Bilaspur /raipur/mandir hasod -"सनसनीखेज हत्याकांड: बहन से बातचीत के शक में युवक की चाकू मारकर हत्या, गांव में भड़का आक्रोश, आरोपियों के घरों में तोड़फोड़,,,,,
सनसनीखेज हत्याकांड: बहन से बातचीत के शक में युवक की चाकू मारकर हत्या, गांव में भड़का आक्रोश, आरोपियों के घरों में तोड़फोड़
बिलासपुर/ रायपुर /मंदिर हसौद-पुरानी रंजिश और बहन से बातचीत को लेकर उपजे विवाद ने एक युवक की जान ले ली। मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के पलौद गांव में हुए इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपियों के घर और उनकी पुरानी स्कूटी को भी नुकसान पहुंचाया, जिसके संबंध में पुलिस अलग से अपराध दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पलौद निवासी सरस्वती भारती ने थाना मंदिर हसौद में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनका पुत्र तोषक भारती 29 मई 2026 की रात करीब 9 बजे पलौद चौक स्थित पानी टंकी के पास पहुंचा था। इसी दौरान गांव के करण ध्रुव और एक विधि से संघर्षरत बालक ने पुरानी रंजिश को लेकर उसके साथ विवाद शुरू कर दिया।
बताया जा रहा है कि मृतक की बहन और विधि से संघर्षरत बालक के बीच बातचीत होती थी, जिस पर तोषक भारती को संदेह था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से तनाव और विवाद चल रहा था। घटना की रात विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने तोषक भारती के साथ मारपीट की और उस पर चाकू से हमला कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल तोषक भारती को तत्काल उपचार के लिए शासकीय अस्पताल आरंग पहुंचाया गया। हालांकि अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले में पुलिस ने मृतक की मां सरस्वती भारती की शिकायत पर मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है। जांच के दौरान हत्या की पुष्टि होने पर थाना मंदिर हसौद में अपराध क्रमांक 248/26 के तहत धारा 103(1) एवं 3(5) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी करण ध्रुव और विधि से संघर्षरत बालक को संदेही मानते हुए उनके खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इधर युवक की मौत की खबर फैलते ही गांव में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया। गुस्साए कुछ अज्ञात ग्रामीणों ने आरोपियों के घरों में तोड़फोड़ कर दी तथा उनकी पुरानी स्कूटी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ भी पृथक अपराध दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें