""""8 NEWS CG -"""""बिलासपुर में विकास और जनसुविधाओं को रफ्तार: रोजगार मेले से 1650 अवसर, चार वार्डों में उचित मूल्य दुकानों के आवेदन, गैस उपभोक्ताओं को राहत; सेवा सेतु में 200 हितग्राहियों को उपकरण, गांवों तक पहुंची स्वास्थ्य सेवा और शिक्षा-शोध को मिले नए आयाम,, माधव ट्रेडर्स मे छापा,,,,,
""""8 NEWS CG -"""""बिलासपुर में विकास और जनसुविधाओं को रफ्तार: रोजगार मेले से 1650 अवसर, चार वार्डों में उचित मूल्य दुकानों के आवेदन, गैस उपभोक्ताओं को राहत; सेवा सेतु में 200 हितग्राहियों को उपकरण, गांवों तक पहुंची स्वास्थ्य सेवा और शिक्षा-शोध को मिले नए आयाम,, माधव ट्रेडर्स मे छापा,,,,,
उचित मूल्य दुकान संचालन के लिए 30 सितंबर तक आवेदन,,,,
चार वार्डों में उचित मूल्य दुकान संचालन के लिए 30 सितंबर तक आवेदन आमंत्रित,,,,
बिलासपुर-छत्तीसगढ़ सार्वजनिक वितरण प्रणाली नियंत्रण आदेश 2016 के तहत नगर पालिका निगम बिलासपुर क्षेत्र के चार वार्डों में शासकीय उचित मूल्य दुकान के संचालन के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इसके लिए संबंधित वार्ड में पंजीकृत महिला स्व-सहायता समूह एवं प्राथमिक सहकारी उपभोक्ता भंडार आवेदन कर सकेंगे।
कार्यालय कलेक्टर, खाद्य शाखा द्वारा जारी उद्घोषणा के अनुसार वार्ड क्रमांक 17 नेहरू नगर, वार्ड क्रमांक 27 विनोबा नगर, वार्ड क्रमांक 39 शहीद भगत सिंह नगर तथा वार्ड क्रमांक 64 महामाया नगर में उचित मूल्य दुकान संचालन के लिए निर्धारित प्रारूप में आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।इच्छुक पात्र संस्थाएं अपना आवेदन 30 सितंबर 2026 तक सीलबंद लिफाफे में कार्यालय कलेक्टर, खाद्य शाखा, बिलासपुर में जमा कर सकती हैं।शासकीय उचित मूल्य दुकान संचालन के लिए महिला स्व-सहायता समूह अथवा प्राथमिक सहकारी उपभोक्ता भंडार का उद्घोषणा जारी होने की तिथि से कम से कम तीन माह पूर्व पंजीकृत होना अनिवार्य है। निजी व्यक्तियों द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
इसके अलावा आवेदन उसी वार्ड के लिए मान्य होगा, जिसके लिए संबंधित संस्था के पंजीयन प्रमाण-पत्र में कार्यक्षेत्र का उल्लेख है। अन्य वार्ड के लिए प्रस्तुत आवेदन पात्र नहीं माना जाएगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित दस्तावेजों के अभाव अथवा अपूर्ण दस्तावेजों के साथ प्राप्त आवेदनों को भी स्वीकार नहीं किया जाएगा।
बालाजी गैस उपभोक्ताओं को राहत,,,,
बालाजी गैस के उपभोक्ताओं को राहत, 3500 से अधिक रिफिल बुकिंग दूसरी एजेंसियों में ट्रांसफर,,,
बिलासपुर- त्योहारी सीजन के बीच बालाजी गैस कंपनी के उपभोक्ताओं को समय पर घरेलू गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने के लिए इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (IOCL) ने वैकल्पिक व्यवस्था की है। कंपनी के 3500 से अधिक रिफिल बुकिंग को शहर की अन्य गैस एजेंसियों में ट्रांसफर कर होम डिलीवरी की व्यवस्था की जा रही है।
जानकारी के अनुसार साई प्रसाद इंडेन एवं वर्तिका इंडेन द्वारा प्राथमिकता के आधार पर बालाजी गैस कंपनी के उपभोक्ताओं को रिफिल सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य उपभोक्ताओं को बुकिंग के बाद निर्धारित समय सीमा में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराना है।
आईओसीएल की ओर से कहा गया है कि त्योहारी मौसम को देखते हुए शहर के सभी इंडेन वितरकों को नियमित रूप से रिफिल की आपूर्ति की जा रही है। वर्तमान में बिलासपुर शहर में घरेलू इंडेन गैस सिलेंडरों के स्टॉक में कमी नहीं है और उपभोक्ताओं की मांग के अनुरूप पर्याप्त संख्या में सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है।खाद्य नियंत्रक अमृत कुजुर ने बताया कि बालाजी गैस एजेंसी से जुड़े उपभोक्ता पहले की तरह ही गैस की बुकिंग करते रहें। बुकिंग के बाद उन्हें साई प्रसाद इंडेन अथवा वर्तिका इंडेन के माध्यम से निर्धारित समय सीमा में होम डिलीवरी उपलब्ध कराई जाएगी।उन्होंने बताया कि खाद्य विभाग और आईओसीएल की टीम पूरी व्यवस्था की लगातार मॉनिटरिंग कर रही है, ताकि उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर प्राप्त करने में किसी तरह की परेशानी न हो।सेवा सेतु में 200 दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को मिले सहायक उपकरण,,,
बिलासपुर- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत समाज कल्याण विभाग एवं मुख्यमंत्री दिव्याशा केन्द्र के सौजन्य से शासकीय प्राथमिक शाला लोधीपारा, सरकंडा में सेवा सेतु कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में चिन्हांकित 200 दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को उनकी आवश्यकता के अनुसार विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए।
कार्यक्रम में बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। महापौर पूजा विधानी, पार्षद सरिता परिहार, कलेक्टर संजय अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, दीपक सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे,,हितग्राहियों को व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र, बैसाखी, स्मार्ट फोन, स्मार्ट केन, कमर पट्टा सहित अन्य सहायक उपकरण प्रदान किए गए। इसके अलावा शिविर के दौरान नए दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों का चिन्हांकन भी किया गया, ताकि उनकी आवश्यकता के अनुसार उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।मुख्य अतिथि विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए शासन द्वारा विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सहायक उपकरण मिलने से हितग्राहियों को दैनिक जीवन में गतिशीलता और आत्मनिर्भरता बढ़ाने में सहायता मिलेगी।कार्यक्रम के दौरान उपकरण प्राप्त करने वाले हितग्राहियों ने शासन की पहल के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सौम्या रंजन (पीएमडीके) ने किया। अंत में संयुक्त संचालक समाज कल्याण तिलकेश भावे ने आभार व्यक्त किया।
महिला आयोग की सुनवाई 21 सितंबर को, जिले से प्राप्त प्रकरणों की होगी सुनवाई,,,
बिलासपुर-छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू 21 सितंबर 2026 को बिलासपुर जिले से प्राप्त प्रकरणों की सुनवाई करेंगी। सुनवाई सुबह 11 बजे से जल संसाधन विभाग के प्रार्थना सभाकक्ष में आयोजित होगी।
इस दौरान जिले से प्राप्त आवेदन एवं शिकायतों पर सुनवाई कर उनके निराकरण की प्रक्रिया की जाएगी। महिला आयोग अधिनियम की धारा 10(3) के तहत प्रदत्त शक्तियों के अनुपालन में आयोग द्वारा संबंधित प्रकरणों की सुनवाई की जाएगी।संबंधित पक्षों को प्रकरणों के अनुसार सुनवाई में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने का अवसर मिलेगा।
मोबाइल मेडिकल यूनिट से लखन सिंह को उपचार से मिली राहत
गांव तक पहुंची स्वास्थ्य सेवा तो बदली तस्वीर, एमएमयू से लखन सिंह को नियमित उपचार से मिली राहत,,,,
बिलासपुर- जिले के दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए मोबाइल मेडिकल यूनिट (एमएमयू) के माध्यम से गांवों तक स्वास्थ्य जांच, उपचार, दवाइयां और चिकित्सकीय परामर्श पहुंचाया जा रहा है। नियमित जांच और फॉलोअप से ग्रामीणों को अपने गांव के करीब स्वास्थ्य सुविधा का लाभ मिल रहा है।उमरिया दादर निवासी 63 वर्षीय लखन सिंह लंबे समय से मधुमेह और कैंडिडियासिस नामक त्वचा रोग से पीड़ित थे। वे पिछले करीब पांच वर्षों से गनियारी अस्पताल में उपचार करा रहे थे। लगातार इलाज के बावजूद अपेक्षित राहत नहीं मिलने के कारण उनके लिए नियमित उपचार एक चुनौती बना हुआ था। मधुमेह के कारण उन्हें इंसुलिन इंजेक्शन भी लेना पड़ता था।गांव में मोबाइल मेडिकल यूनिट की सुविधा पहुंचने के बाद लखन सिंह ने एमएमयू में नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच और उपचार कराना शुरू किया। चिकित्सकों की सलाह के अनुसार उन्होंने लगातार दवाइयां लीं और फॉलोअप कराया। इसके बाद उनके स्वास्थ्य में धीरे-धीरे सुधार देखने को मिला।
नियमित उपचार के बाद कैंडिडियासिस ठीक हो गया। वहीं उनका मधुमेह भी नियंत्रित स्थिति में बताया गया है और वर्तमान में उन्हें इंसुलिन इंजेक्शन की आवश्यकता नहीं पड़ रही है। स्वास्थ्य अमले ने उन्हें नियमित दवा सेवन, संतुलित आहार, स्वच्छता तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच और फॉलोअप की सलाह दी है।एमएमयू के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को उनके गांव के करीब स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने से अस्पताल तक आने-जाने की कठिनाई कम हो रही है और नियमित उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध हो रही है।
ड्रोन से खेती में सेवाएं दे रहीं प्रतिमा वस्त्रकार
ड्रोन की कमान संभालकर आत्मनिर्भरता की राह पर प्रतिमा वस्त्रकार, किसानों को दे रहीं आधुनिक कृषि सेवाएं,,,,
बिलासपुर- महिलाओं को कौशल विकास, प्रशिक्षण और स्वरोजगार से जोड़ने वाली योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर विकसित हो रहे हैं। बिलासपुर जिले की प्रतिमा वस्त्रकार ने आधुनिक तकनीक को रोजगार का माध्यम बनाते हुए ड्रोन संचालन के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई है।प्रतिमा ने वर्ष 2022 में नमो दीदी ड्रोन योजना के तहत 15 दिवसीय प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने ड्रोन संचालन, खेतों में इसके सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग तथा फसलों में दवा के छिड़काव की तकनीक सीखी।परंपरागत तरीके से खेतों में दवा का छिड़काव करने में अधिक समय और श्रम लगता है। ड्रोन के माध्यम से बड़े क्षेत्र में अपेक्षाकृत कम समय में छिड़काव किया जा सकता है। इससे किसानों को छिड़काव कार्य में समय और श्रम की बचत होती है तथा आधुनिक तकनीक का उपयोग भी बढ़ रहा है।प्रतिमा बताती हैं कि ड्रोन संचालन का प्रशिक्षण उनके लिए रोजगार का नया अवसर लेकर आया। अब वे किसानों के खेतों तक पहुंचकर ड्रोन के माध्यम से दवा का छिड़काव कर रही हैं और इससे आय अर्जित कर रही हैं।उनके लिए ड्रोन संचालन आर्थिक आत्मनिर्भरता का माध्यम बनने के साथ किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक की सेवा उपलब्ध कराने का जरिया भी बना है। उन्होंने महिलाओं को प्रशिक्षण और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए संचालित योजनाओं के प्रति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।PSSOU के दो अहम MOU, अकादमिक सहयोग से लेकर जनजातीय शोध तक बढ़ेगा दायरा,,,,
बिलासपुर- पंडित सुंदरलाल शर्मा (मुक्त) विश्वविद्यालय छत्तीसगढ़, बिलासपुर ने अकादमिक एवं अनुसंधान सहयोग को मजबूत करने की दिशा में दो महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों (MOU) पर सहमति बनाई है। विश्वविद्यालय ने महर्षि प्रबंधन एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (MUMT), बिलासपुर तथा ट्राइबल रिसर्च एंड नॉलेज सेंटर (TRKC), नई दिल्ली के साथ सहयोग के लिए समझौते किए हैं।इन MOU के माध्यम से शिक्षा, अनुसंधान, प्रशिक्षण, संकाय विकास, विद्यार्थी सहभागिता, नवाचार, प्रकाशन और जनजातीय विषयों पर अध्ययन एवं शोध को संस्थागत स्तर पर आगे बढ़ाने का प्रावधान किया गया है।MUMT के साथ अकादमिक सहयोग
महर्षि प्रबंधन एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के साथ हुए समझौते के तहत दोनों संस्थान अकादमिक, अनुसंधान, प्रशिक्षण, नवाचार, विस्तार और संस्थागत विकास के क्षेत्रों में सहयोग करेंगे। संयुक्त संगोष्ठी, कार्यशाला, विशेषज्ञ व्याख्यान, अकादमिक आयोजन, अंतर्विषयी अध्ययन, पाठ्यचर्या संवर्धन तथा अकादमिक सामग्री के विकास जैसी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा।इसके अलावा MOOCs, मुक्त शैक्षिक संसाधन (OER), डिजिटल एवं स्व-अध्ययन सामग्री तथा तकनीक आधारित शिक्षण संसाधनों के विकास और सह-विकास की संभावनाएं भी रखी गई हैं।
सक्षम प्राधिकारियों की स्वीकृति के अधीन अल्पकालिक, प्रमाणपत्र एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा सकेंगे।
संयुक्त शोध और विद्यार्थियों के लिए अवसर,MOU के तहत संयुक्त अनुसंधान, सर्वेक्षण, क्षेत्र अध्ययन, प्रायोजित अनुसंधान, परामर्श, संयुक्त प्रकाशन और शोध प्रसार जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देने का प्रावधान है। इसके साथ ही संकाय विकास, प्रशिक्षण, पुनश्चर्या गतिविधियां, विशेषज्ञ व्याख्यान, अकादमिक यात्राओं तथा श्रेष्ठ प्रशासनिक प्रथाओं के आदान-प्रदान पर भी सहयोग किया जा सकेगा।
विद्यार्थियों के लिए इंटर्नशिप, परियोजना कार्य, क्षेत्रीय अनुभव, शैक्षिक भ्रमण, कौशल विकास, करियर मार्गदर्शन और उद्यमिता से जुड़े अवसर विकसित किए जा सकेंगे।
हालांकि प्रवेश, क्रेडिट ट्रांसफर, संयुक्त अथवा द्वैध उपाधि जैसे विनियमित विषय संबंधित UGC एवं सक्षम प्राधिकरणों के नियमों और दोनों संस्थानों की स्वीकृति के बाद ही लागू होंगे।TRKC के साथ जनजातीय विषयों पर सहयोग
ट्राइबल रिसर्च एंड नॉलेज सेंटर, नई दिल्ली के साथ हुए MOU में जनजातीय मुद्दों एवं अनुसूचित जनजातियों से जुड़े विषयों पर संयुक्त अध्ययन और अनुसंधान को विशेष महत्व दिया गया है।इसके अंतर्गत सम्मेलन, संगोष्ठी, कार्यक्रम, प्रकाशन, ज्ञान-साझाकरण और विशेषज्ञ सहयोग जैसी गतिविधियां संचालित की जा सकेंगी। TRKC की ओर से रणनीति निर्माण, योजना तैयार करने और कार्य-रोडमैप विकसित करने में बौद्धिक सहयोग उपलब्ध कराया जा सकेगा।विश्वविद्यालय अपने संस्थागत नियमों के अनुसार निर्धारित गतिविधियों के आयोजन एवं संबंधित व्यय की व्यवस्था करेगा।MOU पर इन प्रतिनिधियों ने किए हस्ताक्षर,पंडित सुंदरलाल शर्मा (मुक्त) विश्वविद्यालय की ओर से कुलसचिव चंद्रभूषण मिश्र ने MOU पर हस्ताक्षर किए। वहीं ट्राइबल रिसर्च एंड नॉलेज सेंटर की ओर से छत्तीसगढ़ के प्रान्त संयोजक राजीव शर्मा ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।MOU के तहत गतिविधियों के समन्वय एवं निगरानी के लिए दोनों पक्षों से एक-एक प्रतिनिधि वाली दो सदस्यीय संचालन समिति गठित करने का प्रावधान भी किया गया है।जनजातीय समाज और संस्कृति पर शोध को मिलेगा मंच,,विश्वविद्यालय के अनुसार इस सहयोग से जनजातीय समाज, संस्कृति, परंपरा और समसामयिक विषयों पर अध्ययन एवं शोध को संस्थागत स्तर पर आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा। वहीं MUMT के साथ अकादमिक सहयोग से शिक्षकों, विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं के लिए शिक्षा, प्रशिक्षण, नवाचार और अनुसंधान से जुड़ी गतिविधियों को आगे बढ़ाया जा सकेगा।इस दौरान विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. वी.के. सारस्वत, कुलसचिव चंद्रभूषण मिश्र, MUMT के कुलपति प्रो. डॉ. नरेश कुमार तिवारी, कुलसचिव डॉ. विजय गरुडिक, TRKC के छत्तीसगढ़ प्रान्त संयोजक राजीव शर्मा एवं सामाजिक कार्यकर्ता वैभव सुरंगे उपस्थित रहे!संभाग स्तरीय रोजगार मेला 30 सितंबर को, 17 निजी नियोजक 1650 पदों पर करेंगे भर्ती,,,,
बिलासपुर-निजी क्षेत्र में युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 30 सितंबर 2026 को संभाग स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेला शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI), कोनी, बिलासपुर में आयोजित होगा।रोजगार मेले में सर्विस, फाइनेंस, इंश्योरेंस, हेल्थकेयर, मैन्युफैक्चरिंग और सिक्योरिटी सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े 17 निजी नियोजक लगभग 1650 पदों पर भर्ती प्रक्रिया में शामिल होंगे।
मेले में 10वीं, 12वीं, स्नातक, स्नातकोत्तर, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, बीई, बीटेक आदि शैक्षणिक योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे।अभ्यर्थियों को अपने साथ दो पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड तथा सभी शैक्षणिक योग्यताओं की अंकसूची एवं प्रमाण-पत्रों की मूल प्रति और छायाप्रति लानी होगी।रोजगार मेले में शामिल होने के लिए E-Rojgar Portal अथवा Chhattisgarh Rojgar App पर मेला पंजीयन करना होगा। इसके साथ रोजगार पंजीयन प्रमाण-पत्र भी लाना अनिवार्य है।रोजगार मेले से संबंधित अधिक जानकारी E-Rojgar Portal/Chhattisgarh Rojgar App अथवा जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, कोनी, बिलासपुर से प्राप्त की जा सकती है।
2,447 स्कूलों में गूंजी बच्चों की कल्पना, ढाई लाख विद्यार्थियों ने चित्रों और भाषणों में रचा विकसित भारत का सपना,,,,,बिलासपुर-सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के 2,447 स्कूलों में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। आयोजन में करीब ढाई लाख बच्चों ने भाग लेकर बीते 25 वर्षों में भारत में हुए बदलाव और आगामी 25 वर्षों के अपने सपनों के भारत को चित्रों एवं भाषणों के माध्यम से अभिव्यक्त किया।
चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता के लिए अलग-अलग विषय निर्धारित किए गए थे। पहली श्रेणी में स्वच्छ भारत, डिजिटल इंडिया, सेना का शौर्य, नया कश्मीर और नक्सलवाद जैसे विषय शामिल किए गए। बच्चों ने इन विषयों पर चित्र बनाकर अपनी कल्पनाओं और विचारों को रंगों के माध्यम से प्रस्तुत किया।
वहीं भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने देश की उपलब्धियों, बदलाव और चुनौतियों से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखे।
दूसरी श्रेणी में सपनों का भारत, विकसित भारत 2047, नक्सल मुक्त भारत, महिला सशक्तिकरण और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के प्रभाव जैसे विषय रखे गए। विद्यार्थियों ने चित्रों के माध्यम से भविष्य के भारत की कल्पना प्रस्तुत की और भाषण के जरिए बताया कि वे आने वाले वर्षों में भारत को किस रूप में देखना चाहते हैं।
कार्यक्रम के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी संदीप पांडे सहित चारों विकासखंडों के विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता और विचारों की सराहना की।
प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों को देश की विकास यात्रा को समझने तथा भविष्य के भारत को लेकर अपनी कल्पना, विचार और अपेक्षाएं व्यक्त करने का अवसर मिला।
नकली ब्रांडेड चाय की सूचना पर खाद्य विभाग की जांच, माधव ट्रेडर्स से ब्रूक बॉन्ड ताजा के 23 पैकेट जब्त,,,,,,
बिलासपुर-चाटीडीह स्थित माधव ट्रेडर्स में ब्रांडेड चाय के संदिग्ध रूप से बेचे जाने की सूचना पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने जांच कार्रवाई की। जांच के दौरान हिंदुस्तान यूनिलीवर कंपनी के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।कार्रवाई के दौरान कंपनी प्रतिनिधि द्वारा संदिग्ध बताए गए ब्रूक बॉन्ड ताजा चाय 250 ग्राम के 23 पैकेट जब्त किए गए। खाद्य विभाग की टीम ने जब्त चाय के पैकेटों से नियमानुसार नमूना लेकर जांच के लिए भेजा है।
खरीदी बिल नहीं मिलने पर जांच आगे बढ़ी,,,,,
जांच के दौरान फर्म संचालक द्वारा संबंधित चाय की खरीदी का बिल मौके पर प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इसके बाद खाद्य विभाग ने फर्म संचालक को खरीदी से संबंधित बिल एवं अन्य दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
विभाग के अनुसार नमूने की जांच रिपोर्ट तथा खरीदी संबंधी दस्तावेज प्राप्त होने के बाद मामले में आगे की जांच की जाएगी। खाद्य सामग्री की वास्तविक गुणवत्ता और ब्रांड की प्रामाणिकता के संबंध में अंतिम स्थिति जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
फिलहाल विभाग की कार्रवाई को नकली सामान बेचे जाने की सूचना पर जांच एवं संदिग्ध उत्पादों की जब्ती के रूप में देखा जा रहा है। जांच रिपोर्ट सामने आने से पहले जब्त चाय को अंतिम रूप से नकली घोषित करना उचित नहीं होगा।
कार्रवाई के दौरान आर.आर. देवांगन, अभिहित अधिकारी, अविषा मरावी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी तथा प्रतीक तिवारी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी मौजूद रहे।अब विभाग की जांच रिपोर्ट और फर्म द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले खरीदी संबंधी दस्तावेजों के आधार पर मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें