"""8NEWS CG -"""न्यायधानी बिलासपुर में अपराधों का बढ़ता ग्राफ: मंगला में पति-पत्नी पर चाकू से जानलेवा हमला, देवरीखुर्द मार्ग पर सेल्स मैनेजर से 60 हजार की लूट, पब के नाम,,,,

शेख असलम की रिपोर्ट,,,,
न्यायधानी बिलासपुर में अपराधों का बढ़ता ग्राफ: मंगला में पति-पत्नी पर चाकू से जानलेवा हमला, देवरीखुर्द मार्ग पर सेल्स मैनेजर से 60 हजार की लूट, पब फ्रेंचाइजी के नाम पर 3.42 करोड़ की ठगी; हिस्ट्रीशीटर का सड़क पर उत्पात, कोटा में जली हालत में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव,,,,

 मंगला में पति-पत्नी पर चाकू से जानलेवा हमला, दोनों गंभीर; आरोपी हिरासत में,,,बिलासपुर- सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मंगला स्थित धुरीपारा मोहल्ले में अंतरजातीय प्रेम विवाह से नाराज युवक द्वारा पति-पत्नी पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बीच-बचाव करने पहुंची युवक की मां को भी मामूली चोट आई है। पुलिस ने मामले में आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।मिली जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। धुरीपारा निवासी शमीर अली (23) और सनाया (21) ने करीब दो वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था। इस विवाह से सनाया का भाई नाराज बताया जा रहा है। रात लगभग 9 बजे के आसपास किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी कथित तौर पर घर पहुंचा और शमीर अली तथा उसकी पत्नी सनाया पर चाकू से हमला कर दिया।अचानक हुए हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान शमीर की मां ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, जिसमें उन्हें भी मामूली चोट आई। घटना के बाद घायलों को तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी रविशंकर तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। सड़क पर गिरने के बाद मदद के बहाने सेल्स मैनेजर से लूट, मोबाइल और नकदी समेत 60 हजार पार
बिलासपुर- सड़क हादसे के बाद मदद करने का झांसा देकर दो युवकों द्वारा एरिया सेल्स मैनेजर से लूटपाट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पहले सड़क पर गिरे युवक को उठाया और घर छोड़ने के बहाने उसकी एक्टिवा में सवार हो गए। इसके बाद सुनसान रास्ते में मारपीट कर मोबाइल और नकदी समेत करीब 60 हजार रुपये का सामान लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की रिपोर्ट पर तोरवा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, तोरवा थाना क्षेत्र के देवरीडीह स्थित राम टेंट हाउस के सामने रहने वाले सोमेश शर्मा (28), पिता शिवकुमार शर्मा, एरिया सेल्स मैनेजर हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 14 नवंबर की रात करीब 7:45 बजे वह लालखदान-महमंद स्थित अपने दोस्त के घर पोहा पहुंचाकर एक्टिवा से वापस देवरीडीह लौट रहे थे।इसी दौरान छाबड़ा पैलेस मेन रोड स्थित शराब दुकान के पास उनकी एक्टिवा असंतुलित हो गई और वह सड़क पर गिर पड़े। तभी वहां पहुंचे तुषार प्रधान उर्फ छोटू उर्फ पड़वा और उसका साथी उन्हें उठाने लगे। इसके बाद दोनों ने उन्हें देवरीखुर्द छोड़ने की बात कही और उनकी एक्टिवा में सवार हो गए।बताया गया कि दाल मिल के पास पहुंचने पर दोनों युवकों ने ठेले से सिगरेट लेने के बहाने गाड़ी रुकवाई। इसके बाद पीड़ित के साथ मारपीट कर उसकी जेब से सैमसंग मोबाइल और पर्स में रखे 4 हजार रुपये नकद लूट लिए। मोबाइल सहित लूटे गए सामान की कुल कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई है।इसी दौरान सड़क पर डायल 112 की गाड़ी आती दिखाई दी, जिसे देखकर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद भयभीत पीड़ित ने 18 नवंबर को तोरवा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।पुलिस ने अपराध क्रमांक 614/2026 दर्ज कर आरोपी तुषार प्रधान उर्फ छोटू उर्फ पड़वा और उसके साथी के खिलाफ धारा 3(5), 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश और मामले की विवेचना में जुटी है। हैदराबाद में रेस्टोरेंट-पब फ्रेंचाइजी का झांसा देकर 3.42 करोड़ की ठगी, महिला-पुरुष के खिलाफ अपराध दर्ज,,,
बिलासपुर-हैदराबाद में रेस्टोरेंट और पब की फ्रेंचाइजी दिलाने तथा कारोबार में 25 प्रतिशत हिस्सेदारी देने का झांसा देकर बिलासपुर के कारोबारियों से 3 करोड़ 42 लाख 50 हजार रुपये से अधिक की धोखाधड़ी किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला और पुरुष ने निवेश के नाम पर बड़ी रकम लेने के बाद न तो कारोबार में हिस्सेदारी दी और न ही रकम वापस की। पीड़ित की शिकायत पर तारबाहर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, लिंक रोड तारबाहर निवासी शिखर सराफ (38), पिता शिवकुमार सराफ ने शिकायत दर्ज कराई है कि आरोपी जयवीर सिंह सभरवाल और शेषम कौर ने खुद को प्राशी वेंचर्स एलएलपी से अधिकृत प्रतिनिधि बताकर हैदराबाद में डियाब्लो नाम से रेस्टोरेंट एवं पब का कारोबार शुरू करने का प्रस्ताव दिया था।शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने कारोबार में निवेश करने पर 25 प्रतिशत हिस्सेदारी और नियमित लाभांश देने का भरोसा दिलाया। दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद 10 जनवरी 2025 को निवेश संबंधी एग्रीमेंट किया गया। इसमें कुल 3 करोड़ 12 लाख 50 हजार रुपये के निवेश के बदले 25 प्रतिशत स्वामित्व और मुनाफे में हिस्सेदारी देने की बात कही गई थी।इससे पहले 20 दिसंबर 2024 को बैंक ऑफ इंडिया व्यापार विहार और बैंक ऑफ बड़ौदा लिंक रोड शाखा से 7.50-7.50 लाख रुपये, कुल 15 लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से ट्रांसफर किए गए थे। इसके बाद आरोपियों द्वारा अलग-अलग कारण बताकर लगातार अतिरिक्त रकम जमा कराने का दबाव बनाया गया। शिकायत में जुलाई 2025 तक शिखर सराफ की ओर से करीब 1 करोड़ 45 लाख रुपये निवेश किए जाने का उल्लेख है।इसी तरह दूसरे कारोबारी रितेश शाह की ओर से 24 जनवरी 2025 को करीब 1 करोड़ 35 लाख रुपये तथा उनके साले सक्षम श्रीवास्तव की ओर से 23 फरवरी 2025 को आईडीएफसी बैंक की बेंगलुरु शाखा से 62 लाख 62 हजार रुपये ट्रांसफर किए जाने की जानकारी दी गई है।इस तरह प्राशी वेंचर्स एलएलपी के हैदराबाद स्थित एक्सिस बैंक खाते में कुल 3 करोड़ 42 लाख 50 हजार रुपये से अधिक की राशि जमा कराई गई। आरोप है कि रकम लेने के बाद आरोपियों ने पीड़ितों को कंपनी में शामिल करने और हिस्सेदारी देने के मामले में लगातार टालमटोल शुरू कर दी।
बाद में पीड़ितों को जानकारी मिली कि संबंधित कारोबारी प्रतिष्ठान में किराया भुगतान, जरूरी लाइसेंस, वेंडरों के साथ विवाद और वित्तीय हिसाब-किताब में गड़बड़ियां सामने आई हैं। आरोपियों के अधिकार और निवेश संबंधी दस्तावेजों पर भी संदेह होने लगा। कई बार रकम वापस मांगने के बावजूद कोई समाधान नहीं निकला।अंततः 19 नवंबर को शिखर सराफ ने तारबाहर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 0422/2026 के तहत जयवीर सिंह सभरवाल और शेषम कौर के खिलाफ धारा 3(5), 318 एवं 351(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे वित्तीय लेनदेन और दस्तावेजों की जांच कर रही है। लोहे की रॉड लेकर सड़क पर निकला हिस्ट्रीशीटर, राहगीरों को दौड़ाया और वाहनों में की तोड़फोड़; पुलिस हिरासत में,,,
बिलासपुर- न्यायधानी के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत कुडूदंड चांदनी चौक में हिस्ट्रीशीटर द्वारा लोहे की रॉड लेकर सड़क पर उत्पात मचाने और राहगीरों को दौड़ाने का मामला सामने आया है। आरोपी पर सड़क किनारे खड़े वाहनों में तोड़फोड़ करने का भी आरोप है। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एसएसपी रजनेश सिंह ने संज्ञान लेते हुए पुलिस अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, 13 नवंबर की रात भूपेंद्र दुबे उर्फ पंडा उर्फ गोलू कथित तौर पर नशे की हालत में अपने घर के सामने लोहे की रॉड लेकर सड़क पर उत्पात मचा रहा था। उसकी हरकतों से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। राहगीर किसी तरह वहां से निकलते रहे, जबकि मोहल्ले के लोग अपने घरों में दुबक गए।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी ने सड़क किनारे खड़ी कार और दोपहिया वाहनों में भी तोड़फोड़ की। कुछ स्थानीय लोगों ने छतों से घटना का वीडियो बना लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी की हरकतों से परेशान होकर उसके पिता ने डायल 112 को सूचना दी थी।मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम के सामने भी आरोपी द्वारा कथित तौर पर अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज की गई। वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी आरोपी को समझाते और उसका नाम-पता दर्ज करते दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि पुलिस टीम के लौटने के बाद भी उसका उत्पात जारी रहा।घटना के तीन अलग-अलग वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद एसएसपी रजनेश सिंह तक पहुंचे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और सिविल लाइन पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद गुरुवार रात पुलिस आरोपी को थाने लेकर पहुंची और पूछताछ शुरू की।जानकारी के मुताबिक, भूपेंद्र दुबे सिविल लाइन थाने का हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है। उसके खिलाफ एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। करीब दस वर्ष पहले उसके खिलाफ जिलाबदर की कार्रवाई का प्रस्ताव भी भेजा गया था।इस घटना के बाद इलाके में हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी और डायल 112 की त्वरित कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। कोटा में सनसनीखेज मामला: मोटरसाइकिल से बांधकर जलाया गया अज्ञात व्यक्ति का शव मिला, हत्या की आशंका,,
बिलासपुर /कोटा- न्याय धनी बिलासपुर जिले के कोटा क्षेत्र में शिवतराई मार्ग पर सरहैया रिजॉर्ट से पहले मुख्य सड़क से करीब 50 से 60 मीटर अंदर एक अज्ञात व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शव के साथ एक मोटरसाइकिल भी मिली है और व्यक्ति को जीआई तार के सहारे मोटरसाइकिल से बांधकर जलाए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना की परिस्थितियों को देखते हुए हत्या की आशंका से पुलिस जांच में जुट गई है।मिली जानकारी के अनुसार, वन विभाग की ओर से घटना की सूचना कोटा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए साक्ष्य जुटाने के लिए डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया।बताया जा रहा है कि घटनास्थल मुख्य सड़क से कुछ दूरी पर अंदर की ओर स्थित है। शव और मोटरसाइकिल की स्थिति को देखते हुए मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। हालांकि, घटना हत्या है या किसी अन्य परिस्थिति में व्यक्ति की मौत हुई है, इसका खुलासा विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा।शाम हो जाने के कारण मौके पर विस्तृत जांच और साक्ष्य संकलन नहीं हो सका। पुलिस द्वारा अगले दिन सुबह से घटनास्थल की बारीकी से जांच किए जाने की बात कही गई है।फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस शव की पहचान, मोटरसाइकिल के संबंध में जानकारी और घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी हुई है। मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही होगा।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

Bilaspur news-"अनोखी शादी 17 मिनट मे"ये बड़ा वैवाहिक कार्यक्रम हुआ सम्पन्न,,,

""""8 NEWS CG -""""पुराने विवाद को लेकर परिवार पर हमला, महिला-पुरुष समेत सात लोग घायल; पुलिस ने दर्ज किया अपराध,,,,,

"""8 news cg -"""संत रामपाल जी महाराज की प्रेरणा से देहदान का अनुकरणीय उदाहरण,,,,,