूर्ति निगम में चावल जमा कराना सर्वोच्च प्राथमिकता का कार्य है। लक्ष्य के अनुरूप चावल जमा नहीं करने वाले 20 राइस मिलर्स को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। कस्टम मिलिंग और चावल जमा करने के कार्य में लापरवाही बरतने वाले मिलर्स के विरुद्ध आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।


साधना और अनुशासन से नशे पर विजय संभव : पद्मश्री पं. रामलाल बरेठ

सीएमडी महाविद्यालय में ‘विकसित भारत युवा संवाद’, नशा मुक्त समाज के निर्माण का आह्वान

बिलासपुर- संविधान दिवस के अवसर पर सीएमडी महाविद्यालय में आयोजित ‘विकसित भारत युवा संवाद’ में युवाओं को संवैधानिक मूल्यों से जुड़कर नशा मुक्त और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया गया। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में मेरा युवा भारत (MY Bharat), बिलासपुर द्वारा आयोजित कार्यक्रम की थीम ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ रही। इसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं युवाओं ने भाग लिया।मुख्य अतिथि पद्मश्री पंडित रामलाल बरेठ ने कहा कि कला एक साधना है। साधना, एकाग्रता और आत्म-अनुशासन से नशे जैसी सामाजिक बुराई पर विजय प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने नशा मुक्त भारत अभियान की सराहना करते हुए युवाओं से इससे जुड़ने और अपनी ऊर्जा को सकारात्मक कार्यों में लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और सशक्त युवा ही विकसित भारत के निर्माण में प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं। मेरा युवा भारत, बिलासपुर के उप निदेशक श्री नितिन कुमार शर्मा ने स्वागत उद्बोधन में बताया कि ‘विकसित भारत युवा संवाद’ देश के सभी 786 जिलों में आयोजित किया जा रहा है। संविधान दिवस संस्करण का उद्देश्य युवाओं को संवैधानिक मूल्यों से जोड़ना और विकसित भारत@2047 के लक्ष्य के लिए नशा मुक्त समाज के निर्माण में उनकी सहभागिता बढ़ाना है।महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजय सिंह ने विद्यार्थियों को अनुशासित जीवन अपनाने और राष्ट्र निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में यूथ आइकॉन सुश्री प्रशंसा पांडेय ने प्रस्तुति के माध्यम से नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी। महाविद्यालय के चेयरमैन श्री संजय दुबे ने युवाओं से सकारात्मक सामाजिक बदलाव में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।इस अवसर पर श्री कमलेश शुक्ला, श्री मोहनलाल सोनी, राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित श्री लोकेश ओगरे, राज्य एनएसएस पुरस्कार प्राप्त सुश्री जिया वारे एवं स्पोर्ट्स आइकॉन श्री नोमेश चंद्राकर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन रोहित लहरे ने किया।


उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव संभाग स्तरीय सरगुजा ओलंपिक का करेंगे शुभारंभ

27 नवम्बर को अम्बिकापुर, बिलासपुर और मुंगेली में विभिन्न कार्यक्रमों में होंगे शामिल

बिलासपुर- उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव 27 नवम्बर को अम्बिकापुर में संभाग स्तरीय सरगुजा ओलंपिक का शुभारंभ करेंगे। वे शुक्रवार को सरगुजा, बिलासपुर और मुंगेली जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे बिलासपुर में प्रादेशिक पत्रकार सम्मेलन और गौरव सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उप मुख्यमंत्री शाम को मुंगेली व्यापार मेला-2026 का भी शुभारंभ करेंगे।उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव निर्धारित दौरा कार्यक्रम के अनुसार 27 नवम्बर को सवेरे 10 बजे बिलासपुर से शासकीय विमान से अम्बिकापुर के लिए रवाना होंगे। वे सवेरे 11 बजे अम्बिकापुर के पीजी कॉलेज मैदान में संभाग स्तरीय सरगुजा ओलंपिक का शुभारंभ करेंगे। वे अंबिकापुर से दोपहर साढ़े 12 बजे शासकीय विमान से बिलासपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। श्री साव दोपहर 01:20 बजे बिलासपुर में लखीराम अग्रवाल ऑडिटोरियम में छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ द्वारा आयोजित प्रादेशिक पत्रकार सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वे दोपहर तीन बजे बिलासपुर के कोर्टयार्ड बाय मैरियट में न्यूज-18 मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित ‘गौरव सम्मान बिलासपुर’ में भी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।उप मुख्यमंत्री श्री साव शाम छह बजे बिलासपुर से सड़क मार्ग से मुंगेली के लिए रवाना होंगे। वे वहां शाम साढ़े सात बजे बीआर साव स्कूल मैदान स्थित वीर शहीद धनंजय सिंह स्टेडियम में मुंगेली व्यापार मेला-2026 के शुभारंभ समारोह में शामिल होंगे। वे रात नौ बजे मुंगेली से नवा रायपुर के लिए प्रस्थान कर रात साढ़े 11 बजे नवा रायपुर पहुंचेंगे।


बिलासपुर जिले के विभिन्न विद्यालयों में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया संविधान दिवस

भारतीय संविधान की प्रस्तावना का वाचन एवं चित्रकला प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने दिया जागरूकता का संदेश
बिलासपुर- संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को बिलासपुर जिले के विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के महत्व, संवैधानिक मूल्यों, मौलिक अधिकारों एवं नागरिक कर्तव्यों से अवगत कराया गया।जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चांटीडीह, सेजेस पीएम श्री कन्या सरकंडा, सेजेस कोनी, शासकीय उच्च. माध्यमिक विद्यालय सरवानी, शासकीय हाई स्कूल फरहदा, सेजेस कन्या चकरभाठा, बर्जेस मेमोरियल कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला, शा. प्रा. शाला भरारी, होली क्रॉस सीनियर सेकेंडरी स्कूल (विकास खण्ड बिल्हा),शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला दर्रीघाट (विकासखंड मस्तूरी), शासकीय हाई स्कूल तेंदुआ एवं शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोटा (विकासखंड कोटा) सहित विभिन्न विद्यालयों में संविधान दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया।इस अवसर पर विद्यालयों में भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया। स्काउट्स एवं गाइड्स तथा विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। विद्यार्थियों ने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुता के आदर्शों को समझते हुए संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।इसके साथ ही कई विद्यालयों में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए भारतीय संविधान, लोकतंत्र, राष्ट्रीय एकता एवं देशभक्ति से संबंधित आकर्षक चित्र बनाए।इन आयोजनों का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में संविधान के प्रति सम्मान, लोकतांत्रिक भावना, राष्ट्रीय एकता तथा जिम्मेदार नागरिकता के गुणों का विकास करना था।विद्यालयों में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि भारतीय संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, समानता और एकता का मजबूत आधार है।हमारा संविधान, हमारा गौरव।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

Bilaspur news-"अनोखी शादी 17 मिनट मे"ये बड़ा वैवाहिक कार्यक्रम हुआ सम्पन्न,,,

""""8 NEWS CG -""""पुराने विवाद को लेकर परिवार पर हमला, महिला-पुरुष समेत सात लोग घायल; पुलिस ने दर्ज किया अपराध,,,,,

"""8 news cg -"""संत रामपाल जी महाराज की प्रेरणा से देहदान का अनुकरणीय उदाहरण,,,,,