""""8 news cg -"""40 वर्षों की निष्कलंक सेवा के बाद सेवानिवृत्त हुए""यातायात शाखा के ध्रुव पांडेय""भावुक माहौल में पुलिस विभाग ने दी""सम्मानजनक विदाई,,,,
शेख असलम की रिपोर्ट,,,,
40 वर्षों की निष्कलंक सेवा के बाद सेवानिवृत्त हुए यातायात शाखा के ध्रुव पांडेय, भावुक माहौल में पुलिस विभाग ने दी सम्मानजनक विदाई,,,,
बिलासपुर-बिलासगढ़ी स्थित रक्षित केंद्र में शनिवार को पुलिस विभाग ने यातायात शाखा के प्र.आर. ध्रुव कुमार पांडेय के सम्मान में गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया। करीब 40 वर्षों की उत्कृष्ट, समर्पित और निष्कलंक सेवा पूर्ण करने पर विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें भावभीनी विदाई देते हुए शाल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। समारोह के दौरान पूरा वातावरण भावुक और आत्मीय बना रहा।
अपने लंबे सेवाकाल में ध्रुव पांडेय ने यातायात व्यवस्था के सुचारू संचालन, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनकी कार्यकुशलता, अनुशासन, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की विभाग के अधिकारियों ने मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि उनका कार्य युवा पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
समारोह के मुख्य अतिथि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि ध्रुव पांडेय ने पूरे सेवाकाल के दौरान अनुशासन, निष्ठा और ईमानदारी का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि उनकी कार्यशैली और व्यवहार पुलिस विभाग में लंबे समय तक याद किए जाएंगे।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे ने भी अपने उद्बोधन में ध्रुव पांडेय के सरल, सौम्य और सहयोगी व्यक्तित्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि उनका चार दशक का सेवाकाल विभाग के लिए गौरव का विषय रहा है और सभी ने उनके स्वस्थ, सुखमय एवं सफल सेवानिवृत्त जीवन की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में श्रीमती अनामिका पांडेय एवं उनके दोनों पुत्र भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने परिवार की मौजूदगी में ध्रुव कुमार पांडेय को शाल और स्मृति-चिह्न भेंट कर उनके 40 वर्षों के अनुकरणीय सेवाकाल का सम्मान किया। इस दौरान कई अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके साथ बिताए गए कार्यकाल की यादें साझा करते हुए कहा कि उनका योगदान विभाग के लिए सदैव अविस्मरणीय रहेगा।
विदाई समारोह में डीएसपी लाइन मंजूलता केरकेट्टा, सीएसपी कोतवाली टिकेश्वर प्रसाद यादव, डीएसपी सुदीप सरकार, रक्षित निरीक्षक भूपेंद्र कुमार गुप्ता, मुख्य लिपिक रफीक खान सहित पुलिस विभाग के बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। समारोह आत्मीयता, सम्मान और भावनात्मक क्षणों के बीच संपन्न हुआ।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें