""""8 NEWS CG -""""""""8 NEWS CG -""""विसर्जन के दौरान दो पक्षों में विवाद, मारपीट के बाद चाकूबाजी,,,,3 युवक घायल,,,,,बन्नाक चौक के पास देर रात मचा हंगामा,,,,
विसर्जन के दौरान दो पक्षों में विवाद, मारपीट के बाद चाकूबाजी का आरोप; 3 युवक घायल
बन्नाक चौक के पास देर रात मचा हंगामा, पेट-छाती समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें; घायलों को CIMS में कराया गया भर्ती
बिलासपुर- सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के बड़े बन्नाक चौक तालाब के पास गणेश विसर्जन के दौरान देर रात दो पक्षों के बीच विवाद के बाद मारपीट और कथित चाकूबाजी का मामला सामने आया है। घटना में तीन युवक घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए CIMS अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई।मिली जानकारी के अनुसार, एक पक्ष के कुछ लोग विसर्जन के मुख्य स्थान से करीब 200 मीटर आगे रुके हुए थे। इसी दौरान दूसरा पक्ष विसर्जन कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वहां से लौट रहा था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई।बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे कुछ लोगों के साथ भी मारपीट की गई। इसी बीच धारदार हथियार से हमला किए जाने का आरोप सामने आया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मौके पर करीब 25 से 30 लोग मौजूद थे। मारपीट और कथित चाकूबाजी की घटना में कुछ युवकों को पेट, छाती तथा शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं।
घायलों में राहुल सिंह ठाकुर, सिद्धांत ध्रुव और मनीष ध्रुव के नाम सामने आए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इनमें दो युवक डिपरीपारा और एक युवक गोविंद नगर क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। घटना के बाद घायलों को तत्काल उपचार के लिए CIMS अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मामले की जांच में जुट गई। पुलिस द्वारा विवाद की वास्तविक वजह, घटना में शामिल लोगों की संख्या और धारदार हथियार से हमला किस व्यक्ति द्वारा किया गया, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस की जांच और घायलों के बयान के बाद घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट होने की संभावना है।फिलहाल सिरगिट्टी पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें