""""8 NEWS CG -""""दुर्ग पुलिस का अपराधियों पर ताबड़तोड़ शिकंजा: अवैध पिस्टल-कारतूस, धारदार हथियार, शराब व चोरी का कॉपर केबल बरामद; सट्टा नेटवर्क पर भी कार्रवाई, साइबर सुरक्षा को लेकर 1000 जवानों को किया जागरूक,,,,,
दुर्ग पुलिस का अपराधियों पर ताबड़तोड़ शिकंजा: अवैध पिस्टल-कारतूस, धारदार हथियार, शराब व चोरी का कॉपर केबल बरामद; सट्टा नेटवर्क पर भी कार्रवाई, साइबर सुरक्षा को लेकर 1000 जवानों को किया जागरूक,,,,
दुर्ग-भिलाईनगर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 32 बंगला चौक के पास रेलवे लाइन वाले कच्चे रास्ते में घेराबंदी कर तीन संदिग्धों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी सूरज ताण्डी, दीपक दास उर्फ सिब्बु और महेश ताण्डी को पकड़ा।
तलाशी के दौरान सूरज ताण्डी के कब्जे से एक पिस्टल तथा दीपक दास और महेश ताण्डी के कब्जे से एक-एक पिस्टल कारतूस बरामद हुआ। हथियारों के संबंध में वैध लाइसेंस अथवा दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने आयुध अधिनियम की धारा 25 एवं 27 के तहत कार्रवाई की। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब हथियारों के स्रोत और आरोपियों के संभावित आपराधिक संपर्कों की जांच कर रही है।
जप्ती: एक पिस्टल और दो पिस्टल कारतूस, कुल अनुमानित कीमत करीब ₹2.01 लाख।
दुर्ग-होटल 36 इन, इंदिरा मार्केट में पुराने पैसों की वसूली को लेकर हुए विवाद में मारपीट के बाद उपचार के दौरान हुई मौत के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या छह हो गई है।पुलिस के अनुसार 24 जनवरी 2026 को ऋषि निर्मलकर के साथ पैसों की वसूली को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। गंभीर चोटों के चलते उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। मामले में पहले पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था।विवेचना के दौरान आरोपियों के मेमोरेण्डम कथनों से मिले तथ्यों के आधार पर रवि शर्मा, उम्र 43 वर्ष, को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। अपराध में संलिप्तता सामने आने पर उसे भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया गया। मामले में साक्ष्य संकलन एवं आगे की विवेचना जारी है।
दुर्ग-कुम्हारी टोल प्लाजा पर वाहन चेकिंग के दौरान यातायात पुलिस ने नागरिक की सतर्कता और तकनीकी ट्रेसिंग की मदद से चोरी का मोबाइल बरामद किया।जानकारी के अनुसार एक नागरिक अपने चोरी हुए मोबाइल को गूगल आईडी के माध्यम से ट्रेस कर रहा था। मोबाइल की लोकेशन के आधार पर संबंधित वाहन CG 04 QL 3497 का पीछा करते हुए वह कुम्हारी टोल प्लाजा पहुंचा और यातायात पुलिस को सूचना दी।सहायक उप निरीक्षक निर्दोष एक्का एवं स्टाफ ने तत्काल वाहन को रोककर जांच की। वाहन में सवार तीन युवकों के पास से चोरी किया गया मोबाइल बरामद हुआ। मोबाइल और वाहन को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए थाना कुम्हारी के सुपुर्द कर दिया गया है।
भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट परिसर में प्रवेश कर करीब 100 किलो स्क्रैब कॉपर केबल चोरी कर कार में ले जाने का प्रयास करने वाले पांच आरोपियों को भिलाई भट्ठी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।पुलिस के मुताबिक 3 सितंबर को बीएसपी की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान हरीश बाग, दीपक ठाकुर, प्रेम बंजारे उर्फ गुड्डू, अंकुश ठाकुर उर्फ नौउवा और प्रीतम कुमार उर्फ पंचू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में चोरी की घटना में संलिप्तता सामने आई।
आरोपियों के कब्जे से 100 किलो स्क्रैब कॉपर केबल, कीमत ₹50 हजार, तथा घटना में प्रयुक्त चार मोबाइल फोन, कीमत ₹30 हजार, बरामद किए गए। कुल जप्त सामग्री की कीमत ₹80 हजार बताई गई है। पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया गया, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
दुर्ग-साइबर अपराधों से बचाव के लिए दुर्ग पुलिस द्वारा चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के तहत थाना उतई पुलिस ने सीआईएसएफ क्षेत्रीय प्रशिक्षण केन्द्र उतई में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।कार्यक्रम में करीब 1000 ट्रेनी जवानों एवं अधिकारी-कर्मचारियों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, फर्जी लिंक, OTP फ्रॉड, KYC अपडेट के नाम पर होने वाली ठगी, बैंकिंग एवं UPI फ्रॉड से बचने के उपाय बताए गए।पुलिस ने सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग, साइबर ब्लैकमेलिंग और अनजान एप्लीकेशन डाउनलोड करने के खतरों के प्रति भी सतर्क किया। साथ ही किसी साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करने और संबंधित बैंक को सूचना देने की जानकारी दी गई।
दुर्ग- उतई पुलिस ने YouTube चैनल के माध्यम से सट्टा-मटका के अंकों की भविष्यवाणी संबंधी वीडियो बनाकर प्रसारित करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है।पुलिस को सूचना मिली थी कि डुमरडीह बस स्टैण्ड क्षेत्र में एक व्यक्ति मोबाइल के जरिए सट्टा-मटका के अंकों का प्रचार कर रहा है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने रवि चेलक, उम्र 29 वर्ष, को पकड़ा।उसके कब्जे से Vivo कंपनी के दो Android मोबाइल फोन बरामद किए गए। मोबाइल की जांच में “ANSHU MATKA” नामक YouTube चैनल के माध्यम से सट्टा-मटका के अंकों से संबंधित वीडियो अपलोड एवं प्रसारित किए जाने की जानकारी सामने आई। आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।
दुर्ग-प्रतिबंधित दिवस पर अवैध शराब बिक्री के खिलाफ मोहन नगर और भिलाई नगर पुलिस ने संयुक्त रूप से अलग-अलग कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में कुल 104 पौवा देशी शराब और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
मोहन नगर पुलिस ने धमधा रोड सब्जी मंडी के पास शराब बिक्री की तैयारी कर रहे सुभाष ठाकुर उर्फ छोटू और अजय विश्वकर्मा को पकड़ा। दोनों के कब्जे से कुल 73 पौवा रोमियो देशी शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब ₹10,580 बताई गई है।
वहीं भिलाई नगर पुलिस ने रुआबांधा तालाब के पास अवैध रूप से शराब बेचते महेश कुमार साहू उर्फ वासु साहू को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 31 पौवा देशी शराब, कुल 5.580 लीटर, कीमत करीब ₹2,600 तथा एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। तीनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया।
दुर्ग- मोहन नगर पुलिस ने धमधा रोड सब्जी मंडी के पास धारदार हथियार लेकर लोगों को डराने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है।मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर आशिष यादव उर्फ आशु, उम्र 26 वर्ष, को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से लोहे का धारदार हथियार बरामद हुआ।पुलिस ने हथियार को जब्त कर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 624/2026 के तहत धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट में कार्रवाई की। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया गया है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें